ताजा खबर

पंजाब: आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के करीबी के आवास पर छापेमारी
27-Sep-2023 8:18 PM
पंजाब: आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के करीबी के आवास पर छापेमारी

चंडीगढ़, 27 सितंबर। पंजाब सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों ने आय से अधिक संपत्ति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पूर्व सलाहकार भरत इंदर सिंह चहल के पटियाला स्थित आवास पर बुधवार को छापा मारा। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि चहल को पकड़ने के लिए छापा मारा गया था, लेकिन वह वहां नहीं मिले।

सिंह के करीबी चहल के खिलाफ अगस्त में भ्रष्टाचार रोधी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

सतर्कता ब्यूरो ने कहा है कि मार्च 2017 से सितंबर 2021 तक चहल और उनके परिवार के सदस्यों की आय 7.85 करोड़ रुपये जबकि खर्च उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से लगभग 305 प्रतिशत अधिक 31.71 करोड़ रुपये था।

ब्यूरो के अनुसार चहल ने अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर संपत्ति अर्जित की थी जिसमें सरहिंद रोड पर स्थित दशमेश लक्जरी वेडिंग रिज़ॉर्ट (अलकजार) और पटियाला में मिनी सचिवालय रोड पर पांच मंजिला एक व्यावसायिक इमारत शामिल है।

चहल 2017 से सितंबर 2021 तक पूर्व मुख्यमंत्री सिंह के सलाहकार और 2002 से 2007 तक मीडिया सलाहकार रहे थे।

अमरिंदर सिंह ने 2021 में मुख्यमंत्री पद से हटाये जाने के बाद कांग्रेस छोड़ दी थी और पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) नाम से अपनी खुद की पार्टी बनाई थी।

चहल के बेटे ने 2022 में सनौर सीट से पीएलसी के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार मिली थी। चहल पिछले साल अमरिंदर के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news