संपादकीय
तमिलनाडु के करूर नाम की जगह पर लोकप्रिय फिल्म अभिनेता विजय थलापथि की राजनीतिक रैली कल शाम जानलेवा हो गई, जब वे घंटों देर से वहां पहुंचे, और इंतजार करते हुए थके हुए लोग उनके करीब आने को बेकाबू होने लगे। मंच तक पहुंचने के लिए उनके लिए जो रास्ता रखा गया था, उसे छोडक़र वे भीड़ के बीच से मंच तक जाने लगे, और उनके करीब आने को टूट पड़े लोग भगदड़ में कुचले गए। अभी दोपहर तक 39 लोग मारे जा चुके हैं जिनमें आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे हैं। 50 से अधिक लोग बुरी तरह जख्मी हैं, और अलग-अलग अस्पतालों में हैं। अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम तमिल राजनीति में सत्तारूढ़ डीएमके के खिलाफ अगले बरस का विधानसभा चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं, और इसके चलते ही कल जिन दो जगहों पर उनकी आमसभा हुई, दोनों जगह पर वे घंटों लेट पहुंचे, और पहली जगह की भगदड़ में तो मौतें नहीं हुईं, लेकिन दूसरी आमसभा में हुई मौतों के बाद इस बड़े फिल्म अभिनेता ने श्रद्धांजलि के दो शब्द भी नहीं कहे, और विशेष विमान से चेन्नई चले गया। शासन-प्रशासन का कहना है कि इस रैली के लिए पुलिस ने जो सावधानियां बरतने के लिए कहा था, इस अभिनेता की पार्टी ने उनमें से कोई बात नहीं मानी, और उसके घंटों लेट पहुंचने की वजह से लोग चक्कर खाकर गिर रहे थे, और करीब आने के लिए भगदड़ भी हो रही थी। मुख्यमंत्री ने इसे तमिलनाडु में किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में अब तक हुई सबसे अधिक मौतों का हादसा कहा है। उल्लेखनीय है कि तमिल राजनीति में बड़ी संख्या में फिल्मी सितारों का इतिहास रहा है, और उनमें से कुछ मुख्यमंत्री भी बने हैं। वहां पर फिल्मी सितारों के लिए भी एक ऐसी दीवानगी रहती है जो कि देश में और कहीं भी नहीं दिखती, और यही दीवानगी लोगों को राजनीतिक सफलता के आसमान पर पहुंचा देती है। तमिल फिल्मों से जुड़े सीएन अन्नादुराई फिल्म स्क्रिप्ट लिखते थे, और फिल्मों के रास्ते उन्होंने द्रविड़ आंदोलन को भी लोकप्रिय किया था। एम.जी.रामचन्द्रन तमिल फिल्मों के सुपरस्टार थे, और वे दस बरस मुख्यमंत्री रहे, उनके बाद उनकी राजनीतिक वारिस कही जाने वाली जे.जयललिता तो छह बार मुख्यमंत्री बनीं, जो कि एनजीआर के साथ ही लोकप्रिय अभिनेत्री की जोड़ी थीं। एम.करूणानिधि ने 75 से अधिक तमिल फिल्में लिखीं, और वे पांच बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने। विजयकांत, और कमल हासन जैसे कुछ लोग भी राजनीति में आए, लेकिन बहुत आगे नहीं बढ़े। अब ताजा दाखिला विजय थलपथि का है, वे 2024 में राजनीतिक दल बनाकर 2026 के चुनावों की तैयारी में लगे हुए हैं। लेकिन तमिल फिल्म और राजनीति के रिश्ते पर आज की बात खत्म करने का हमारा कोई इरादा नहीं है, हम लोगों की भीड़ में भगदड़ से होने वाली मौतों की बात करना चाहते हैं। अभी कुछ अरसा पहले ही कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में क्रिकेट टीम के जीत के आने के बाद निकाले गए विजय जुलूस में भगदड़ हुई, और 11 प्रशंसक कुचलकर मारे गए, 50 से अधिक जख्मी हुए। कुछ गलत जानकारियों के चलते हुए ढाई लाख से अधिक लोग एक जगह जुट गए थे, और आयोजकों ने भीड़ काबू करने की कोई तैयारी नहीं की थी।
क्रिकेट और सिनेमा, सी से शुरू होने वाले ये दो शब्द हिन्दुस्तान में धर्म के तुरंत बाद का दर्जा रखते हैं। खबरों से लेकर वोटों तक ये दोनों चीजें लोगों को बुरी तरह प्रभावित करने की ताकत रखती हैं। इसीलिए किसी भी दूसरे खेल के मुकाबले क्रिकेट खिलाड़ी राजनीति से लेकर राज्यसभा और लोकसभा के मनोनयन तक सबसे अधिक जगह पाते हैं। इन्हीं को टक्कर देकर इनसे अधिक संख्या फिल्म से जुड़े लोगों की रहती है, जो कि राजनीतिक दलों में शामिल होते हैं, चुनाव भी लड़ते हैं, और संसद में मनोनीत भी किए जाते हैं। राजनीतिक दल भीड़ को जुटाने, और रुझाने की इनकी क्षमता अच्छी तरह जानते हैं, और इसीलिए इन्हें अपनी पार्टी में लेकर आने को एक किस्म से चुनावी जीत ही मान लिया जाता है। यहां तक कि चुनावी इस्तेमाल से परे भी बड़े-बड़े दिग्गज फिल्मकारों को संसद में मनोनीत करके राजनीतिक दल इस मनोनयन से मिली शोहरत को भी वोटरों के बीच भुना लेती है, फिर चाहे ये फिल्मकार संसद में पांच बरस में मुंह भी न खोलें। ऐसे लोग दक्षिण भारत में जब राजनीतिक दल बनाकर चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो राजनीतिक संतुलन बदलने की एक बड़ी संभावना भी पैदा हो जाती है। आज तमिलनाडु में सत्तारूढ़ डीएमके के खिलाफ विजय थलपथि के उतरने से उन तमाम राजनीतिक दलों को खुशी हुई होगी जो कि अगले चुनाव में डीएमके की शिकस्त देखना चाहते हैं। जनता में दीवानगी का हाल दक्षिण भारत में चुनाव और फिल्म दोनों में देखने मिलता है, और फिल्म स्टार नेता की बेमौसम की इस राजनीतिक रैली में लोगों की बेतहाशा भीड़ बताती है कि फिल्म से राजनीति में आकर शोहरत और कामयाबी की उम्मीद लगाना गलत नहीं है। लेकिन जिस तरह फिल्म सितारे शूटिंग पर घंटों लेट पहुंचते हैं, उसी तरह कल यह फिल्म कलाकार 6 घंटे देर से पहुंचा, और दक्षिण की तेज धूप में सुबह से भूखे-प्यासे बैठे हुए लोग चक्कर खाकर गिरने लगे थे, और बाद में भीड़ बेकाबू हुई, भगदड़ में कई महिलाओं के पैर टूट गए, और रिकॉर्ड संख्या में 39 मौतें हुई हैं।
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा के एक गांव में परसों शाम एक सतनामी नौजवान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस युवक ने सतनामी समाज के खिलाफ दूसरी जाति के एक युवक की सोशल मीडिया पोस्ट हटाने को लिखा था, और हिन्दू धर्म के किसी नारे को लेकर स्कूल से किसी शिक्षक को हटाने का मामला था जिस पर सोशल मीडिया पर हुई असहमति कत्ल तक पहुंच गई। अब सतनामी समाज में समाज के एक लडक़े के कत्ल को लेकर बड़ा आक्रोश है, और शव को चौक पर रखकर चक्काजाम किया गया है। पीडि़त परिवार को एक करोड़ का मुआवजा, और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी की जा रही है। अभी हम सोशल मीडिया पोस्ट के बाद पैदा हुए, और बढ़े जातिवादी तनाव की बारीकियों पर जाना नहीं चाहते, लेकिन समाज की हवा में धर्म और जाति को लेकर जो तनातनी फैली हुई है, उसके बारे में हर जिम्मेदार तबके को फिक्र करने की जरूरत है। अभी दो-तीन दिन पहले ही इस जिले से लगे हुए कवर्धा में एक आदिवासी युवती के साथ तीन नौजवानों ने सामूहिक बलात्कार किया, और गृहमंत्री का अपना जिला, अपना चुनाव क्षेत्र होने से पुलिस ने तेजी से उन्हें गिरफ्तार भी किया है। अब वहां पर आदिवासी समाज आंदोलन कर रहा है, और 50 लाख मुआवजा मांग रहा है। लोगों को याद होगा कि पिछले बरस बलौदाबाजार जिले में सतनामी समाज के एक आंदोलन के बाद वहां तनाव इतना खड़ा हुआ कि कलेक्टर और एसपी के दफ्तर जला दिए गए थे। सरकार, और राजनीति, न तो मिलकर, और न ही अलग-अलग इस तनाव को निपटा पाए हैं।
छत्तीसगढ़ आज अलग-अलग धर्मों के बीच तनाव भी झेल रहा है, और हिन्दू धर्म के भीतर की अलग-अलग जातियां भी समय-समय पर एक-दूसरे से टकरा रही हैं। ओबीसी के भीतर भी अलग-अलग जातियों के बीच राजनीतिक खींचतान, और तनातनी बड़ी आम बात है। ऐसे में हिन्दू समाज जैसी कोई चीज नहीं है, और हिन्दुओं के बीच कई तरह की जातियां, और उनके भीतर की उपजातियों में टकराव की नौबत कई जगह आती है। आदिवासी से ईसाई बनने का बवाल खासकर बस्तर में अधिक चल रहा है, लेकिन अब तो पूरे प्रदेश के शहरी इलाकों में भी हर इतवार किसी न किसी जगह ईसाई परिवार में चल रही प्रार्थना को लेकर धर्मांतरण के आरोप लगाकर बजरंग दल जैसे संगठन वहां पहुंचकर कानून अपने हाथ में ले रहे हैं, और फिर पुलिस मानो उनकी मदद के लिए वहां पहुंच रही हैं। इससे परे एक नया घटनाक्रम अगर लोगों के ध्यान में नहीं आया है, तो उसे भी देखने की जरूरत है। भीम आर्मी नाम का संगठन जो कि हिन्दुत्ववादी संगठनों से परे मोटेतौर पर दलितों के बीच काम करता है, उसने अभी सामने आकर कुछ जगहों पर ईसाईयों पर हमलों का विरोध किया है, और ईसाईयों के साथ एकजुटता दिखाई है। पिछले ही इतवार को एक जगह भीम आर्मी के लोग लाठियां लेकर ईसाई परिवार के घर के बाहर और छत पर हिफाजत देने के लिए खुद तैनात हो गए थे कि ईसाई प्रार्थना का विरोध करने आने वाले लोगों से वे निपटेंगे। इस नौबत को समझने की जरूरत है कि धर्मांतरण के आरोप लगाते हुए कुछ संगठन कानून अपने हाथ में ले रहे हैं, और पुलिस की मौजूदगी में भी ईसाई प्रार्थना सभा के लोगों को मार रहे हैं। इसके साथ-साथ पुलिस उस ईसाई परिवार के, और उस घर में मौजूद लोगों के खिलाफ हिन्दू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के जुर्म दर्ज कर रही है, और धर्मांतरण के भी। अगर आमतौर पर अनुसूचित जाति समाज के लोगों के बीच से आने वाले भीम आर्मी के लोग अगर ईसाई लोगों के साथ खुद होकर इस तरह खड़े हो रहे हैं, तो ऐसे सामाजिक नवध्रुवीकरण के खतरों को भी राज्य की राजनीतिक ताकतों को समझना चाहिए। एक-एक जानवर और लाउडस्पीकर पर खुद होकर संज्ञान लेने वाला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पता नहीं हर इतवार अब नियमित हो चली इस हिंसा को क्यों नहीं देख पा रहा है। आज जब प्रदेश में कुछ संगठन कानून को हाथ में लेने के अधिकारप्राप्त हैं, कुछ दूसरे संगठन इसके खिलाफ लाठियां लेकर मौके पर तैनात हो रहे हैं, तो ऐसे में अगर सरकार और राज्य की पुलिस अपनी न्यूनतम संवैधानिक जिम्मेदारी पूरी नहीं करेंगी, तो कानून व्यवस्था की रस्सी जब हाथ से फिसलना तेज हो जाती है, तो फिर उसे थामना किसी के बस में नहीं रहता।
दुनिया के गोले पर अलग-अलग इलाकों की संस्कृतियां अलग-अलग हैं। संस्कृतियों के अलावा कुदरत के मुताबिक इन इलाकों की संपन्नता, विपन्नता, या इनकी जिंदगी के दूसरे हाल-बेहाल भी अलग-अलग हैं। योरप जैसे इलाके में आने वाले दर्जनों देशों की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि वे हमेशा से अफ्रीका जैसे सूखे और अकाल के शिकार देशों के मुकाबले बेहतर हालत में रहते हैं। अभी हम दुनिया के इतिहास में अधिक गहराई और खुलासे से जाना नहीं चाहते, लेकिन जिन इलाकों में विज्ञान और टेक्नॉलॉजी ने अधिक तरक्की की, औद्योगीकरण यहां बढ़ा, और यहां आर्थिक सफलता भी अधिक रही। दूसरी तरफ खाड़ी के कुछ ऐसे देश रहे जो जमीन के नीचे पेट्रोलियम भंडारों की वजह से दुनिया में अनुपातहीन तरीके से अधिक संपन्न रहे। अब इसके अलावा धर्म भी एक बड़ा मुद्दा रहा, खाड़ी के देशों सहित कुछ अफ्रीकी देशों में इस्लाम का बड़ा प्रचार रहा, और योरप सहित बहुत से इलाके ईसाइयत के प्रभाव वाले रहे। भारत और नेपाल दो ही देश हिन्दू धर्म के प्रभाव में रहे, और संख्या में इनसे कई गुना अधिक देश बौद्ध धर्मावलंबी रहे।
