सामान्य ज्ञान
एयर इंडिया उड़ान 101 मुंबई से लंदन के लिए निर्धारित एयर इंडिया की यात्री उड़ान थी जो 24 जनवरी 1966 को फ्रांस में मोंट ब्लॉक पहाड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना में एयर इंडिया के 11 सदस्यों के साथ-साथ सभी 106 यात्रियों की मृत्यु हो गई थी। इसी विमान दुर्घटना में भारतीय परमाणु वैज्ञानिक होमी जहांगीर भाभा भी मारे गए थे।
एयर इंडिया फ़्लाइट 101 बॉम्बे (अब मुम्बई) से लंदन के लिए निर्धारित यात्री उड़ान थी और दुर्घटना वाले दिन बोईंग 707 द्वारा संचालित की जा रही थी। इसका पंजीकरण वीटी-डीएमएन और नाम कंचनजंगा था। बॉम्बे से उड़ान भरने के पश्चात यह अपने दो निर्धारित ठहरावों, दिल्ली और बेरूत, में रुकने के बाद जिनेवा की तरफ़ जा रही थी। जहाज के पायलट को ऐसा लगा कि वह मोंट ब्लॉक को पार कर चुका है और इसी गलतफ़हमी में उसने जहाज की ऊंचाई कम करनी शुरू कर दी और इसी दौरान मोंट ब्लॉक पहाड़ी से विमान की टक्कर हो गई।
दुर्घटना की जांच के लिए गठित कमीशन ने पाया कि विमान के पायलट की गलती के कारण यह दुर्घटना हुई। उसने मोंट ब्लॉक से अपनी दूरी का गलत ऑकलन लगाया और राडार नियंत्रक को यह सूचना दी। नियंत्रक ने विमान की पहाड़ से सही दूरी माप कर के पायलट को सूचित किया। पायलट ने सूचित की गई जानकारी को ग़लत समझा और अनुमान लगाया कि वह मोंट ब्लॉक चोटी को पीछे छोड़ चुका है।