ताजा खबर

आश्रम में 11वीं की छात्रा ने की खुदकुशी की कोशिश
27-Jan-2023 4:31 PM
आश्रम में 11वीं की छात्रा ने की खुदकुशी की कोशिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 27 जनवरी।
कोंडागांव जिले के केशकाल ब्लॉक के कस्तूरबा आश्रम में पढऩे वाली एक 11वीं की छात्रा ने अज्ञात कारणों के चलते शुक्रवार को अपने रूम के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। छात्रा सफल होती, इससे पहले ही रूम में रहने वाली एक अन्य छात्रा ने देखकर अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद छात्रा को बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम बालिका का बयान लेने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गई हुई है।

आश्रम की अधीक्षिका किरण नेताम ने बताया कि करतूरबा आश्रम में कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक की करीब 200 छात्राएं रहती हैं। शुक्रवार की सुबह रूम की एक छात्रा के शोर शराबा के बाद अन्य छात्राए रूम में पहुंची, जहां देखा गया कि 11वीं की एक छात्रा अपने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रही थी।

 छात्राओं की मदद से छात्रा के गले का फंदा काटकर उसे नीचे उतरा गया। घटना सुबह 8 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है।

 घायल छात्रा को अन्य लोगों की मदद से केशकाल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है,, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि छात्रा कुछ दिनों से डिप्रेशन में चल रही थी। इस मामले की जानकारी परिजनों को दे दिया गया है, वहीं परिजन भी स्वास्थ्य केंद्र आ गए हैं।

 केशकाल थाना प्रभारी विनोद साहू का कहना था कि मामले की जानकारी लगते ही पुलिस आश्रम गई हुई थी, जहां पढऩे वाली छात्राओं से चर्चा की गई है, वहीं परिजनों से पूछताछ के बाद व छात्रा के होश में आने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी मिलने की बात कही जा रही है। 

छात्रा के होश में आने के बाद जो बयान सामने आएगी, उसके बाद ही मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।


अन्य पोस्ट