इस लंबी पृष्ठभूमि के बाद हम असल मुद्दे पर आना चाहते हैं कि मध्य-पूर्व और खाड़ी के देशों से गृहयुद्ध और जंग की वजह से बड़ी संख्या में शरणार्थी योरप के देशों में पहुंचे। इनके अलावा अफ्रीकी देशों से भी शरणार्थी योरप में घुसते ही हैं क्योंकि जान की बाजी लगाकर भी वे एक बेहतर जिंदगी चाहते हैं। योरप के कई देश बांहें फैलाकर बाहर से आने वाले शरणार्थियों को अपने यहां बसाते रहे हैं, लेकिन हाल के बरसों में वहां माहौल कुछ बदल गया है। एक तो मुस्लिम शरणार्थियों के धार्मिक रीति-रिवाजों को लेकर, उनके पोशाक जैसे सामाजिक मुद्दों को लेकर योरप के बहुत से देशों के स्थानीय लोगों में एक बेचैनी चली आ रही थी। और उसका नतीजा फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड्स, और इटली जैसे कई देशों में शरणार्थी, और प्रवासी विरोधी दक्षिणपंथी पार्टियों के उभार के रूप में सामने आया है। अब शरणार्थियों, जो कि मोटेतौर पर मुस्लिम हैं, उनके खिलाफ स्थानीयता का दावा करने वाले तबकों में एक प्रतिरोध विकसित होते चले गया, और यह महज रोजगार और आर्थिक अवसरों के टकराव तक सीमित नहीं रहा, यह बढ़ते-बढ़ते संस्कृतियों और सभ्यता के टकराव तक चले गया है। ये टकराव बहुत से देशों के चुनावों को इस तरह प्रभावित कर रहे हैं, जैसा कि इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। योरप से परे इजराइल तक में आज वहां की सरकार में एक ऐसी संकीर्णतावादी पार्टी गठबंधन की भागीदार है, जितनी संकीर्णता इजराइल की सरकार में पहले कभी नहीं थी। जब राष्ट्रीयता का उभार उन्माद तक पहुंच जाता है, तब अपने देश के बहुसंख्यक धर्म से परे के धर्मों को दुश्मन के पुतले की तरह खड़ा कर देना बड़ा आसान रहता है, और योरप के कई देशों में अभी लगातार यही चल रहा है। फिर मानो स्थानीय लोगों का प्रतिरोध काफी नहीं था, बाहर से पहुंचे हुए लोगों ने अपनी संस्कृति को लेकर जो कट्टरता जारी रखी, और योरप के उदार, लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष माहौल में घुलने-मिलने से परहेज किया, उसने भी स्थानीयता के समर्थकों को प्रवासियों और शरणार्थियों के खिलाफ कर दिया। आज योरप के आधा दर्जन ऐसे देशों में वहां की उदारवादी पार्टियों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो रहा है क्योंकि वे नस्लवादी, दक्षिणपंथी, और प्रवासी विरोधी पार्टियों के धार्मिक उन्माद की धार का मुकाबला नहीं कर पा रही हैं।
भारत में भी कई तरह के चुनावी-राजनीतिक कारणों से, धार्मिक और साम्प्रदायिक वजहों से अड़ोस-पड़ोस के देशों से आकर वैध-अवैध तरीके से बसे हुए बांग्लादेशी मुस्लिमों, और म्यांमार के मुस्लिम रोहिंग्या लोगों के खिलाफ भावना एक बड़ा चुनावी-राजनीतिक मुद्दा बन चुका है। विदेशी और घुसपैठिया होना उसका एक पहलू है, और उसका दूसरा पहलू स्थानीय बहुसंख्यक हिन्दू समाज के मुकाबले इन दोनों देशों से आए घुसपैठिया या शरणार्थियों का मुस्लिम होना भी है। जिस तरह योरप के देशों में दक्षिणपंथी पार्टियों का इस मुद्दे पर बड़ा उभार हुआ है, और करीब आधा दर्जन देशों में चुनावी नतीजों में उन्हें बड़ी कामयाबी मिली है, कुछ उसी किस्म का माहौल हिन्दुस्तान में भी बना हुआ है, और भाजपा की असाधारण चुनावी कामयाबी के पीछे ऐसे ध्रुवीकरण का योगदान भी गिना जाता है।
पिछले पखवाड़े जबसे यह घोषणा हुई थी कि बहुत से सामानों में जीएसटी घटेगा, तब से बाजार में सनसनी फैली हुई थी कि नवरात्रि के वक्त सरकार की तरफ से मिलने वाली यह रियायत बाजार को एक नया उत्साह देगी। ऐसा अंदाज है कि चीजों पर औसतन 7 फीसदी जीएसटी घटा है, और बाजार के जानकार बताते हैं कि लोग तो यह तय कर चुके रहते हैं कि किस त्यौहार पर उन्हें कितना खर्च करना है, इसलिए उतनी ही रकम से बाजार में खरीदी-बिक्री 7 फीसदी बढ़ जाने का भी एक अंदाज है। अर्थशास्त्री सोचते हैं कि इससे अर्थव्यवस्था का चक्का 7 फीसदी अतिरिक्त घूमेगा। फिर केंद्र और भाजपा की राज्य सरकारों ने इस रियायत को एक उत्सव की तरह मनाना तय किया है। भाजपा और उसके नेता औपचारिक रूप से इसे एक बचत उत्सव के रूप में मना रहे हैं।
आज बाजार में जब उत्साह का सैलाब आया हुआ दिख रहा है, और चर्चाएं इसे और आगे बढ़ा रही हैं, तो ग्राहक का अपनी क्षमता से बाहर जाकर खर्च करना एक स्वाभाविक बात होगी। सभी तरह के ऑटोमोबाइल पर बड़ी कटौती दिख रही है, और जो लोग अभी तक कोई दुपहिया या चौपहिया लेने के सपने महज इसलिए देखते रह जाते थे कि उनके पास दस-बीस फीसदी रकम कम पड़ती थी, वे अब एक बार कड़ा फैसला लेकर अपनी पसंद की कोई गाड़ी ले सकते हैं, क्योंकि घटी हुई जीएसटी से गाडिय़ों के दाम खासे कम हुए हैं। इसी तरह बाकी तमाम सामान के लिए भी बाजार रियायतें भी प्रचारित कर रहा है, और फाइनेंस कंपनियां भी लोगों को तथाकथित जीरो फाइनेंस पर लोन देने के लिए माला लेकर खड़ी हुई हैं। नवरात्रि के पहले दिन के कारों के उठाव के आंकड़े बताते हैं कि टाटा की 10 हजार, हुंडई की 11 हजार, और मारूति की 30 हजार गाडिय़ां एक दिन में उठी हैं। लोगों को याद होगा कि देश के हर शहर में कार डीलरों ने बड़े-बड़े मैदानों को किराए पर लेकर वहां कारों का खुला गोदाम बना रखा था क्योंकि कार फैक्ट्रियों के अहातों में कार रखने की जगह नहीं बची थी। अब ऐसा लगता है कि यह पूरा स्टॉक दीवाली तक लोगों के घरों में पहुंच जाएगा। शहरी सडक़ों पर त्यौहारी ट्रैफिक जाम में हजारों नई गाडिय़ों का जाम और जुड़ जाएगा।
उत्सव और उत्साह के इस माहौल में ग्राहक को अपना दिमाग, और अपना दिल भी, अपनी जगह पर मजबूती से जमाए रखना चाहिए। सपने तो पूरे परिवार के बहुत से होते हैं, लेकिन भारत के एक फीसदी से भी कम परिवार ऐसे हैं जो अपने हर सपने पूरे कर सकते हैं, या फिर यह भी हो सकता है कि उनके और बहुत से ऐसे सपने हों जिनका हमें अंदाज न लगता हो। ऐसे माहौल में लोग अपनी क्षमता से बाहर जाकर खरीददारी कर सकते हैं, और बाद में उसकी किस्तें पटाते हुए, उनकी क्षमता चुक सकती है। आज आसान फाइनेंस, और कुछ मध्यमवर्गीय लोगों के पास के क्रेडिट कार्ड की वजह से लोग अंधाधुंध खरीददारी की कगार पर खड़े हैं। सामान खरीदते हुए यह अंदाज नहीं लगता कि हर बरस गाडिय़ों के बीमे पर कितना पैसा लगता है, सर्विसिंग पर कितना पैसा लगता है, और पेट्रोल-डीजल पर तो लगता ही है जिसमें कि जीएसटी की कोई कटौती नहीं हुई है। मध्यम वर्ग के दिल-दिमाग में सपने उफनते रहते हैं, लेकिन उसके दिमाग की उंगलियां कैलकुलेटर पर नहीं चलतीं। नतीजा यह होता है कि एक बार की खरीदी के बाद के खर्च उसे नए चमचमाते सामानों की चमक में नहीं दिखते। वैसे भी हिन्दुस्तानी लोग मकान बनाते हुए, शादियां करते हुए, और साल के सबसे बड़े त्यौहार की खरीददारी करते हुए दिमाग का इस्तेमाल कम ही करते हैं। तर्क यह रहता है कि मकान तो जिंदगी में एक ही बार बनता है, शादी बार-बार तो होती नहीं, और त्यौहार तो साल का सबसे बड़ा त्यौहार है।
दुनिया में किसी को बेदिमाग कहना भी उसका एक किस्म से अपमान होता है, क्योंकि दिमाग तो सबके पास रहता है, फिर भी जिनमें बुद्धि की बड़ी कमी दिखती है, उन्हें बोलचाल में बेदिमाग कह दिया जाता है। फिर जो अपनी बुद्धि का बेजा इस्तेमाल ही करते हैं, उन्हें बददिमाग कह दिया जाता है। इससे परे कुछ लोग जो सनक में आकर कोई भी उटपटांग बात करते हैं, गलत-सलत फैसला ले लेते हैं, उन्हें सनकी कहा जाता है। ऐसे करीब डेढ़ सौ अलग-अलग विशेषणों को जोडक़र ही ट्रंप का परिचय दिया जा सकता है। कहने के लिए यह आदमी दुनिया के सबसे ताकतवर देश के सबसे ताकतवर ओहदे पर बैठा है, लेकिन यह पूरी तरह से तानाशाह हो चुका है, और इसने सबसे पहले तो अमरीकी लोकतंत्र को हरा दिया है। डोनल्ड ट्रंप ने पिछले राष्ट्रपति चुनाव को हारने के बाद जिस कबीलाई अंदाज में अपने समर्थकों को अमरीकी संसद पर हमला करने के लिए भडक़ाया था, उसके मामले-मुकदमे तो अमरीकी अदालतों में चल ही रहे हैं। इस आदमी की बदचलनी के मुकदमे भी अदालत में साबित हो चुके हैं, और यह बहुत ही उटपटांग किस्म का लोकतंत्र है कि ट्रंप के कुसूरवार साबित होने के बावजूद उसे कोई सजा नहीं हुई है। वह टैक्स चोरी के मामलों से घिरा हुआ है, बदजुबानी की उसकी मिसालें तरह-तरह की रिकॉर्डिंग में घूमती ही रहती हैं। आज की दुनिया में बद से शुरू होने वाले सबसे अधिक शब्द अगर किसी एक आदमी (इंसान लिखने से हम परहेज कर रहे हैं क्योंकि उसके साथ कुछ किस्म के मानवीय गुणों के जुड़े होने की उम्मीद जुड़ी रहती है) पर लागू होते हैं, तो वह डोनल्ड ट्रंप हैं। आप इंटरनेट, या एआई पर बद से शुरू होने वाले शब्दों को ढूंढें, तो उस फेहरिस्त से आपको ट्रंप की पूरी तस्वीर मिल पाएगी।
फिलहाल पिछले दो दिनों में इस कमीने इंसान ने कई किस्म की घटिया बातें कही हैं। अमरीका में नफरत फैलाने वाले एक संकीर्णतावादी प्रचारक, के कत्ल को उसने बिना किसी बुनियाद के अपने विरोधियों से जोडक़र उनको कातिल साबित करने की कोशिश की है। लेकिन यह तो कम घटिया हरकत थी, कल जब संयुक्त राष्ट्र महासभा में ट्रंप को 15 मिनट बोलने का मौका मिला, तो उसने 56 मिनट से अधिक बकवास की। पूरी तरह से बेमौके, बेबुनियाद आरोप लगाते हुए उसने दुनिया के तमाम देशों की मौजूदगी में ब्रिटेन की राजधानी लंदन के मुस्लिम मेयर सादिक खान पर हमला किया। एक ब्रिटिश शहर के मेयर से दुनिया के तमाम देशों का क्या लेना-देना था? लेकिन ट्रंप अपनी नफरत और अपनी हमलावर जुबान का यह कातिल मेल मानो डॉक्टरी सलाह पर दिन में चार बार अपने मुंह से निकालता है, और राजनीतिक विश्लेषक हर दिन यह सोचते रह जाते हैं कि इन चारों में से सबसे अधिक घटिया कौन सी बात थी। ट्रंप ने योरप में प्रवासियों के संकट पर कहा- मैं लंदन को देखता हूं जहां एक बेहद खराब मेयर है, एक बहुत ही खराब मेयर। वे लंदन को शरिया कानून की ओर ले जाना चाहता है और वह एक अलग देश बन गया है।
