विचार / लेख

सनातनी कौन है ?
14-May-2023 4:40 PM
सनातनी कौन है ?

 ध्रुव गुप्त

मेरे कई मित्रों ने देवी-देवताओं और पौराणिक प्रसंगों की मेरी मानवीय, समाजशास्त्रीय और वैज्ञानिक व्याख्याओं से नाराज होकर मुझे सनातन-द्रोही घोषित किया हुआ है। ये वो लोग हैं जिन्हें सनातन का अर्थ तक नहीं पता है। हमारी संस्कृति में सनातन अर्थात शाश्वत वेदों को कहा गया है। वेदों को मानने वाले लोग सनातनी कहे जाते हैं और वेदों का सूत्र वाक्य है -एको ब्रह्म द्वितीयो नास्ति नेह ना नास्ति किंचन’। अर्थात एक ही ईश्वर है और उसके सिवा कोई दूसरा नहीं है - नहीं है, नहीं है, किंचित  भी नहीं है। इस सत्य के सिवा वेदों में कोई पूजनीय नहीं है। वेदों में प्रकृति की विभिन्न शक्तियों की प्रशंसा भर गाई गई हैं। जैसे अग्नि, वायु, नदी, सूर्य, उषा, पृथ्वी, सोम, अदिति, पूषा, वनस्पति, चिकित्सक अश्विन कुमार, वर्षा और बिजली के प्रतीक के रूप में इंद्र, समुद्र के प्रतीक के रूप में वरुण आदि। वेदों के सार उपनिषदों में भी शक्तिपुंज के रूप में एक ही ईश्वर की मान्यता है जिसके हम सब बहुत छोटे-छोटे अंश हैं। उनके अनुसार आत्मसाक्षात्कार द्वारा यदि स्वयं के ऊर्जा की पहचान हो जाय तो ईश्वर की पहचान हो जाएगी क्योंकि जो पिंड में है, वही ब्रह्मांड में है। जिन देवी-देवताओं की हम आज पूजा करते हैं उनका कोई उल्लेख वेदों या उपनिषदों में नहीं हैं। ये देवी और देवता वेदों की नहीं, परवर्ती पुराणों की उपज हैं जो हमारे इतिहास के गुप्त काल से लेकर मध्यकाल तक लिखे गए। मैं यह नहीं कहता कि ये सभी देवी-देवता काल्पनिक हैं। इनमें कुछ ऐतिहासिक पात्र भी रहे होंगे जिनके उज्ज्वल चरित्र या कारनामों के कारण उन पर अतिरिक्त चमत्कार आरोपित कर उन्हें भगवान का दर्जा दिया गया होगा। उनके प्रति मेरे मन में सम्मान की भावना है, लेकिन वे मेरे लिए ईश्वर नहीं हैं।

मैं वेद और उपनिषद वाले ईश्वर को ही मानता हूं। विशुद्ध और निराकार ब्रह्मांडीय ऊर्जा। उसे जानने या उससे एकाकार होने के कई रास्ते हैं, लेकिन मेरा रास्ता यह है कि हमें इस सोच को अपने भीतर उतारना होगा कि हम सब एक ही  ईश्वर अथवा ब्रह्मांडीय ऊर्जा के अंश हैं और इसीलिए यह समूची सृष्टि हमारे परिवार का विस्तार है। सृष्टि से संपूर्ण तादात्म्य और उस एकत्व से उत्पन्न संवेदना, प्रेम और करुणा ही ईश्वर से एकाकार होने का रास्ता है। इस अर्थ में मैं सनातन-द्रोही नहीं, आजकल के ज्यादातर सनातनियों से कुछ ज्यादा ही सनातनी हूं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news