सामान्य ज्ञान

जिम्बॉब्वे का नया संविधान
16-Mar-2023 12:34 PM
जिम्बॉब्वे का नया संविधान

जि़म्बाब्वे, आधिकारिक तौर पर जि़म्बाब्वे गणराज्य को पहले दक्षिण रोडेशिया, रोडेशिया, रोडेशिया गणराज्य और जि़म्बाब्वे रोडेशिया के नाम से जाना जाता था। यह अफ्रीकी महाद्वीप के दक्षिणी भाग में ज़ाम्बेज़ी और लिम्पोपो नदियों के बीच स्थित एक स्थल-रुद्ध (लैंडलॉक) देश है। इसकी सीमाएं दक्षिण में दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण पश्चिम में बोत्सवाना पश्चिमोत्तर में ज़ाम्बिया और पूर्व में मोजाम्बिक से मिलती हैं। अंग्रेजी, शोना (एक बांतु भाषा), और देबेल (यह भी एक बांतु भाषा) जि़म्बाब्वे की तीन आधिकारिक भाषाएं हैं।

 जि़म्बाब्वे की शुरुआत ब्रिटिश किरीट उपनिवेश के एक भाग रोडेशिया के रूप में हुई।  इस देश में इन  दिनों नए संविधान पर  जनमत संग्रह हो रहा है।  नए संविधान में नागरिकों के मौलिक अधिकारों में संशोधन का प्रस्ताव है, लेकिन 33 साल से शासन कर रहे रॉबर्ट मुगाबे को और चुनाव लडऩे से रोका नहीं जाएगा।

 देश की तीनों बड़ी पार्टियों प्रस्तावित संविधान का समर्थन कर रही हैं। राष्ट्रपति मुगाबे के गठवंधन सहयोगी प्रधानमंत्री मॉर्गन स्वांगिराई और उनकी एमजीसी पार्टी भी नए संविधान के साथ है।  2008 में चुनाव के बाद हुई हिंसा में दोनों ही पार्टियों के सहयोगी शामिल थे। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते मुगाबे और स्वांगिराई ने गठबंधन कर लिया। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के दबाव में ही अब नए संविधान का मसौदा तय किया गया है।

 जिम्बाब्वे को नया संविधान तैयार करने में तीन साल का समय लगा। नए संविधान के अनुसार संसद की 150 में से 60 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। नए संविधान में राष्ट्रपति के अधिकारों में कटौती की जाएगी। देश की खुफिया एजेंसियों और सेना पर भी राष्ट्रपति का प्रभाव कम हो जाएगा। राष्ट्रपति का कार्यकाल भविष्य में पांच साल के दो कार्यकालों तक सीमित रहेगा। 


अन्य पोस्ट