अभी पिछले हफ्ते ट्रंप ब्रिटेन के दौरे पर था, और उसने सार्वजनिक रूप से कहा था कि लंदन का मेयर सादिक खान दुनिया के सबसे खराब मेयर में से है, और मैंने उनसे वहां मेरे स्वागत में न आने के लिए कहा है। मुझे लगता है कि वे आना चाहते थे लेकिन मैं नहीं चाहता कि वे आएं। सादिक खान लंदन के पहले मुस्लिम मेयर हैं, और उनके ऑफिस में ट्रंप के शरिया कानून वाले बयान के जवाब में कहा है- हम उनके (ट्रंप के) नफरत से भरे और दकियानूसी सोच वाले बयानों को जवाब देकर अहमियत देना नहीं चाहते। लंदन दुनिया का सबसे बेहतरीन शहर है जो प्रमुख अमरीकी शहरों की तुलना में अधिक सुरक्षित है। हमें खुशी है कि अमरीकी नागरिक रिकॉर्ड संख्या में लंदन में बसने आ रहे हैं। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने सोशल मीडिया पर लिखा- सादिक खान लंदन में शरिया कानून लागू करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। वे ऐसे मेयर हैं जो (समलैंगिकों, और एलजीबीटीक्यू की) प्राइड मार्च में शामिल होते हैं, जो अलग-अलग पृष्ठभूमि और विचारों के लिए खड़े होते हैं, जो हमारे शहर को बेहतर बना रहे हैं, और हमें गर्व है कि वे हमारे मेयर हैं।
किसी देश की राजधानी में पहुंचने वाला दूसरे देश का राष्ट्रपति उस राजधानी के मेयर को लेकर इस तरह की घटिया और गंदी, नफरती और हिंसक बातें करे, और खुलकर यह कहे कि वह नहीं चाहता कि (उस शहर का प्रथम नागरिक) मेयर उसके स्वागत भोज में आए। पिछली आधी सदी की हमारी अंतरराष्ट्रीय मामलों की समझ और याददाश्त में ऐसा घटिया और कोई बयान दुनिया के किसी तानाशाह ने भी नहीं दिया, लेकिन गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को इस गंदे आदमी का कार्यकाल पूरा होने पर यह तय करने के लिए एआई की मदद लेनी होगी कि उसका सबसे घटिया बयान कौन सा था।
लेकिन दूसरे देशों के साथ ट्रंप जो कर रहा है, वह उसके अपने देश के साथ कुछ अधिक हद तक हो रहा है। हम किसी टोने-टोटके पर भरोसा नहीं करते, लेकिन यह मानते हैं कि लोगों के अच्छे और बुरे काम लौटकर उनके पास जरूर आते हैं, चक्रवृद्धि ब्याज सहित। अमरीकी वोटरों ने जिस तरह इस घटिया आदमी को चुना था, उसके दाम आज हर अमरीकी चुका रहे हैं। अमरीका में लोकतंत्र को तबाह करके ऐसा बना दिया गया है जैसाकि वह फिलिस्तीन के गाजा की इमारतें हों। लोकतंत्र के इस मलबे पर खड़े रहकर यह बददिमाग आदमी (इंसान लिखना ठीक नहीं है) जिस तरह अमरीका की हर परंपरा को खत्म कर रहा है, वहां की अर्थव्यवस्था को खत्म कर रहा है, दुनिया भर में अमरीका के पिछली आधी सदी में कमाए गए दोस्तों को खत्म कर रहा है, अमरीकी साख को खत्म कर चुका है, दुनिया में सामाजिक सरोकार की अपनी जिम्मेदारी को इस माफियानुमा कारोबारी ने गटर में बहा दिया है, इन सब बातों को देखकर लगता है कि गाजा में आधे लाख से अधिक जो बेकसूर औरत-बच्चे इजराइली हमलों में, अमरीकी बमों से मारे गए हैं, उन सबकी सामूहिक बद्दुआ अमरीका को लग रही है, और अमरीका आज अपने इतिहास के सबसे अस्थिर दौर से गुजर रहा है, तबाही की तरफ बढ़ रहा है। जहां तक भारत के लिए ट्रंप के रुख की बात है, तो यह आदमी अब तक 35-40 बार यह झूठ बोल चुका है कि उसने भारत और पाकिस्तान के बीच जंग रुकवाई है। ये दोनों ही देश इस बात का खंडन कर चुके हैं, लेकिन बेशर्म ट्रंप की जुबान बंद होने का नाम नहीं लेती है, और इस झूठ के सहारे वह नोबल शांति पुरस्कार की सीढ़ी चढऩे की कोशिश कर रहा है, खुलकर कई बार यह बोल चुका है कि वह यह पुरस्कार चाहता है। अमरीकी इतिहास का यह सबसे घटिया राष्ट्रपति जिस अंदाज में हर दिन हजार-पांच सौ बेकसूर फिलिस्तीनियों का कत्ल करवा रहा है, उसके बाद भी उसे नोबल शांति पुरस्कार पाने की हसरत है, यह बात हैरान करती है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक फैसले को देखते हुए उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने अभी एक आदेश निकाला है जो कि जाति व्यवस्था से लदे हुए उत्तरप्रदेश के लिए बड़ी अटपटी बात होगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अभी 16 सितंबर को यह निर्देश दिया है कि सडक़ों पर चलने वाली किसी गाड़ी पर जाति के नाम, नारे, या स्टिकर नहीं होने चाहिए। किसी भी तरह से गाड़ी चलाने वाले या मालिक की जाति की नुमाइश नहीं होनी चाहिए। अदालत ने कहा है कि ऐसे किसी भी जाति प्रदर्शन पर मोटर व्हिकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि पुलिस के दस्तावेजों में, किसी नोटिस में, जब तक जाति का उल्लेख कानूनी रूप से जरूरी न हो, (जैसे एसटी-एससी एक्ट के तहत दर्ज मामलों में जाति के आधार पर अलग कानून से कार्रवाई होती है) तब तक किसी की जाति का उल्लेख न किया जाए। अब यूपी सरकार ने पुलिस और अदालती रिकॉर्ड से जाति का कॉलम हटाने का आदेश निकाला है, और गाडिय़ों पर किसी भी जाति का जिक्र होने पर जुर्माना हो सकता है। सरकार ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पर जाति गौरव, या जातियों के बीच मनमुटाव बढ़ाने वाले कंटेंट पर निगरानी की जाए, और कार्रवाई की जाए। यूपी सरकार ने तो यह भी कहा है कि पूरे राज्य में जाति आधारित रैलियों, और राजनीतिक आयोजनों पर रोक लगाई जा रही है। देश के मोटरवाहन अधिनियम में वाहनों पर जाति या धर्म से संबंधित कोई भी स्टिकर लगाना गैरकानूनी है, इसमें पांच सौ रूपए से लेकर पांच हजार रूपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। पिछले बरस 13 सितंबर के यूपी हाईकोर्ट के आदेश में धर्म संबंधी स्टिकर पर भी कार्रवाई करने की बात की गई थी, और कहा गया था कि सरकार जाति-धर्म से जुड़े सभी स्टिकर, बोर्ड, झंडे तुरंत हटवाए, और चालान करने के अलावा जरूरत होने पर गाड़ी जब्त भी की जाए।
अब यह मामला तो इलाहाबाद हाईकोर्ट और यूपी सरकार का है, लेकिन मोटरवाहन अधिनियम तो पूरे देश पर एक सरीखा लागू है। उसी के प्रावधानों को अदालत ने कड़ाई से लागू करने के लिए कहा है। इसलिए इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्याय क्षेत्र से बाहर भी बाकी देश में भी इस पर अमल होना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने कुछ अलग मामलों में इसी तरह के आदेश दिए हैं कि गाडिय़ों पर जाति-धर्म, राजनीतिक पार्टी, या निजी पहचान के चिन्ह लगाना कानून गलत है। दिल्ली पुलिस ने 2022 में एक अभियान चलाकर जात-धरम के स्टिकर हटवाए थे। मध्यप्रदेश में 2023 में हाईकोर्ट के आदेश पर ऐसी ही कार्रवाई हुई थी। राजस्थान में 2022 में ऐसा किया गया था। हरियाणा और पंजाब में 2021-22 से पुलिस ऐसी कार्रवाई कर रही है, वहां हाईकोर्ट ने कहा था कि ऐसे स्टिकर जातिवाद और हिंसा को बढ़ावा देते हैं। इस तरह यह बात साफ है कि मोटरवाहन अधिनियम से लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों तक बार-बार यह बात सामने आई है कि गाडिय़ों पर जात-धरम की नुमाइश करना गैरकानूनी है, और जुर्माने से लेकर गाड़ी जब्ती तक कई तरह की कार्रवाई की जा सकती है।
अब हम जमीनी हकीकत पर आएं, तो न सिर्फ निजी गाडिय़ों पर, बल्कि सरकारी गाडिय़ों पर भी जात-धरम की नुमाइश धड़ल्ले से चलती है। मुस्लिमों के बीच जो शुभ संख्या मानी जाती है, वह 786 ऐसी बहुत सी सरकारी गाडिय़ों में नंबर प्लेट पर दिखती है जिन्हें सत्तारूढ़ नेता या अफसर अपने कार्यकाल में खरीदते हैं। अब यह धर्म से जुड़ा हुआ अंक जरूर है, लेकिन यह आरटीओ का दिया हुआ नंबर भी है। हो सकता है कि यह मामला मोटरवाहन अधिनियम, और अदालतों के आदेशों में न आए, लेकिन इस एक संख्या से लोगों को यह तो दिख ही जाता है कि यह किस धर्म के व्यक्ति की गाड़ी होने की संभावना है। लेकिन आरटीओ की दी हुई नंबर प्लेट से परे अगर देखें, तो उत्तर भारत के राज्यों में, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में दसियों लाख गाडिय़ां ऐसी हैं जिनमें जात और धर्म के स्टिकर लगे हैं, किसी धर्म के आराध्य की तस्वीरों के स्टिकर लगे हैं, तरह-तरह के धार्मिक नारे लिखे हैं। बहुत सी गाडिय़ां तो हम अपने आसपास ही ऐसी देखते हैं जिनमें नंबर प्लेट की जगह ब्राम्हण, ठाकुर, कुर्मी, जैसी कई तरह की जातियां लिख दी जाती हैं। कई गाडिय़ां ऐसी रहती हैं जिनकी नंबर प्लेटों पर नंबर तो नहीं रहता, लेकिन सिक्ख धर्म का निशान लगाया हुआ रहता है। और तो और अब तो कुछ ऐसे नंबर हैं जिनके अंकों को नंबर प्लेट पर इस तरह तोड़-मरोडक़र लिखा जाता है कि वे अंक नहीं दिखते, राम दिखते हैं। जात और धरम की नुमाइश, किसी भी ताकतवर, या अर्जी-फर्जी संगठनों के असली-नकली पदनामों वाली तख्तियां गाडिय़ों पर लगा दी जाती हैं, और ऐसी कई तख्तियां तो नंबर प्लेट की जगह लगा दी जाती हैं। मानवाधिकार के नाम पर देश में ढेर सारे फर्जी संगठन बने हैं, और उनके नाम, पदनाम के जिक्र वाली ऐसी नंबर प्लेट गाडिय़ों पर लगा दी जाती हैं जिनके पीछे पुलिस विभाग के रंग का बैकग्राउंड भी रहता है। मतलब यह कि अपनी असली या नकली ताकत की नुमाइश का कोई भी मौका लोग नहीं छोड़ते हैं।
मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक कुछ पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाडिय़ों की तस्वीरें और उनके वीडियो छाए हुए हैं जिनमें वे भारत के साथ हुए क्रिकेट मैच के दौरान तरह-तरह के इशारों से भारत की खिल्ली उड़ाते दिख रहे थे। कभी वे बल्ले को बंदूक की तरह दिखा रहे थे, तो कभी हाथों से हवाई जहाज गिरा देने के इशारे कर रहे थे कि किस तरह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कहा जा रहा है कि पाकिस्तान ने भारत के आधा दर्जन लड़ाकू विमान गिराए हैं। इनके अलावा हाथों की कुछ हरकतें अश्लील भी मानी जा रही है। इस टूर्नामेंट में इसके पहले भी पहले मैच के बाद भारत के खिलाडिय़ों ने पाकिस्तान के खिलाडिय़ों से हाथ मिलाने से इंकार कर दिया था जिसे खेलकूद की दुनिया में अशिष्टता माना जा रहा था। भारत में बहुत से तबकों की प्रतिक्रिया यह रही कि पहलगाम हमले के बाद और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान से जो तनातनी चल रही थी, पाकिस्तान पर भारत सरकार ने जो आरोप लगाए थे, उन्हें देखते हुए पाकिस्तान के साथ मैच खेलना ही नहीं था। भारत की नदियों से पाकिस्तान को जाने वाले पानी को लेकर भारत सरकार ने शुरू से कहा था कि खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते। ऐसे में भारत में बहुत से लोगों का यह मानना था कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट क्यों खेला जाए?
