राष्ट्रीय

मप्र में डेढ़ करोड़ तिरंगा लगाने का लक्ष्य
31-Jul-2022 2:31 PM
मप्र में डेढ़ करोड़ तिरंगा लगाने का लक्ष्य

भोपाल, 31 जुलाई | मध्य प्रदेश में 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत डेढ़ करोड़ घरों पर तिरंगा लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। मुख्यमंत्री चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि प्रदेश में कुल 1.51 करोड़ तिरंगे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्थानीय स्तर पर एक करोड़ तिरंगे बनाने का कार्य जारी है। तिरंगा बनाने में सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाएं जुटी हैं। लगभग 51 लाख तिरंगे केंद्र सरकार से मिलेंगे। तिरंगे मिलने का क्रम प्रारंभ हो गया है। अब तक स्थानीय स्तर पर 63 लाख तिरंगे बन गए हैं और 20 लाख तिरंगे केंद्र से मिल गए हैं।

बताया गया है कि प्रदेश के समस्त जिलों में तिरंगा विक्रय के लिए अभी 36 हजार वितरण केन्द्र बनाए गए हैं जहां से आम नागरिक स्वयं तिरंगा क्रय कर सकते हैं।

इस अभियान के प्रचार प्रसार के प्रयास हो रहे हैं। इसके तहत केंद्र शासन की 'हरघरतिरंगाडॉटकॉम' वेबसाइट पर तिरंगे के साथ फोटो या सेल्फी अपलोड कर पोस्ट कर सकते हैं और वहां से सर्टिफिकेट ले सकते हैं। प्रदेश शासन की सभी वेबसाइट को ओपन करने पर तिरंगा अभियान की जानकारी बैनर के रूप में मिलेगी, इसकी शुरूआत जल्द हो जायेगी।

मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान की बैठक में कहा, आजादी के अमृत महोत्सव पर राष्ट्रभक्ति की भावना का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है इसलिए मध्यप्रदेश को तिरंगामय बनाना है। राज्य का संकल्प है कि प्रदेश के हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस अभियान के लिए जिलाधिकारियों से धर्मगुरु, राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता, रहवासी संघ के प्रमुख, व्यापारी, एनजीओ, सामाजिक क्षेत्रों के साथ बैठक कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रेरित करने के लिए कहे। हर व्यक्ति अपने राष्ट्र प्रेम के प्रदर्शन और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए घर घर तिरंगा फहराए।
(आईएएनएस)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news