विशेष रिपोर्ट

दीपक बैज चुनाव लडऩे तैयार, बिलासपुर से विष्णु यादव का नाम उभरा, कई नए चेहरे उतरेंगे
04-Mar-2024 8:19 PM
दीपक बैज चुनाव लडऩे तैयार, बिलासपुर से विष्णु यादव का नाम उभरा, कई नए चेहरे उतरेंगे

  कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में चर्चा  

‘छत्तीसगढ़’ विशेष रिपोर्ट

रायपुर, 4 मार्च (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। कांग्रेस में लोकसभा प्रत्याशियों के नामों पर माथापच्ची चल रही है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में कई नए नामों पर चर्चा हुई है। बिलासपुर सीट से विष्णु यादव का नाम उभरकर सामने आया है। खबर यह भी है कि बस्तर सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने फिर चुनाव मैदान में उतरने पर सहमति दे दी है। 

दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष बैज के साथ-साथ पूर्व सीएम भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत, और अन्य सदस्य शामिल हुए।

भाजपा टिकट की घोषणा के बाद जल्द से जल्द प्रत्याशी घोषित करने के लिए दबाव भी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कई नाम तकरीबन तय हो गए हैं। स्क्रीनिंग कमेटी की मुहर के बाद केन्द्रीय चुनाव समिति को भेजे जाएंगे, और फिर प्रत्याशियों के नाम की अधिकृत घोषणा की जाएगी। 

सूत्रों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज  बस्तर से फिर चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हो गए हैं। विधानसभा चुनाव हारने के बाद बैज पूरा ध्यान संगठन में देना चाह रहे थे लेकिन अब वो लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। पिछले चुनाव में उन्होंने करीब 39 हजार वोटों से जीत हासिल की थी। हालांकि पूर्व मंत्री कवासी लखमा अपने बेटे हरीश लखमा को टिकट दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। 

बिलासपुर सीट से कई बार के पार्षद विष्णु यादव का नाम उभरा है, और उनका नाम मजबूती से लिया जा रहा है। सामाजिक समीकरण को देखते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया जा सकता है। हालांकि यहां से प्रदीप शर्मा, और राजेन्द्र शुक्ला का नाम भी चर्चा में है। 

अंबिकापुर से जिला पंचायत सदस्य शशि सिंह के नाम पर तकरीबन सहमति बन गई है। रायगढ़ सीट से मेनका सिंह, जयमाला सिंह, और सुरेन्द्र सिदार का नाम चर्चा में है। महासमुंद से पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू के साथ ही विनोद चंद्राकर, और चन्द्रशेखर शुक्ला का नाम प्रमुखता से उभरा है। 

राजनांदगांव सीट से पूर्व सीएम भूपेश बघेल के नाम पर चर्चा हो रही है। पूर्व विधायक छन्नी साहू का नाम भी लिया जा रहा है। कांकेर सीट से वीरेश ठाकुर और अनिला भेंडिया में से नाम तय होना है। रायपुर सीट से पूर्व विधायक विकास उपाध्याय व डॉ.राकेश गुप्ता के साथ ही जिलाध्यक्ष उधो वर्मा दौड़ में हैं। दुर्ग सीट से ताम्रध्वज साहू के नाम पर सहमति बनने के आसार दिख रहे हैं। हालांकि यहां से पूर्व सीएम भूपेश बघेल की पसंद पूर्व जिला कांग्रेस के अध्यक्ष राजेन्द्र साहू बताए जा रहे हैं। जांजगीर-चाम्पा सीट से डॉ.शिव डहरिया अथवा उनकी पत्नी शकुन डहरिया में से नाम तय होना है। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news