भारत सरकार की तरफ से यह सफाई दी गई थी कि चूंकि यह टूर्नामेंट दो देशों के बीच का नहीं था, बल्कि यह कई देशों के बीच का था, इसलिए भारत का इसमें खेलने से मना करना मुमकिन नहीं था। इस सरकारी कथन के जवाब में लोगों ने दुनिया के इतिहास के बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय, और बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की लिस्ट गिना दी थी कि कब और किस देश ने कौन से टूर्नामेंट का बहिष्कार किया था। लोगों ने इस बात के लिए भी आलोचना की थी कि क्रिकेट के साथ विज्ञापनों और स्पांसरशिप की कमाई जुड़ी रहती है, प्रसारण से भी कमाई होती है, इसलिए सिर्फ कमाई को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान से मैच का बहिष्कार नहीं किया गया। खैर, हम दो देशों के बीच के रिश्तों में गैरजरूरी बहिष्कार के खिलाफ रहते आए हैं, और भारत सरकार के कथन से सहमति या असहमति से परे हमारा यह मानना है कि सरहद पर चल रहे तनाव से खेलकूद, कला, संस्कृति, फिल्म, टेलीविजन, साहित्य को अलग भी रखा जा सकता है। हमने इस बात की भी वकालत की थी कि पाकिस्तान से बड़ी संख्या में जो जरूरतमंद लोग बड़े इलाज के लिए हिन्दुस्तान आते हैं, उसे जारी रखा जाना चाहिए। आम लोगों की आवाजाही चलने देनी चाहिए। लेकिन दोनों देशों ने अपनी-अपनी जमीन पर जब नफरत के फतवे हवा में गूंजते हैं, तो अक्ल किनारे धरी रह जाती है। राष्ट्रवादी और युद्धोन्मादी उन्माद लोगों के तर्क और न्याय की समझ को ढांक लेते हैं। ऐसे में हर चीज के बहिष्कार के फतवे होने लगते हैं, और इस बार के तनाव से पहले भी भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले तनाव के बाद से कारोबार पर रोक चली आ रही थी, जिससे इन दोनों ही देशों का बड़ा आर्थिक नुकसान हो रहा था।
अगर कुछ लोगों को लगता है कि सरहद की लड़ाई, या दूसरे की जमीन पर आतंकी हमले गैरफौजी, गैरराजनीतिक मामलों के बहिष्कार से थम जाएंगे, तो यह नासमझी की बात है। हम तो खून और पानी साथ-साथ बहने या न बहने जैसी बात के भी खिलाफ हैं। हम पड़ोसी देश के साथ रिश्तों को बेहतर बनाने के हिमायती हैं क्योंकि देश गरीब हो या अमीर हो, पड़ोसी से दुश्मनी बड़ी महंगी पड़ती है। और पाकिस्तान के क्रिकेट-बहिष्कार से भारत को भला क्या ही हासिल हो गया रहता, आज पाकिस्तान ने सऊदी अरब से जो फौजी संधि की है, वह हमारे हिसाब से तो पाकिस्तान के परमाणु बम बनाने के बाद का सबसे ताकतवर फौजी फैसला है। अगर किसी सरकार, या राजनीतिक ताकत का बस चलता, तो उन्हें ऐसी किसी संधि को रोकने की कोशिश करनी थी, लेकिन वह तो हुआ नहीं, अब क्रिकेट या टीवी कलाकारों के बहिष्कार से सिर्फ फतवों का पेट भरता है, देश की हिफाजत नहीं बढ़ती। आज पाकिस्तान-सऊदी फौजी पैक्ट से सऊदी की अथाह दौलत का जितना कुछ भी सहारा दीवालिया पाकिस्तान को मिलेगा, वह कम नहीं रहेगा, और सऊदी को अपने दुश्मनों के किसी हमले, या उनके साथ जंग की नौबत में पाकिस्तान की परमाणु हथियार क्षमता का पूरा साथ मिलेगा। इधर हिन्दुस्तान के लोग पाकिस्तान से क्रिकेट के खिलाफ रोना रो रहे हैं, और उधर शायद भारत सरकार को पाक-सऊदी इस नए याराना की खबर भी नहीं हुई। जब भी कोई देश गैरजरूरी और सतही भावनात्मक, या चर्चित मुद्दों में उलझ जाता है, तो वह असल खतरों को अनदेखा करने की कीमत पर ही ऐसा कर पाता है।
पूरे देश से ही इन दिनों ऐसी खबरें आ रही हैं कि शेयर बाजार में पूंजीनिवेश का झांसा देकर, या क्रिप्टोकरेंसी में पैसा लगाकर, किसी चिटफंड कंपनी का सदस्य बनाकर लोगों को लूटा जा रहा है। यह लूट ठगी या जालसाजी से थोड़ी सी अलग इसलिए है कि डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी देकर, जिन लोगों को ब्लैकमेल किया जाता है, निचोड़ लिया जाता है, उनसे ये मामले अलग हैं। ये मामले अधिक रकम कमाने की लालच में लोगों के खुद पूंजीनिवेश करने के हैं। इनमें दिया गया धोखा थोड़ा अलग किस्म का है, लेकिन अपनी जिंदगी भर की जमा पूंजी लुटाकर, नोटों के पेड़ पाने की लालच में ऐसा करने वाले लोग कम नहीं हैं। कल भी छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक आदमी-औरत पकड़ाए हैं जिन्होंने शेयर बाजार से अंधाधुंध कमाई का झांसा देकर लोगों से 12 करोड़ रूपए ठग लिए। शेयर बाजार में नामौजूद कंपनियों के नाम पर लोगों ने धोखा खाया। पिछले पांच बरस से हम हर हफ्ते चिटफंड कंपनियों के लोगों की गिरफ्तारियां देखते आ रहे हैं, लेकिन गिरफ्तारियों से बावजूद डूबी हुई रकम तो अब वापिस आ नहीं सकती।
आज बैंकों और कुछ दूसरे सरकारी वित्तीय संस्थाओं की बहुत सी भरोसेमंद योजनाएं हैं जिनमें लोग पैसा जमा करके, या लगाकर ठीकठाक कमाई कर सकते हैं। इनमें से जो योजनाएं शेयर मार्केट में पूंजीनिवेश की हैं, उनमें भी लोगों के पास यह अलग-अलग पसंद रहती है कि वे कुछ अधिक कमाई के लिए कुछ अधिक खतरे वाली कंपनियों में पूंजीनिवेश करना चाहते हैं, या अधिक सुरक्षित कंपनियों में पूंजीनिवेश वाली कम मुनाफे की योजनाओं में पैसा डालना चाहते हैं। खतरों से खेलने की ये सीमाएं सरकारी और बड़े निजी बैंकों में मौजूद हैं, और योजनाओं में काफी हद तक सीमाओं और संभावनाओं की जानकारी भी दी जाती है। ऐसी पॉलिसी या डिपॉजिट स्कीम बेचने के लिए इन सबके एजेंट भी हैं, लेकिन जो भी वित्तीय संस्थान धोखाधड़ी की नीयत नहीं रखते हैं, वे सपने नहीं दिखा सकते, वे सीमाएं और संभावनाएं बता सकते हैं। इस बीच लोगों को सपने देखने की चाह ऐसी रहती है कि वे जालसाजों की दिखाई राह पर दौड़ पड़ते हैं। आज चारों तरफ जो लोग जालसाजी के शिकार हैं, वे ऐसे ही लोग हैं जो कि नोटों का पेड़ पाने के लिए जमीन में नोट दफन करके उसे खाद-पानी देने को तैयार हो जाते हैं, और जालसाज उन नोटों को लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं।
हम सरकार की कुछ दूसरी कमियों और खामियों की चर्चा तो करते रहते हैं जिनकी वजह से जालसाजी और धोखाधड़ी पनपती और बढ़ती हैं, लेकिन पूंजीनिवेश को लेकर हम यह नहीं कह सकते कि सरकार, या सरकार के मान्यता प्राप्त भरोसेमंद बैंकों की कमी है, उनकी योजनाएं नहीं हैं, इसलिए लोग जालसाजों की पूंजीनिवेश योजना की तरफ जाने को मजबूर होते हैं। भारत में आज सरकार की मान्यता प्राप्त और सरकारी निगरानी वाली हजारों योजनाएं लोगों के सामने हैं, लेकिन किसी भी कानूनी और जायज योजना की तरह उनके मुनाफे की एक सीमा है। और लोगों की टकसाल की रफ्तार से कमाई की हसरत ऐसी है कि उसे लेकर एक पुराना फिल्मी गाना याद आता है, कई बार यूं ही देखा है, ये जो मन की सीमा रेखा है, मन तोडऩे लगता है...। इस गाने में जिस प्रेम का जिक्र है, उसे अगर कमाई की चाहत की तरह देखें, तो लोग अपनी बुद्धि की सुझाई गई सीमा रेखा को अक्सर तोडऩे लगते हैं क्योंकि उन्हें किसी जालसाज के दिखाए गए हसीन सपनों की मृगतृष्णा हकीकत लगने लगती है।
अब कोई अनपढ़ हो, अखबारों से परे हो, तो उसे जालसाजी से अनजान रहने का संदेह का लाभ दिया जा सकता है। लेकिन जो लोग हर दिन के अखबार में एक-एक दर्जन जालसाजी की खबरें पाते हैं, वे भी अगर पहला मौका मिलते ही अगले जालसाज को अपनी सारी बचत देने को बेताब रहते हैं, तो उन्हें कौन बचा सकते हैं? अखबार आज भी अधिकतर आबादी को हासिल हैं। और अगर अखबार खुद ही किसी जालसाजी की योजना में हिस्सेदार न हों, तो वे दूसरी जालसाजी की खबरें भी छापते रहते हैं। कुल मिलाकर आज के इस डिजिटल दौर में लोगों को छपे हुए शब्दों से परे भी खबरें हासिल हैं, और उन्हें पढक़र सबक लेने को विलासिता मानते हुए 40 फीसदी जीएसटी भी नहीं है। ऐसे में अगर लोग आज भी अपनी मेहनत, या हराम की दौलत को दांव पर लगाने के लिए बेसब्र और उतारू रहते हैं, तो क्या किया जा सकता है? किसी को फर्जी ओटीपी भेजकर उसका बैंक खाता खाली कर देना एक अलग किस्म का जुर्म है, और उस जुर्म के शिकार मोटी कमाई की चाह में पूंजीनिवेश नहीं करते हैं। लेकिन जालसाजों की फर्जी योजनाओं में रातों-रात छप्परफाड़ कमाई की उम्मीद में अवैध प्लॉटिंग की जमीन खरीदने वाले जानते-बूझते लोगों की तरह पैसा लगाने वालों को कौन बचा सकते हैं? अवैध प्लॉटिंग में तो फिर भी प्लॉटिंग अवैध रहती है, जमीन के टुकड़े का अस्तित्व तो रहता है, फर्जी पूंजीनिवेश में तो फर्जी, पूंजी, और निवेश, ये तीनों ही शब्द फर्जी रहते हैं।
किसी देश के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हितों के बारे में वहां की जनता को भी अपनी सरकार के बयान से परे फिक्र रखनी चाहिए। सरकारों की अपनी सीमाएं रहती हैं कि वे सार्वजनिक रूप से क्या कहें, और क्या न कहें। हर सरकार तो अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प सरीखी गैरजिम्मेदार नहीं हो सकतीं, कि मुंह खोले और बकवास करे। इसलिए जनता को अपनी सरकार के कहे बिना भी कई चीजों को समझते रहने की कोशिश करनी चाहिए। अब अभी भारत के पड़ोसी, और फौजी मामलों में सबसे बड़े दुश्मन देश पाकिस्तान का सऊदी अरब के साथ एक अभूतपूर्व और चौंकाने वाला फौजी समझौता हुआ है। इस सैन्य समझौते के तहत अब पाकिस्तान और सऊदी अरब एक-दूसरे पर हुए किसी भी हमले की नौबत में उसे अपने पर हमला मानेंगे। पाकिस्तान ने चार कदम आगे बढक़र यह भी कहा है कि उसकी परमाणु क्षमता भी सऊदी अरब के साथ रहेगी। अभी तक इस समझौते की शब्दावली सामने नहीं आई है, लेकिन यह बात साफ है कि ये दोनों देश फौजी मामलों में एक-दूसरे के इतने करीब कभी नहीं थे। भारत के लिए यह फिक्र की बात इसलिए है कि पाकिस्तान परमाणु हथियार संपन्न, और आर्थिक रूप से विपन्न देश है, और सऊदी अरब परमाणु हथियार के बिना है, लेकिन उसका बहुत बड़ा खजाना है। एक सहज बुद्धि से इन दो बातों को जोडक़र देखें तो ऐसा लगता है कि यह खाली पड़े पीपल को बेघर भूत मिलने सरीखा है, एक को घर मिला, और दूसरे को किराएदार।
