सामान्य ज्ञान

सीनाई प्रायद्वीप
25-Nov-2021 1:09 PM
सीनाई प्रायद्वीप

सीनाई प्रायद्वीप या सीनाई या सीना प्रायद्वीप  मिस्र का एक त्रिकोणरुपी प्रायद्वीप है जो उत्तर में भूमध्य सागर और दक्षिण पश्चिम में लाल सागर की सुएज़ की खाड़ी और दक्षिण पूर्व में लाल सागर की अक़ाबा की खाड़ी के बीच में स्थित है। लगभग 60 हजार वर्ग किमी का यह इलाक़ा मिस्र का इकलौता क्षेत्र है जो एशिया के महाद्वीप पर पड़ता है (बाक़ी मिस्र उत्तर अफ्रीका में है)। भौगोलिक दृष्टि से यह एशिया और अफ्रीका के महाद्वीपों के बीच एक ज़मीनी पुल है। सीनाई और मिस्र की मुख्यभूमि के बीच सुएज़ नहर और सुएज़ की खाड़ी आती है। पूर्व में सीनाई की अकेली ज़मीनी सरहद इस्राइल से लगती है।

 सीनाई  का अधिकतर हिस्सा मिस्र के दो प्रांतों में बंटा हुआ है। इसके अलावा तीन अन्य प्रांत हैं जो थोड़े सीनाई में और थोड़े सुएज़ के पार मिस्र की मुख्यभूमि पर विस्तृत हैं। इतिहास में सीनाई पर अधिकार जमाने को लेकर  बहुत से देशों और साम्राज्यों के बीच लड़ाई हुई है। मिस्र के अपने राज्यों के अलावा यहां कभी उस्मानी साम्राज्य का और फिर ब्रिटेन का शासन रहा था। 1956 के सुएज़ संकट में और और फिर 1967 में छह दिनों के युद्ध के बाद इस्राइल ने इसपर क़ब्ज़ा किया। 1967 के बाद इस्राइल ने घोषणा कर दी कि सीनाई अब उसका हिस्सा है। इसे वापस लेने के लिए मिस्र ने 1973 में इस्राइल से फिर युद्ध किया लेकिन असफल रहा। 1979 में इस्राइल-मिस्र शांति संधि के बाद 1982 में इस्राइल ने ख़ुद ही इसे मिस्र को वापस कर दिया। वर्तमानकाल में सीनाई एक पर्यटन स्थल है। 


अन्य पोस्ट