राष्ट्रीय
नई दिल्ली, 7 अप्रैल | 126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए मंगलवार को मतदान समाप्त होने के एक दिन बाद, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी बैजयंत जय पांडा ने बुधवार को कहा कि भाजपा पूर्वोत्तर राज्य में लगातार दूसरी बार सरकार बनाएगी। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के टीकाकरण के बाद मीडिया से बात करते हुए, पांडा ने कहा कि भाजपा निश्चित रूप से असम में सत्ता बनाए रखेगी।
पांडा ने कहा, "असम में लोग केंद्र और राज्य दोनों सरकारों के काम से काफी खुश हैं और राज्य सरकार या केंद्र सरकार के खिलाफ कोई सत्ताविरोधी लहर नहीं है।"
उन्होंने ध्यान दिलाया कि भाजपा सरकार के तहत पिछले पांच वर्षो में जिस तरह के विकास कार्य हुए हैं, वह पिछले 70 वर्षो में हुए विकास से कहीं अधिक है।
उन्होंने कहा, "विकास ने इतनी गति पहले कभी नहीं पकड़ी थी और प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रगति में व्यक्तिगत रुचि ली है, जिससे लोगों का भाजपा में विश्वास बढ़ा है।" (आईएएनएस)