हम अभी इस पूरे मामले की जटिलता को समझने की कोशिश ही कर रहे हैं, क्योंकि फिलीस्तीन पर हमला करते-करते अभी इजराइल ने फिलीस्तनी संगठन हमास के नेताओं को मारने के नाम पर एक मुस्लिम देश कतर पर जिस तरह हवाई हमले किए, उससे नुकसान तो बहुत कम हुआ, लेकिन मुस्लिम देश हड़बड़ाकर जिस तरह एक साथ बैठे हैं, वैसा शायद ही पहले कभी हुआ हो। गाजा में 65 हजार लोगों का कत्ल हो गया, लेकिन मुस्लिम देशों के चेहरों पर शिकन नहीं पड़ी, लेकिन संपन्न देशों के बीच के एक देश कतर पर जरा सा हवाई हमला हुआ, तो इस्लामिक देश इकट्ठे होकर इस्लामिक नाटो बनाने की बात करने लगे। लोगों को मालूम ही है कि नाटो एक सैनिक संगठन है जिसमें योरप के देशों के साथ-साथ अमरीका भी है, और यह संगठन हाल के बरसों की लड़ाई में यूक्रेन का साथ दे रहा है, और रूस के खिलाफ खड़ा हुआ है। इसी किस्म का कोई संगठन इस्लामिक देशों के बीच बन सके, यह बहुत आसान शायद न हो, लेकिन भारत के लोगों को यह याद रखना चाहिए कि अगर ऐसा कोई संगठन बनता है, तो पाकिस्तान तो उसका अनिवार्य हिस्सा रहेगा, और भारत उसके बाहर ही रहेगा। ऐसे में परमाणु हथियार संपन्न पाकिस्तान रणनीतिक महत्व किसी भी तरह के इस्लामिक सैनिक संगठन में बहुत अधिक रहेगा, और हो सकता है कि यह उसकी मौजूदा फटेहाली का एक समाधान भी हो सके। यह बात कहना बहुत तर्कसंगत और न्यायसंगत तो नहीं होगा, लेकिन इस तस्वीर को देखने का एक सहज नजरिया यह भी हो सकता है कि अतिसंपन्न इस्लामिक देशों के हाथ आज के अतिविपन्न पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की ताकत एक किस्म से भुगतान पर हासिल रहेगी।
यह पूरी तस्वीर बहुत ही बिखरी हुई, और विशाल है, इसलिए हम सिर्फ इसके कुछ हिस्सों की चर्चा कर रहे हैं, कोई निष्कर्ष नहीं निकाल रहे हैं। सउदी अरब पाकिस्तान के साथ से हासिल किसी भी तरह की ताकत से ईरान और इजराइल, दोनों परस्पर दुश्मन देशों के खिलाफ अपना बाहुबल बढ़ा सकता है। इस तस्वीर में कुछ विरोधाभासी बातें भी हैं कि सऊदी अरब अमरीका से भी ठीक रखेगा, लेकिन इजराइल के खिलाफ रहेगा। आज इजराइल पर यह खतरा मंडरा रहा है कि अगर पाकिस्तान की परमाणु क्षमता तक सऊदी अरब की पहुंच हो गई है, तो यह सीधे-सीधे इजराइल के अस्तित्व पर एक खतरा भी है। दूसरी तरफ मुस्लिम देशों के संगठन इजराइल के खिलाफ तो हैं, लेकिन सारे के सारे देश इजराइल से फौजी-दुश्मनी निभाना चाहते हों, ऐसा भी नहीं है। इस तरह बड़े जटिल और विसंगतियों भरे हुए मुस्लिम देशों के आपसी रिश्तों पर यह ताजा पाक-सऊदी फौजी समझौता क्या फर्क डालेगा, यह अभी साफ नहीं है। लेकिन यह बात तय है कि इजराइल और अमरीका अपने मुस्लिम-विरोधी रूख के चलते तमाम मुस्लिम देशों को एक साथ बैठने का एक मौका जुटाकर दे रहे हैं, और इनकी संपन्नता किस तरह एक फौजी ताकत में बदल सकती है, यह आने वाला वक्त बताएगा।
नेपाल में अभी हुए आंदोलन में राजधानी काठमांडू के बाहर भी सरकारी दफ्तरों, और सरकारी सम्पत्ति को खूब नुकसान हुआ। एक अमरीकी अखबार की रिपोर्ट बताती है कि संसद, सुप्रीम कोर्ट, और सैकड़ों सरकारी दफ्तरों में लगी आग से इमारतें जल गईं, और दसियों लाख फाईलें खत्म हो गईं। सुप्रीम कोर्ट में 60 हजार से ज्यादा मुकदमों की फाईलें पूरी तरह जल गईं, और कम से कम 20 मंत्रालयों की इमारतें, और तमाम कागज खत्म हो गए। संसद, राष्ट्रपति भवन, और प्रधानमंत्री कार्यालय के सारे कागज जल गए। जन्म-मृत्यु के रिकॉर्ड, कंपनियों के रिकॉर्ड, बैंकों के जमा और निकासी के रिकॉर्ड खत्म हो गए। कुल मिलाकर हालत यह है कि नेपाल ने आनन-फानन एक कामचलाऊ सरकार तो बना ली, लेकिन न मंत्रालय रह गए, न दफ्तर, और पुलिसवाले बिना इमारत, बिना गाड़ी, कहीं भी तम्बू लगाकर काम कर रहे हैं। जब जनआक्रोश बेकाबू होता है, और उसके निशाने पर सरकार ही रहती है, सरकार के कामकाज से उसे नफरत हो जाती है, वह सरकार को पलट देना चाहता है, तब वह इस तरह की आत्मघाती बर्बादी करता है जो कि सरकार के जाने के बाद भी कायम और जारी रहती है। अब जिस सरकार को हटाना था, वह श्रीलंका में भी हटा दी गई, बांग्लादेश और नेपाल में हटा दी गई, अफगानिस्तान और सीरिया में हटा दी गई, लेकिन जहां-जहां सार्वजनिक सम्पत्ति, और सरकारी कागजात को जलाया गया, उसकी कोई भरपाई नई और पसंदीदा सरकार के बन जाने पर भी नहीं हो पाएगी।
जले हुए नेपाल की इस हालत से छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में अभी कुछ अरसा पहले एक आंदोलन के बाद कलेक्टर और एसपी दफ्तरों की इमारतों को लगाई गई आग याद पड़ती है जिसमें बाहर खड़ी हुई गाडिय़ों सहित सब कुछ जला दिया गया था। यह मौका भी बड़ा अजीब था कि भारत के किसी जिले में कलेक्टर-एसपी के दफ्तर इस तरह जला दिए गए थे। आंदोलनरत मणिपुर में ऐसा हुआ कि वहां भी बहुत सारे सरकारी दफ्तर, और बहुत सी सार्वजनिक सम्पत्ति जला दी गई। ऐसी नौबत के बारे में देश को सोचना चाहिए कि मांगें पूरी होने के बाद भी यह नुकसान तो किसी तरह वापिस नहीं जाता। लेकिन जब हम देश के सोचने की बात करते हैं तो हमारे सामने कुल मिलाकर एक उन्मादी भीड़ रहती है, जिसका निशाना सार्वजनिक या सरकारी सम्पत्ति रहती हैं, और बहुत से मामलों में निजी सम्पत्तियां भी रहती हैं। कई आंदोलनों में निजी गाडिय़ों को, दुकानों और बाजारों को भी जला दिया जाता है जिनके बारे में ऐसे कानून बने हैं कि आंदोलनकारियों से ही ऐसे नुकसान की भरपाई की जाएगी। लेकिन सरकारी रिकॉर्ड जल जाने की भला क्या भरपाई किसी से की जा सकती है?
देश में उत्तेजना और उन्माद के माहौल में भी, सार्वजनिक हिंसा के बीच भी निशाना किसे बनाया जाए, और किसे छोड़ा जाए, यह फर्क कर पाना आसान नहीं रहता है। किसी समझदार ने बहुत पहले यह लिखा था- कि भीड़ में सिर बहुत रहते हैं, दिमाग कोई नहीं रहता। इसलिए भीड़ से किसी तर्कसंगत, और न्यायसंगत फैसले और कार्रवाई की उम्मीद नहीं की जा सकती। जो लोग भी अपने देश या अपने समाज की शान में सामूहिक जनचेतना जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि जापान, या योरप के कुछ बहुत जिम्मेदार, सभ्य और विकसित लोकतंत्रों को छोड़ दें, तो बाकी जगहों पर सामूहिक जनचेतना हर जगह गौरवशाली नहीं रहती। बहुत सी जगहों पर, या कि अधिकतर जगहों पर सामूहिक जनचेतना बड़ी आसानी से नफरत और हिंसा की तरफ मुड़ जाती है, और मुल्क के कानून के खिलाफ हाथों में पत्थर उठा लेती है। सामूहिक जनचेतना का नाम बड़ा होता है, उसका दर्शन छोटा। लोकतंत्र अपनी व्यवस्था को बहुत सभ्य साबित करने के लिए, या अपने नागरिकों को परिपक्व दिखाने या बनाने के लिए सामूहिक जनचेतना जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता है, लेकिन वे मृगतृष्णा सरीखे रहते हैं, उनका कोई अस्तित्व नहीं रहता। और फिर दूसरी तरफ देशों को अपनी सरकारी इमारतों और सार्वजनिक सम्पत्ति को बचाने के लिए जितनी बड़ी पुलिस और फौज की जरूरत रहती है, उसका खर्च बहुत संपन्न देश भी नहीं उठा पाते। जिन देशों में लोकतंत्र नहीं रहता है, वहां शाही या फौजी हुकूमत, कमजोर लोकतांत्रिक अधिकारों की वजह से आंदोलनों को कुचल पाते हैं, लेकिन जहां कहीं भी लोकतंत्र की जगह रहती है, वहां हालात बड़ी तेजी से बेकाबू हो जाते हैं, जैसे कि अभी-अभी नेपाल में चार दिन के भीतर ही हो गए थे।
महाराष्ट्र में अभी ठाणे की एक अदालत में 2015 के दंगों के मामले में सभी 17 आरोपियों को बरी कर दिया। इस दंगे में सार्वजनिक सम्पत्ति की बड़ी बर्बादी की गई थी, और पुलिसवालों को भी हमले में चोटें लगी थीं। एक जिला अदालत ने यह पाया कि हथियारों से लैस भीड़ में रेलवे स्टेशन पर भीड़ के बीच यह दंगा किया था, लेकिन पुलिस आरोपियों की न तो पहचान स्थापित कर सकी, और न ही सुबूत पेश कर सकी। जज ने माना कि जांच में बहुत कमजोरियां रहीं। और इस आधार पर सारे के सारे लोग अदालत से छूट गए। लोगों को याद होगा कि अभी पिछले महीनों में ही हफ्ते भर के फासले से दो फैसले आए, एक में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, और उनके साथ के लोग मालेगांव बम धमाके केस से बरी हो गए, और एक दूसरे मामले में मुम्बई ट्रेन विस्फोट के सारे मुस्लिम आरोपी बरी हो गए क्योंकि जांच एजेंसियां अदालत में उनके खिलाफ अपराध साबित नहीं कर पाई।
इससे भारत की पुलिस और दूसरी जांच एजेंसियों की हालत पर भी गंभीर सवाल उठते हैं, और इस बात पर भी कि क्या जांच एजेंसियां सत्तारूढ़ पार्टी के किसी दबाव में, या कि किसी और तरह के असर से जांच को इतना कमजोर कर देती हैं कि अदालत किसी को सजा नहीं दे पाती? जो लोग किसी मामले की जांच को करीब से देखते हैं, या कि पुलिस और न्याय प्रक्रिया को बेहतर तरीके से जानते हैं, उन्हें यह मालूम रहता है कि कमजोर कड़ी कहां-कहां रहती है। किन गवाहों को खरीदा जा सकता है, कौन से जब्त दस्तावेज गायब हो सकते हैं (जैसा कि साध्वी प्रज्ञा के केस में हुआ), अपराध अनुसंधान प्रयोगशाला में कौन-कौन से सुबूत बदलवाए जा सकते हैं, जांच अफसर को किस तरह दबाव या लुभाव से प्रभावित किया जा सकता है, और अदालत में पहुंचने के बाद न्याय प्रक्रिया को कैसे प्रभावित किया जा सकता है। भारत में लोग यह बात भी अच्छी तरह जानते हैं कि शिकायतकर्ता से लेकर गवाह तक को बाहर कैसे धमकाया जा सकता है। देश के बड़े-बड़े बहुचर्चित मामले ऐसे भी हैं जिनमें शिकायतकर्ता या गवाह का कत्ल हो जाता है। आसाराम का मामला हो, या मध्यप्रदेश में व्यापमं घोटाला हो, इनमें गवाह, आरोपी, या शिकायतकर्ता इतनी बड़ी संख्या में मारे गए कि उसके बाद न्याय प्रक्रिया मखौल सरीखी हो गई।
