सामान्य ज्ञान
अंगेला मैर्केल जर्मनी की चांसलर हैं और दुनिया की सबसे प्रभावशाली महिलाओं में उनकी गिनती होती है। अंगेला मैर्केल को 2013 के इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
59 वर्षीय मैर्केल को वित्तीय संकट के दौरान यूरोप और विश्व को बेमिसाल नेतृत्व प्रदान करने और जर्मनी को आर्थिक वृद्धि की दिशा में ले जाने के लिए जाना जाता है। वर्ष 2005 में पहली बार जर्मनी की चांसलर बनने के बाद मैर्केल ने दोबारा पीछे मुडक़र नहीं देखा। राजनीति में अंगेला मैर्केल देर से आईं और वह भी बिना किसी योजना के। जर्मन एकीकरण से पहले पूर्वी जर्मनी यानी जीडीआर के अंतिम प्रधानमंत्री लोथर दे मेजियेर के उप प्रवक्ता के रूप में उन्हें संवाद की क्षमता दिखाने का मौका मिला। चांसलर ने उन्हें पहले परिवार कल्याण मंत्री और फिर 1994 में पर्यावरण मंत्री बनाया। 13 साल से अंगेला मैर्केल सीडीयू पार्टी की अध्यक्ष हैं। आठ साल से वे देश की चांसलर हैं। देश ही नहीं विदेश के मामलों को भी मैर्केल अपने तरीके से निपटाना जानती हैं।