सामान्य ज्ञान

शहरी विकास मंत्रालय ने वर्ष 2005 में जवाहरलाल नेहरु राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) की शुरुआत की थी। इस मिशन को शहरी स्तर पर सुधार लाने और पहचान किए गए मिशन शहरों की अवसंरचना के विकास की त्वरित योजना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। इन शहरों का चयन जनसंख्या के आधार पर या राज्यों की राजधानियां होने या कुछ विशिष्ट अतिरिक्त कारण होने से किया गया था। कम से कम 10 लाख की जनसंख्या वाले 63 मिशन शहरों के समूह की पहचान की गई थी जिसमें 40 लाख से अधिक जनसंख्या वाले 7 महानगर और राज्यों की राजधानी या ऐतिहासिक, धार्मिक या पर्यटन महत्व वाले 8 शहर शामिल थे। बाद में 2 ओर शहरों को इसमें शामिल किया गया और मिशन शहरों की संख्या 65 हो गई। जेएनएनयूआरएम की अवधि 2005-06 से प्रारंभ होकर 7 वर्ष रखी गई है।
इस मिशन के अंर्तगत प्रत्येक शहर के लिए जल आपूर्ति, सीवर प्रणाली, सफाई, ठोस-अवशिष्ट, शहरी परिवहन, शहरी नवीकरण, विरासत संरक्षण और मलिन बस्तियों के सुधार की विशेष परियोजनाओं की योजना बनाने तथा विकास और उन्हें लागू करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।