भारत में अभी तो लोग इसी बात पर फिक्रमंद रहते हैं कि निचली अदालतों में करोड़ों मामले बरसों से पड़े हुए हैं, और इनके निपटारे के लिए क्या किया जाए। दूसरी तरफ जिस पर अधिक चर्चा नहीं होती है, वह जांच एजेंसियों की है। देश के बहुत से कानून अभी इसी बरस बदले हैं, और जांच एजेंसियों के पुराने कर्मचारी इनसे अच्छी तरह परिचित भी नहीं है। अब अपराध की जांच के साथ कई तरह की शर्तें जोड़ दी गई हैं, और उन शर्तों को अगर बारीकी से पूरा नहीं किया जाएगा, तो आरोपियों के वकील बड़ी आसानी से पुलिस केस की धज्जी उड़ा देंगे। आज भी बहुत से मामलों में जहां यह जाहिर रहता है कि मुजरिम कौन हैं, वहां भी जांच या अदालती प्रक्रिया की कमजोरी की वजह से वे छूट जाते हैं। यह नौबत देश के लिए शर्मनाक है, लेकिन यह लोकतंत्र अधिक फिक्रमंद नहीं है। आबादी का सबसे बड़ा हिस्सा धर्म में इस तरह जुड़ा हुआ है कि मानो ईश्वर हर चीज का इंसाफ कर देगा, हर गुनहगार को सजा दे देगा। जबकि ईश्वर का असर जज, सरकारी वकील, पुलिस, और गवाह पर आमतौर पर मुजरिम को बचाने के लिए पड़ता है, शिकायतकर्ता या जुर्म के शिकार को इंसाफ दिलाने के लिए नहीं। धर्म में बुरे को बचाने की अपार क्षमता रहती है, और देश की आबादी का तकरीबन पूरा ही हिस्सा किसी न किसी धर्म के नशे में डूबा हुआ है। उसे यह लगता है कि इस जन्म में जो बुरा उनके साथ हो रहा है, वह उनके पिछले जन्म के कुकर्मों का नतीजा है, और इस जन्म में वे जितना बर्दाश्त करेंगे, त्याग करेंगे, अगले जन्म में उन्हें उतना ही सुख मिलेगा। इसलिए वे इंसाफ की बात सोचते भी नहीं हैं। धर्म नाम का नशा लोगों की तर्कशक्ति, न्यायशक्ति, इन सबको कमजोर कर देता है। इसलिए लोग बेइंसाफी को देखते हुए भी उसके खिलाफ बागी नहीं होते हैं, और यही वजह है कि पुलिस, और दूसरी जांच एजेंसियां लापरवाही से लेकर मनमानी तक कई तरह की गलत बातें करती हैं, और मुजरिम बच निकलते हैं।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 24 साल पुराने एक बलात्कार-प्रकरण में जिला अदालत की दी गई सजा को अभी रद्द कर दिया है, और आरोपी को घटना के समय नाबालिग पाकर उसके मामले को अब किशोर न्याय बोर्ड को भेजा है। हाईकोर्ट ने यह भी कहा है कि इस मामले में बोर्ड छह महीने के भीतर फैसला दे। 2001 के इस मामले में 2002 में सात साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी, और इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। यह मामला परिवार के भीतर एक नाबालिग लडक़ी, और उसके मौसेरे भाई के बीच का था, और घर में हुए इस बलात्कार पर गांव की पंचायत के बाद पुलिस में रिपोर्ट लिखाई गई थी। स्कूली रिकॉर्ड के मुताबिक यह लडक़ा घटना के वक्त 17 बरस से कम का था।
अब इससे कई सवाल उठते हैं, जिन पर हम यहां चर्चा करना चाहते हैं। पहली बात तो यह कि घर के भीतर करीबी रिश्तेदार नाबालिग भाई-बहनों के बीच इस तरह का खतरा कहीं भी खड़ा हो सकता है, और परिवारों को यह सोचना चाहिए कि वे अपने बच्चों को किस तरफ सही राह पर रख सकें। इसके लिए कई बार यह भी हो सकता है कि घर-परिवार के भीतर भी मां-बाप, या परिवार के दूसरे लोगों को एक सावधानी बरतनी होगी, ताकि ऐसी नौबत ही न आए, ऐसा खतरा ही खड़ा न हो सके। ये तो कमउम्र किशोर-किशोरियां थे, इसलिए यह माना जा सकता है कि बहुत अधिक परिपक्व नहीं थे। लेकिन परिवारों में बालिग रिश्तेदारों के बीच भी जगह-जगह जबर्दस्ती सेक्स के मामले सामने आते हैं, और उससे दर्जनों गुना अधिक मामले शायद कभी सामने आते ही नहीं हैं। इसलिए जैसा कि बड़े बुजुर्ग कहते आए हैं, आग और घी को पास नहीं रखना चाहिए। परिवारों को ऐसी स्थितियों का ध्यान रखना चाहिए जिनमें ऐसे वर्जित, या अवांछित संबंध हो सकते हैं। और बात सिर्फ अदालत से सजा दिलवाने तक की नहीं है, जब कभी परिवार में, करीबी रिश्तों में, या अड़ोस-पड़ोस में ऐसी अवांछित बातें होती हैं, तो उससे पारिवारिक और सामाजिक कड़वाहट भी पैदा होती है, और लंबे समय का नुकसान होता है। परिवार के भीतर ही एक बलात्कार की शिकार रहे, और परिवार के करीबी, या दूर के रिश्तेदार बरसों के लिए जेल में रहें, तो इससे परिवार का ढांचा भी चरमरा जाता है। सबसे अच्छी नौबत तो यही है कि लोग अपने बच्चों को किशोरावस्था में जाने के पहले भी अच्छे और बुरे स्पर्श के बारे में बताकर रखें, और उन्हें अकेले किसी खतरनाक नौबत में न छोड़ें। यह कहते हुए हमको इस बात का पूरा अहसास है कि गरीब मां-बाप के पास एक कमरे के मकान में न तो बच्चों को अलग से बचाकर रखने और सुलाने की गुंजाइश रहती है, और न ही मां-बाप दोनों मजदूरी पर जाते हुए बच्चों की चौकसी कर सकते। ऐसे में अड़ोस-पड़ोस के लोगों को मिलकर एक सामाजिक-सुरक्षा की सोच भी विकसित करनी चाहिए। यह बात भी हमारे लिए कहना आसान है, लेकिन इस पर अमल काफी मुश्किल होगी।
दूसरी बात यह कि जिला स्तर के सत्र न्यायालय ने 2002 में बलात्कार के इस मामले में आरोपी नाबालिग को जो सजा दी थी, उसे हाईकोर्ट ने खारिज करते हुए उसी लडक़े के स्कूली रिकॉर्ड के मुताबिक उसे नाबालिग माना है। अब सवाल यह उठता है कि स्कूली रिकॉर्ड तो सत्र न्यायालय में भी रखे गए होंगे, और उन्हीं के आधार पर सात बरस की कैद हुई। हाईकोर्ट ने कुछ अधिक बारीकी से ये दस्तावेज परखे होंगे, और अब तक बालिग मानकर सजायाफ्ता इस लडक़े को अब किशोर न्यायालय भेजा है। यह चूक किसी नाबालिग की जिंदगी में बहुत बड़ी हो सकती है, हुई है, जिसमें उसमें बालिगों की जेल में रखा गया होगा, और बालिग की तरह नाबालिग से बलात्कार की सात बरस की सजा सुनाई गई। हाईकोर्ट को इस एक मामले में दिए गए अपने फैसले से परे भी यह सोचना चाहिए कि आगे किसी नाबालिग के साथ उम्र की सीमा रेखा पर ऐसी चूक न हो, उसके लिए क्या सावधानियां बरती जाएं, इसकी एक लिस्ट बनानी चाहिए। यह एक अलग बहस का मुद्दा होगा कि बलात्कार और हत्या जैसे कुछ किस्म के मामलों में नाबालिग को बालिग मानकर केस चलाने, या बालिग होने की उम्र को कम करने पर सुप्रीम कोर्ट में एक अलग बहस चल रही है। हम उस बहस को यहां जोडऩा नहीं चाहते, क्योंकि हम यहां परिवार और जिला अदालत की सावधानी पर ही चर्चा केन्द्रित रखना चाहते हैं।
देश की एक पर्यावरण-संस्था आई-फॉरेस्ट की अभी जारी हुई राष्ट्रीय सर्वे रिपोर्ट कहती है कि भारत में एयरकंडीशनरों से निकलने वाली ग्रीन हाऊस गैसें अब देश में वाहनों के प्रदूषण से निकलने वाली गैसों के बराबर हो गया है। और अगर इस पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई, तो अगले दस बरस में एसी-प्रदूषण, वाहन-प्रदूषण से दुगुना हो सकता है। इस सर्वे में यह पाया गया है कि 42 फीसदी एयरकंडीशनरों को हर साल गैस री-फिलिंग की जरूरत पड़ती है। इस संस्था का कहना है कि एसी से गैस रिसाव कम करना, कुछ हद तक एक समाधान हो सकता है। एयरकंडीशनरों, और गाडिय़ों, दोनों से ही होने वाले गैस-उत्सर्जन से भारत के पर्यावरण को खतरा हो रहा है, और यह जलवायु परिवर्तन में एक जिम्मेदार पहलू है। विज्ञान की मामूली जानकारी बताती है कि ग्रीन हाऊस गैसों से लोबल वॉर्मिंग बढ़ती है, ओजोन परत को नुकसान पहुंचता है, और ओजोन परत के कमजोर होने से, उसमें छेद होने से, सूरज की नुकसानदेह अल्ट्रावॉयलेट किरणें अधिक आती हैं जिससे पर्यावरण असंतुलन बढ़ता है, और प्राणियों में त्वचा कैंसर पैदा होता है।
अब हम इस अध्ययन, और पर्यावरण से जुड़ी बारीक तकनीक को छोडक़र एक बहुत ही मामूली समझ की बात करें तो यह बात जाहिर है कि भारत में एयरकंडीशनर लगाने और सुधारने का काम बड़ी संख्या में अप्रशिक्षित लोग करते हैं। मोटेतौर पर बेरोजगार नौजवान जो कि मजदूरी के लायक रहते हैं, वे ही एसी उठाने, चढ़ाने, लगाने, सर्विस करने, और मरम्मत करने का काम करते रहते हैं। फिर भारत में बहुत हाईक्वालिटी के पुर्जों के इस्तेमाल का चलन भी कम है। एसी के भीतर लगने वाले पुर्जे, उसमें भरी जाने वाली गैस लोगों को अपनी नजरों से तो दिखती नहीं हैं, इसलिए वे पूरी तरह अप्रशिक्षित कर्मचारियों की कही बातों पर आश्रित रहते हैं। भारत में सर्विस का स्तर आमतौर पर बहुत घटिया है, नकली पुर्जों का चलन खूब है, और कामगारों में बेईमानी आम बात है। फिर गैस से जुड़ी हुई प्रणाली की बारीकी से जांच करने के बजाय लोग भारत की बहुत आम, जुगाड़-तकनीक से काम चला लेते हैं, और ऐसे में गैस लीक होने का खतरा अधिक रहता है। फिर भी हम यह नहीं मानते कि यह कारों से निकलने वाले प्रदूषण के साथ तुलना के लायक नहीं है, क्योंकि कारों का प्रदूषण नापने वाले सेंटर बिना कुछ जांचे फर्जी सर्टिफिकेट देते रहते हैं, और चूंकि भारत में बचाव लागू करने के सभी काम एक जैसी बेईमानी, लापरवाही, और गैरपेशेवर अंदाज से होते हैं, इसलिए किसी एक के आंकड़े ही गलत होते हों, ऐसा नहीं होता।
लेकिन इस खतरे को समझने की जरूरत है कि कारों का एक हिस्सा बैटरी से चलने वाला होते जा रहा है, और गाडिय़ों की बढ़ती संख्या में प्रदूषण उस अनुपात में नहीं बढ़ेगा। दूसरी तरफ एसी के नए-नए ग्राहक पैदा हो रहे हैं, पुराने ग्राहकों के घर-दफ्तर, या दुकान में एसी की गिनती बढ़ती जा रही है, और अब एसी शान-शौकत के बजाय मामूली सहूलियत का सामान बन चुका है, इसलिए उसका इस्तेमाल बढ़ते जा रहा है, और उसी अनुपात में गैस लीक होना भी। अब विज्ञान और टेक्नॉलॉजी के सामने यह चुनौती है कि पर्यावरण के लिए नुकसानदेह एसी-गैस को कैसे कम नुकसानदेह गैस से बदला जाए, और दूसरी तरफ कारों या दूसरी गाडिय़ों के प्रदूषण को कैसे घटाया जाए। आई-फॉरेस्ट के अध्ययन में इन दो परस्पर असंबद्ध बातों को तुलना के लिए जरूर सामने रखा गया है, लेकिन इन दोनों का आपस में कोई भी रिश्ता नहीं है, और इन दोनों का अलग-अलग समाधान किया जाना जरूरी है।
