ताजा खबर

आरपी मंडल को सेवावृद्धि नहीं, कल कैबिनेट में दी जा सकती है विदाई
27-Nov-2020 4:49 PM
आरपी मंडल को सेवावृद्धि नहीं, कल  कैबिनेट में दी जा सकती है विदाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 नवंबर।
मुख्य सचिव आरपी मंडल रिटायर हो रहे हैं। वे शनिवार को आखिरी बार मुख्य सचिव के रूप में कैबिनेट की बैठक में मौजूद रहेंगे। बैठक में उन्हें विदाई दी जा सकती है। 

सरकार ने सीएस मंडल का कार्यकाल तीन माह बढ़ाने का प्रस्ताव केन्द्र को भेजा था, लेकिन केन्द्र से अब तक प्रस्ताव पर सहमति नहीं मिल पाई है। केन्द्र सरकार में शनिवार को अवकाश रहता है। ऐसे में उनकी सेवा वृद्धि की संभावना खत्म हो गई है। शनिवार को कैबिनेट की बैठक है। मंडल मुख्यसचिव के रूप में कैबिनेट की बैठक में उपस्थित रहेंगे। 

बताया गया कि नए मुख्य सचिव के रूप में अमिताभ जैन की नियुक्ति तकरीबन तय मानी जा रही है। वैसे वरिष्ठता क्रम में राजस्व मंडल के चेयरमैन सीके खेतान उपर हैं। मगर उनके रिटायरमेंट को कुछ ही महीने बाकी हैं। ऐसे में उन्हें मुख्य सचिव का दायित्व सौंपे जाने की संभावना बेहद कम है। अमिताभ जैन छत्तीसगढ़ के ही रहने वाले हैं, और वे वर्तमान में अपर मुख्य सचिव (वित्त) का दायित्व संभाल रहे हैं।
 
जैन के मुख्य सचिव बनने के बाद सचिव अलरमेल मंगई डी वित्त विभाग की मुखिया होंगी। जैन के पास जल संसाधन विभाग का भी प्रभार है। चूंकि सचिव के पद पर अविनाश चंपावत हैं, इसलिए  स्वतंत्र रूप से चंपावत यह दायित्व संभालेंगे। सूत्रों के मुताबिक एक-दो कलेक्टरों को भी बदले जाने की संभावना जताई जा रही है।


अन्य पोस्ट