ताजा खबर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 10 जून। बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर आज हुई कार दुर्घटना में सहायक जिला आबकारी अधिकारी 32 वर्षीय विष्णु साहू की मौत हो गई और उनकी पत्नी बुरी तरह घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक बिलासपुर के सहायक जिला आबकारी अधिकारी विष्णु साहू अपनी पत्नी भूमिका साहू के साथ शनिवार की दोपहर रायपुर कार से निकले। गाड़ी विष्णु साहू चला रहे थे। भोजपुरी टोल प्लाजा से आगे तालागांव के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और खंभे से जा टकराई। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों उसके भीतर फंस गए। राहगीरों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और सरगांव ले जाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इस बीच हिर्री थाने से भी पुलिस पहुंच गई। डॉक्टरों ने विष्णु साहू को मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल भूमिका साहू को रायपुर रेफर किया गया।
जानकारी मिली है विष्णु साहू की पोस्टिंग कोटा स्थित वेलकम डिस्टलरी में 3 माह पहले ही हुई थी। उनकी बहन निधि साहू रायपुर में डिप्टी कलेक्टर हैं। विष्णु साहू का परिवार मूलत जैजैपुर के रहने वाला है।