फिलहाल हम जितनी बातें कर रहे हैं, वे एक नासमझी की अधिक हैं। समझदारी तो यह होगी कि निजी गाडिय़ों के सार्वजनिक परिवहन के विकल्प सोचे जाएं, और उन पर तेजी से अमल किया जाए। फिर धरती के वायुमंडल की गर्मी अंधाधुंध बढऩे दी जाए, और अपने कमरों को ठंडा रखने के लिए एसी का अंधाधुंध इस्तेमाल किया जाए। ये दोनों ही बातें आज अदूरदर्शिता से सोची जा रही हैं। निजी गाडिय़ां अगर बैटरी वाली भी हैं, तो भी वे किसी बैटरी-बस के मुकाबले धरती पर बहुत अधिक बोझ है, बनाने में भी, और बिजली से बैटरी चार्जिंग में भी। जरूरत इस बात की है कि सार्वजनिक परिवहन की गाडिय़ां, चाहे वे बसें हों, चाहे मेट्रो या दूसरे किस्म की ट्रेन हों, उन्हें निजी गाडिय़ों के मजबूत विकल्प की तरह चलन में लाना होगा। दूसरी तरफ शहरों में पेड़ बढ़ाकर, जंगल लगाकर, निर्माण की नई ग्रीन-तकनीक का इस्तेमाल करके इमारतों को गर्म होने से बचाना होगा, वरना कांक्रीट के जंगल को कितने भी एसी कम पड़ते रहेंगे। और लोग अपने एक ककून जैसे छोटे से दायरे को ठंडा करने के लिए बाहर की हवा को कई गुना गर्म करते रहेंगे, जो कि धरती को जलाकर राख कर देगा। हमने इन दोनों जरूरतों से होने वाले प्रदूषण से चर्चा शुरू की है, लेकिन उससे काफी कुछ अधिक करने की जरूरत है।
अलग-अलग मंत्रालयों के लिए संसद की कमेटियां रहती हैं, जिनमें अलग-अलग पार्टियों के सांसदों को रखा जाता है, और वे किसी प्रस्ताव, योजना, या प्रस्तावित कानून पर विचार-विमर्श करते हैं। मंत्रालय सार्वजनिक इश्तहारों से भी लोगों से राय मांगते हैं, और कम से कम दावा तो यही करते हैं कि लोगों ने जो आपत्ति और सुझाव भेजे थे, उन पर सोच-विचार किया गया था। अब संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी संसदीय समिति ने अपनी एक रिपोर्ट लोकसभा अध्यक्ष को दी है जो कि संसद के अगले सत्र में पेश की जाएगी। इस कमेटी ने कहा है कि आज एआई से गढक़र जो फेक न्यूज बनाई और फैलाई जाती है, उसके पीछे के लोगों, और संस्थाओं की शिनाख्त करके उन पर मुकदमा चलाने के लिए ठोस कानूनी प्रावधान किए जाएं। एआई के इस्तेमाल से आज कई तरह की खराब चीजें बनाई जा सकती हैं। हम देश में एआई से गढ़ी हुई तस्वीरों, और वीडियो तो देख ही रहे हैं, अधिक करीब के छत्तीसगढ़ में भी कुछ नए-नए उगे हुए सोशल मीडिया अकाऊंट से कांग्रेस और भाजपा के नेताओं पर ऐसे हमले हो रहे हैं। देश में अभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, और उनकी गुजर चुकीं मां जैसे कोई किरदार गढक़र कोई एआई वीडियो बनाया गया है, और उसके खिलाफ भी पुलिस में शिकायत की गई है।
यह मामला बड़ा दिलचस्प है। एआई तो अभी कोई सालभर से ही ऐसी चीजों में इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों के खिलाफ गंदी और ओछी बातें लिखना तो दशकों से चल रहा है। दो दशक हो गए हैं कि लोग इंटरनेट, और सोशल मीडिया का इस्तेमाल एक-दूसरे पर हमले के लिए कर रहे हैं, और भारत में हर दिन लाखों लोग विरोधियों को साम्प्रदायिक धमकियां देते हैं, सबसे गंदी गालियों के साथ कत्ल और बलात्कार की धमकियां देते हैं, और जिनसे असहमत हैं, उनके पूरे परिवारों को सोशल मीडिया पर प्रताडि़त करते हैं। ऐसे सारे ही हमलावर लोगों के हाथ आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस नाम का एक और हथियार लग गया है। लेकिन इस बात को अच्छी तरह समझने की जरूरत है कि इस साल भर के पहले भी ये हमलावर तो कोई दो दशक से मौजूद ही हैं, और खुलकर साम्प्रदायिक नफरत फैला रहे हैं, किसी महिला जर्नलिस्ट को प्रेस्टीट्यूट लिख रहे हैं, और उसे प्रॉस्टीट्यूट के बराबर रख रहे हैं। तो आज संसदीय समिति ने एआई को लेकर जो फिक्र जाहिर की है, वह दरअसल पिछले दशकों में खड़ी हुई इस हमलावर-‘बलात्कारी-हत्यारी’ फौज को लेकर होनी चाहिए थी। अब तक लोग बिना एआई के जो जुर्म कर रहे थे, उस जुर्म में अब एआई की मदद और जुड़ गई है, तो उसकी वजह से पहली बार उसे जुर्म मानना भोलेपन की नासमझी अधिक दिखती है। अगर इस देश में ऐसे ट्रोल करने वाले ‘बलात्कारी-हत्यारे’ पहले से काबू में किए गए रहते, वे जेल भेजे गए रहते, तो लोग ऐसी सार्वजनिक धमकियां देने को अपनी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता मानकर नहीं चलते रहते। अब जब लोग जहरीली-नफरती हिंसा फैलाने के आदी हो चुके हैं, और उस पर आज भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, तो फिर महज एक तकनीक को कोसना हास्यास्पद लगता है। एआई के आगमन के पहले तक जो लोग जुबानी बलात्कार-कत्ल करने में सार्वजनिक रूप से फख्र हासिल करते थे, उन्हें यह अच्छी तरह मालूम है कि देश और प्रदेशों की सरकारें उनके खिलाफ कुछ नहीं करेंगी। ऐसे में सिर्फ एआई को लेकर, या सिर्फ फेक न्यूज को लेकर फिक्र जाहिर करना पत्तों के इलाज के लिए दवा छिडक़ने जैसा है, क्योंकि उस पेड़ की जड़ों को तो पानी से सींचा ही जा रहा है।
न सिर्फ लोकतंत्र, बल्कि किसी भी तंत्र के तहत चलने वाला देश या समाज इस तरह टुकड़े-टुकड़े में सोचकर कतरे-कतरे में कार्रवाई नहीं कर सकता। लोगों की सोच को अलोकतांत्रिक, अमानवीय, और हिंसक करते चले जाना, और फिर उनसे यह उम्मीद करना कि वे एआई जैसे औजार का इस्तेमाल न करें, यह बचकानी बात है। कातिल की हत्यारी-सोच को रोकने की जरूरत है, उसके विकसित हो जाने के बाद उसे यह सिखाना कि वह लाल हत्थे के चाकू से कत्ल न करे, यह किस काम का रहेगा? लोकतंत्र एक जटिल व्यवस्था है, इसमें लोगों की सोच को कानून का सम्मान करने का बनाया जाना चाहिए, उन्हें यह नहीं सिखाया जा सकता कि कानून के एक से सोलह तक के पेज अनदेखा करके उन्हें तोडऩा जायज है, और सोलह से बत्तीस पेज के कानूनों का सम्मान करना जरूरी है।
चिकित्सा विज्ञान की नई खबर है कि सुअर की किडनी इंसानों में लगाने के लिए अमरीका में क्लिनिकल ट्रॉयल की मंजूरी मिल गई है। इस तकनीक में सुअर में कुछ डीएनए बदलाव करके उसे इंसानों के लायक बनाया जाता है, और फिर उनके अंग निकालकर जरूरतमंद इंसानों में लगाए जाते हैं। आज किडनी की जरूरत वाले इंसानी-मरीजों की कतार अगले कई साल के लिए लगी हुई है। किडनी की उपलब्धता कम रहती है, और मरीज उससे कई गुना अधिक रहते हैं। फिर आधुनिक जीवनशैली के चलते हुए तरह-तरह की बीमारियां बढ़ती चली जानी है, और दानदाताओं से या परिवार के सदस्यों से मिलने वाले अंग उस मांग को पूरा नहीं कर पाएंगे। आज भी नहीं कर पाते हैं। भारत में तो भला हो महिलाओं का जिनकी वजह से पुरूष मरीजों को अंग मिल जाते हंैं। आज की खास बात से थोड़ा अलग हटकर यह चर्चा जरूरी है कि भारत में 90 फीसदी अंगदान महिलाओं से आता है, लेकिन अंगदान पाने वालों में कुल 10 फीसदी महिलाएं हैं। मतलब यह कि पुरूष सिर्फ परिवार की सदस्य महिलाओं का फायदा उठाते रहते हैं।
अब हम एक बार फिर जेनोट्रांसप्लांटेशन पर आ जाए, जो कि एक प्राणी से दूसरे तरह के प्राणी में अंग प्रत्यारोपण के लिए बनाया गया शब्द है। इसमें सबसे अधिक संभावना आज सुअर के अंग इंसानों में लगने की दिख रही है। शरीर विज्ञान के हिसाब से सुअर के अंग आकार, आंतरिक ढांचे, और कामकाज के हिसाब से इंसानों के अंगों से बहुत मिलते-जुलते हैं। यह अलग बात है कि इंसान गाली बकने के लिए दूसरे बुरे, या गंदे लोगों को सुअर कहकर गाली देते हैं। अब पता नहीं आने वाले बरसों में जब बहुत से लोग सुअर की किडनी, लिवर, या दिल लगाकर घूमेंगे, तो उनके आसपास के लोग सुअर की गाली देना बंद कर पाएंगे या नहीं। फिलहाल तो यह है कि चिकित्सा वैज्ञानिकों ने अंग निकालने के लायक सुअर में उनके जींस की एडिटिंग करके उनमें इंसान के जींस डालकर उन्हें इस लायक तैयार किया है कि जब उनके अंग इंसानों में लगाए जाएं, तो इंसानी शरीर उसे खारिज न कर दे। अंग प्रत्यारोपण में यह सबसे बड़ी समस्या रहती है कि मरीज का शरीर नया अंग पाने के बाद उसे स्वीकार नहीं कर पाता, और खारिज कर देता है। ऐसे में किसी मरीज के लिए छांटे गए सुअर को जब पहले से उस इंसान के लायक तैयार किया जाएगा, तो इंसानी शरीर उस सुअर के अंग को विदेशी अंग मानकर खारिज नहीं करेगा।
इंसान वैसे भी अपनी जरूरत के लिए धरती के अधिकतर किस्म के जानवरों को खा लेते हैं। भारत जैसे देश में कुछ राज्यों में गाय खाने पर रोक है, दुनिया के बहुत से देशों में वन्यप्राणी का दर्जा प्राप्त जानवरों को मारने और खाने की छूट नहीं है। लेकिन सुअर को तो इंसानी खानपान के लिए बड़े पैमाने पर पाला जाता है, और गैरमुस्लिमों के बीच यह खासा लोकप्रिय है। ऐसे में इंसान के बदन की जरूरतों के लिए अगर सुअर के अंग निकाले जाते हैं, तो इससे न तो गाय सरीखी कोई धार्मिक भावना प्रभावित होती है, न ही वह वन्यप्राणी है, और न ही सुअर का किसी और किस्म का महत्व है। इसलिए जिन मुस्लिमों के बीच सुअर को अपवित्र माना जाता है, उन्हें छोड़ दें, तो बाकी लोगों को अपनी जिंदगी बचाने के लिए किसी जानवर के अंग लगवाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। आज भी इंसान, शाकाहारी इंसान भी जानवरों के कई तरह के हिस्सों से बनी हुई दवाईयां खा-पी लेते हैं, वे इस बात को अनदेखा कर जाते हैं कि वे गैरशाकाहारी चीज खा रहे हैं। जब जान बचाने की नौबत आती है तो अधिकतर लोग धार्मिक और दूसरी नैतिक मान्यताओं से समझौता कर लेते हैं। इसलिए अपने बदन के भीतर सुअर का एक हिस्सा लेकर चलना भी लोग सीख ही जाएंगे।
हाल के बरसों में अमरीका में जिन मरीजों में सुअर की किडनी लगाई गई, वो महीनों बाद तक जिंदा रहे, और उनमें से कुछ की मौत किसी दूसरी वजह से हुई, प्रत्यारोपित किडनी की वजह से नहीं। अब मानव-परीक्षण की इस नई इजाजत के बाद अमरीका में दर्जनों मरीजों को सुअर की किडनी लगाकर एक नई जिंदगी दी जाएगी, चिकित्सा विज्ञान को इतने प्रयोगों की वजह से काफी कुछ सीखने भी मिलेगा। 2022 में ही एक इंसानी मरीज को जीन-एडिटेड सुअर का दिल लगाया गया था, जो दो महीने तक चला था। प्रारंभिक प्रयोगों में ये दो महीने भी कम नहीं होते हैं, और इनसे सीखकर चिकित्सा विज्ञान आगे बेहतर काम करने के लायक हो जाएगा।
