सामान्य ज्ञान

जर्मनी में 1,200 से अधिक प्रकार के बेकरी प्रोडक्ट बनते हैं। ब्रेड के मामले में जर्मनी अव्वल है। यहां लगभग 300 तरह की ब्रेड बनती हैं और कई तरह के केक भी। जर्मनी में हर साल 16 लाख टन ब्रेड और ब्रोएट्षन बेचा जाता है। जर्मन लोगों का सबसे प्यारा नाश्ता है बेकरी में बना गर्मागर्म ताजा बन या ब्रेड रोल। जर्मन में इसे ब्रोएट्षन कहते हैं।
जर्मन फोलकॉर्न यानी मल्टीग्रेन ब्रेड खाना पसंद करते हैं। कई तरह के अनाज के कारण इसे स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना जाता है। अक्सर लोग सुबह बेकरी जा कर ब्रेड खरीदते हैं और उसे चीज, सॉसेज, उबले अंडे या सलाद के साथ खाते हैं। बेकरी में इस तरह के बने सैंडविच भी तैयार मिलते हैं। गेहूं, जौ और बाजरे जैसे अनाज से बनी ब्रेड को और स्वादिष्ट बनाने के लिए उन पर तिल, सूरजमुखी के बीज, या अनाज के दाने भी डाले जाते हैं। जर्मन बेकरी में अकसर छोटा सा कैफे भी होता है, जहां लोग बैठ कर कॉफी के ब्रोएट्षन का मजा लेते हैं। फैक्टरी में बनी ब्रेड को यहां लोग इतना पसंद नहीं करते। जर्मनी में करीब 15 हजार बेकरी है, जो आम तौर पर पारिवारिक कारोबार होता है। इनमें करीब 3 लाख लोग काम करते हैं। बेकरियां सालाना 13 अरब यूरो का कारोबार करती हैं। परंपरागत जर्मन ब्रेड में नमक की मात्रा 1.8 से 2.2 प्रतिशत होती है, जबकि यूरोपीय संघ ने 1.3 प्रतिशत को स्वस्थ मात्रा घोषित कर रखा है, लेकिन इसी में तो जर्मन ब्रेड के जायके और लोकप्रियता का राज छुपा है।