ताजा खबर

महासमुंद के किसान ने फांसी लगाई
28-Nov-2023 3:25 PM
महासमुंद के किसान ने फांसी लगाई

फिंगेश्वर पुलिस पर चोरी के मामले को रफा-दफा करने  एक लाख मांगने का जिक्र 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 दिसंबर।
महासमुंद जिले के लाफिनकला गांव में एक किसान ने फांसी लगाकर जान दे दी है। मृतक के परिजनों का कहना है कि मृतक की जेब से एक आत्महत्या नोट मिला है, जिसे पुलिस ने ग्रामीणों के सामने पढक़र सुनाया। 
सुसाइड नोट में फिंगेश्वर पुलिस पर चोरी के मामले को रफा-दफा करने के लिए एक लाख रुपए की मांग करने का जिक्र है। मालूम हो कि मृतक महासमुंद जिले का निवासी है और आरोप गरियाबंद जिले की फिंगेश्वर पुलिस पर है। इस मामले की विवेचना महासमुंद पुलिस कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार राजाराम निषाद (42) की लाश रविवार सुबह पेड़ पर लटकी मिली थी। जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना महासमुंद पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और जेब की तलाशी ली तो ये सुसाइड नोट मिला था। 

राजाराम की पत्नी सावित्री निषाद का कहना है कि  पति का नाम जब से चोरी के एक केस में आया था, तब से वह परेशान रहने लगा था। सरपंच सहित गांव के मुखिया एक सप्ताह पहले फिंगेश्वर थाना गए थे। उस दिन पुलिस राजाराम को थाने के अंदर ले गई और पूछताछ के बाद उसकी जमकर पिटाई की थी। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे।

मालूम हो कि 20 नवंबर 2023 को फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम लचकेरा निवासी दशरथ सिन्हा के घर चोरी हुई थी। दशरथ सिन्हा के बेटे ने शक के आधार पर राजाराम निषाद का नाम लिया था। फिर फिंगेश्वर थाने के हेड कांस्टेबल दिलेश्वर बघेल ने राजाराम को थाने चलने को कहा। लाफिनकला के सरपंच पति सहित गांव के 10-12 मुखिया और लचकेरा के सरपंच उदय निषाद थाना पहुंचे थे। 

महासमुंद जिल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे के अनुसार मृतक चूंकि महासमुंद जिले का निवासी था,  इसलिए महासमुंद पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी सुसाइड नोट पर कुछ कहा नहीं जा सकता। लेकिन आरोप गरियाबंद जिले की फिंगेश्वर थाना पुलिस पर लगा है।


अन्य पोस्ट