ताजा खबर

मानव तस्करी, भाजपा की मंडल अध्यक्ष गिरफ्तार,पार्टी ने निकाला
27-Nov-2020 1:24 PM
 मानव तस्करी, भाजपा की मंडल अध्यक्ष गिरफ्तार,पार्टी ने निकाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 नवंबर। डोंगरगढ़ पुलिस ने मानव तस्करी मामले में राजधानी रायपुर के फाफाडीह भाजपा मंडल अध्यक्ष गंगा पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी तरफ, उसकी इस गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने उसके पार्टी से निष्कासित करने का प्रस्ताव प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय को भेजा था।

डोंगरगढ़ पुलिस में कुछ दिनों पहले मानव तस्करी का एक मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में पीडि़त महिला की शिकायत पर मास्टरमाइंड महिला साजदा व दो युवकों को हिरासत में लिया था। भाजपा की इस महिला की यह चौथी गिरफ्तारी है। दुर्गा नगर पंडरी रायपुर की रहने वाली यह महिला पिछले कुछ समय से फरार चल रही थी। उसका पति सहदेव फरार बताया जा रहा है। पुलिस इस मामले में और भी लोगों की तलाश में लगी है, और उनकी एक टीम हरियाणा गई है।

श्री सुंदरानी ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि भाजपा से जुड़ी यह महिला गंगा पिछले करीब 8-10 साल से पार्टी से जुड़ी थीं, और वर्तमान में फाफाडीह भाजपा मंडल की अध्यक्ष थीं। मीडिया से उसके मानव तस्करी मामले में जुड़ी होने की जानकारी मिलने पर उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई। यह महिला कब से और किसके साथ मिलकर यह सब काम कर रही थी, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।

उनका कहना है कि मानव तस्करी मामले में महिला के जुड़ी होने की खबर पर उसे पार्टी से निकालने का प्रस्ताव पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को भेजा था। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने इस महिला को पार्टी से निष्कासित करने का आदेश जारी कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि डोंगरगढ़ की एक शादीशुदा महिला को हरियाणा ले जाकर वहां दो बार बेच दिया गया था, लेकिन पीडि़त महिला किसी भी तरह वहां से निकलकर यहां वापस लौट आई। डोंगरगढ़ पुलिस इस मामले की लगातार जांच में लगी है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news