अमरीका के एक विश्वविद्यालय में सैकड़ों छात्र-छात्राओं के बीच एक खुली बहस में एक बड़े ट्रम्प-समर्थक और अमरीका के जाने-माने संकीर्णतावादी वक्ता और आंदोलनकारी चार्ली किर्क को एक नौजवान ने गोली मार दी। चार्ली किर्क ने बहुत पहले टर्निंग प्वाइंट यूएस नाम की एक संस्था बनाई थी, और वह स्कूल, कॉलेज, और विश्वविद्यालयों में उदारवादी सोच के खिलाफ संकीर्णतावादी सोच को पेश करने के अभियान में लगे रहता था। इस अभियान के लिए वह नफरत फैलाने की तोहमतें भी झेलता था, और बंदूकों से हर बरस अमरीका में होने वाली मौतों की कीमत पर भी वह बंदूकें रखने की आजादी की खुली वकालत करता था। जिस वक्त उसे विश्वविद्यालय में यह गोली मारी गई, उस पल भी वह बंदूकें रखने की आजादी की वकालत कर रहा था, बेकसूरों के कत्ल की कीमत पर भी। अमरीका में ऐसा माना जाता था कि कुछ राज्यों में चार्ली किर्क के रूढि़वादी अभियान ने ट्रम्प को चुनाव जीतने में मदद की। जाहिर है कि इस हत्या की खबर मिलते ही ट्रम्प ने राष्ट्रपति भवन में झंडा झुकवा दिया था, और किर्क को महान व्यक्ति करार दिया।
अमरीका का मीडिया किर्क के दिए गए नफरती, हिंसक, भेदभाव वाले, प्रवासी विरोधी, ट्रांसजेंडर विरोधी, और महिला विरोधी बयानों को अच्छी तरह दर्ज करता था। चार्ली किर्क की संस्था खुली बहस की वकालत करती थी, और इस बहस के दौरान, या इसके नाम पर यह गोरा अमरीकी लगातार नफरत की बातें फैलाता था। वह खुलेआम मंच और माईक पर कहता था कि अगर वह किसी उड़ान में किसी काले पायलट को देखता है, तो यही मनाता है कि वह ठीकठाक सीखा हुआ हो। इसी तरह सरहदी राज्यों में पड़ोस के देशों से आकर काम करने वाले मजदूरों के खिलाफ उसके बयान थे कि यह स्थानीय आबादी को बदल देने की एक रणनीति चल रही है ताकि गोरे-ग्रामीण अमरीका को बदल दिया जाए। महिलाओं और ट्रांसजेंडरों के खिलाफ, अल्पसंख्यकों के खिलाफ उसके बहुत से बयान आते थे, और उनकी वजह से भी वह अमरीका के संकीर्णतावादियों के बीच बड़ा मशहूर था।
हालांकि अभी नेपाल की घटनाओं को लेकर कुछ लोग भारत में भी यह बात कह रहे हैं कि इस देश को ऐसी हिंसा से अछूता रहना चाहिए, लेकिन भारत के नेताओं को नेपाल की घटनाओं से सबक लेना चाहिए जिनमें भ्रष्टाचार और कुनबापरस्ती, काली कमाई का अश्लील और हिंसक प्रदर्शन निशाने पर थे। हमने भी इसी जगह संपादकीय में, और अपने यूट्यूब चैनल इंडिया-आजकल के वीडिटोरियल में भी इस बात की वकालत की थी कि दुनिया के तमाम देशों को दूसरे देशों की ऐसी घटनाओं से सबक लेना चाहिए। अमरीका में अपार बंदूकें रखने की असीमित छूट की वकालत करने वाले लोगों में से एक, चार्ली किर्क को इन्हीं आखिरी शब्दों के बीच एक नौजवान ने गोली मार दी। बाद में जब इस नौजवान की कुछ शिनाख्त के साथ उसकी तलाश शुरू हुई, तो उसके परिवार ने ही उसकी खबर जांच एजेंसियों को की, और यह बताया कि यह गोरा नौजवान किर्क की नफरती बातों को लेकर परेशान था, और हाल ही में एक घरेलू रात्रिभोज के दौरान उसने चार्ली किर्क के बयानों को लेकर कहा था कि वह नफरत फैला रहा है। यह पूरा परिवार ट्रम्प समर्थक है, लेकिन उनके बीच के इस नौजवान को इस आंदोलनकारी की हिंसक और नफरती बातें परेशान कर रही थीं।
जब हम अमरीका की इस हत्या के बारे में सोचते हैं, तो लगता है कि अंधाधुंध हथियारों का समर्थन, और नफरती हिंसा को बढ़ावा किस तरह ऐसे लोगों के लिए आत्मघाती साबित हो सकते हैं। जो राष्ट्रपति का बड़ा ही चहेता हो, और राष्ट्रपति के पास जिसके गुणगान के लिए बहुत कुछ हो, उसके लिए भी अमरीका के घर-घर में फैली हुई बंदूकों में से एक बंदूक की एक गोली ही काफी साबित हुई, और 22 बरस के नौजवान हत्यारे को चार्ली किर्क की बातें ही परेशान कर रही थीं। इस नौजवान ने यह भी परवाह नहीं की कि उसके राज्य में ऐसी हत्या पर मौत की सजा हो सकती है। एक संपन्न परिवार के इस नौजवान ने पिछले दो चुनावों में वोट नहीं डाला था, वह राजनीतिक रूप से सक्रिय भी नहीं था, और यह नौजवान चर्च का एक धर्मालु सदस्य भी था। स्कूल की एक राष्ट्रीय परीक्षा में उसने 99 फीसदी नंबर हासिल किए थे, और उसे यूनिवर्सिटी के लिए एक बड़ी प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप भी मिली थी। वह शांत रहता था, हिंसा का उसका कोई इतिहास नहीं था, लेकिन पारिवारिक खाने पर ट्रम्प-समर्थक इस परिवार में यह बात हुई थी कि चार्ली किर्क नफरत से भरा हुआ है, और वह नफरत फैला रहा है।
ऐसा एक भी दिन नहीं गुजर रहा जब अखबारों में साइबर धोखाधड़ी की दर्जन भर अलग-अलग किस्मों की खबरें न हों। अब जालसाजी और धोखाधड़ी का एक नया तरीका सामने आया है, लोगों के पास ट्रैफिक चालान का मैसेज आता है, और लोग उसके साथ के लिंक को क्लिक करते हैं ताकि देख सकें कि किस बात का चालान है, कब का चालान है, और क्लिक करते ही उनके फोन से जुड़े हुए बैंक खाते खाली हो जाते हैं। इस लिंक से कोई ऐसा स्पाइवेयर फोन में आ जाता है जो कि उसकी जानकारी हैकरों तक पहुंचा देता है। आज लोग दस-बीस रूपए तक की मामूली खरीदी का भी मोबाइल फोन से भुगतान करते हैं, और भुगतान के एप्लीकेशन बैंक खातों से जुड़े रहते हैं, फोन पर लोग सीधे मोबाइल बैंकिंग भी करते हैं। इसके पहले से जो दूसरा तरीका ठगों के बीच बड़ा लोकप्रिय है, वह किसी के फोन पर आए ओटीपी को पूछना, और ओटीपी बताते ही बैंक खाते खाली हो जाते हैं।
देश की आबादी के बहुत बड़े हिस्से के पास इन दिनों स्मार्टफोन है, और आधार कार्ड तो तकरीबन हर किसी के पास है। बहुत बड़ी संख्या में लोग ऐसे हैं जो कि मोबाइल बैंकिंग, या दूसरे भुगतान तरीकों का इस्तेमाल करते हैं। दसियों करोड़ लोग ऑनलाईन खरीदी करते हैं, और डिलिवरी करने आने वाले लोगों को बताने के लिए कंपनी ओटीपी भेजती है। आधार कार्ड के उपयोग पर सरकार की तरफ से ओटीपी आता है, बिजली विभाग या राशन विभाग की तरफ से ओटीपी आते हैं। कुल मिलाकर जिंदगी के हर छोटे-बड़े काम के लिए इन दिनों मोबाइल फोन पर तरह-तरह से संदेश आते हैं, लिंक आते हैं, और ओटीपी आते हैं। आम लोगों की बात तो छोड़ दें, जो बड़े-बड़े अफसर रहे हुए हैं, वे भी जालसाजों की तरकीबों को नहीं समझ पाते, और उनका मोबाइल फोन पल भर में उनके औजार से बढक़र, उनके अपने खिलाफ एक हथियार बन जाता है, और उनके बैंकों में जमा रकम को जालसाजों के खातों में डाल देता है। बहुत से लोग किसी फोन दुकान पर जाकर, या मोबाइल कंपनी के सर्विस सेंटर जाकर अपने फोन को सुधरवाते हैं, या समझते हैं, और दुकान के लोग कुछ भी डाउनलोड करते हुए हर तरह की मंजूरी देते चलते हैं। लोग खुद जितने एप्लीकेशन इस्तेमाल करते हैं, उसके लिए वे सैकड़ों तरह की मंजूरी दे चुके रहते हैं। अब इनमें से कौन-कौन सी चीजें हैकरों के काम आती हैं, कहां-कहां बनाए गए पासवर्ड लीक हो जाते हैं, इसका कोई ठिकाना नहीं रहता। लोग मोबाइल फोन, और सरकारी या कारोबारी कामकाज पर इतने आश्रित हो गए हैं कि वे इनके बिना एक दिन भी गुजार नहीं सकते, और कामकाज की व्यस्तता इतनी रहती है, समझ इतनी कम रहती है कि वे किसी खतरनाक जाल में फंस जाते हैं।
आम जनता का ही ऐसा हाल होता हो, वह भी नहीं है। अभी पिछले दो महीनों में हमारे ही शहर में दो अलग-अलग बैंकों में वहां के बड़े खातेदारों के बारे में एक नकली संदेश भेजकर, या नकली चिट्ठी भेजकर लोगों के खातों से दसियों लाख रूपए दूसरे खातों में ट्रांसफर करवा दिए गए। बैंक अफसरों ने यह काम या तो साजिश में हिस्सेदारी के साथ किया, या परले दर्जे की नालायकी से किया। बैंकों के जो आम नियम हैं, उनको तोड़ते हुए इतनी बड़ी-बड़ी रकम भेजी गई कि अफसरों को इतनी नासमझी या मासूमियत की छूट नहीं दी जा सकती। लेकिन यह भी तय है कि किसी भी खातेदार की इतनी बड़ी रकम गायब हो जाने का पता तो उन्हें चलना ही था, और ऐसे दो मामलों में बैंक अफसर अभी फंसे हुए हैं। चारों तरफ बैंक अफसर बड़े गरीब-गरीब लोगों के नाम से खोले गए फर्जी बैंक खातों, और फिर ऐसे खच्चर-खातों में मूसलाधार बारिश की तरह बरसने वाले करोड़ों रूपयों को अनदेखा करने के मामले में भी गिरफ्तार होते चल रहे हैं। अब सवाल यह उठता है कि जब बैंकों की साख मिट्टी में मिल चुकी है, वे हर तरह के धोखेबाजों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, हैकर तरह-तरह के पासवर्ड पा जा रहे हैं, तो फिर आम जनता जालसाजी से बच कैसे सकती है? एक सवाल यह भी उठता है कि हर तरह के कामकाज को बैंकों के मार्फत करना, और डिजिटल तरीके से करना सरकार ने ही अनिवार्य किया हुआ है। आज लोग ऐसी टेक्नॉलॉजी की अधिक समझ नहीं रखते हैं। फिर हर कामकाज के लिए आधार कार्ड, ओटीपी का इस्तेमाल, ऑनलाईन ट्रांजेक्शन लोग कर तो रहे हैं, लेकिन अपनी रकम और निजता की हिफाजत करने की समझ उनमें नहीं है। दूसरी तरफ सोशल मीडिया खातों के लिए लोग तरह-तरह के पासवर्ड और ओटीपी इस्तेमाल करते हैं, जिनके खतरे भी उनको नहीं मालूम है। आज लोग दस-बीस रूपए का किराना, या दो कप चाय भी मोबाइल ऐप से ऑर्डर करके बुलाते हैं, उसका भुगतान करते हैं, और ओटीपी बताकर डिलिवरी लेते हैं।
छत्तीसगढ़ में सडक़ों पर मवेशियों का गाडिय़ोंतले मरना एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। चूंकि इन जानवरों में अधिकतर गौवंशी हैं, इसलिए उनकी मौत ऐसे सडक़ हादसों में मरने वाले इंसानों के मुकाबले कुछ अधिक धार्मिक भावनाएं जगाती हैं। गाय के नाम पर लोग मरने-मारने पर उतारू हो जाते हैं, मरते तो कोई नहीं हैं, मार कई जगह देते हैं। इसलिए सडक़ों पर गौवंश का कुचला जाना, अगर हादसे में गाड़ीवालों की मौत न हो, तो भी उन्हें पीटकर तो मारा ही जा सकता है। इसलिए आवारा मवेशी लिखने पर जिन लोगों की भावनाएं लहूलुहान हो जाती हैं, वे लोग लहूलुहान सडक़ों पर बिखरी गायों, और गोवंश की लाशों का कोई इलाज नहीं ढूंढ पाते हैं। अब कल ही छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रायपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार वाहन ने 12 मवेशियों को रौंद दिया, और गाड़ी भाग निकली। सडक़ पर बिखरी हुई लाशों को देखने से समझ पड़ता है कि ये गाय और उसके परिवार के ही मवेशी रहे होंगे। लोगों को याद होगा कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट सडक़ों पर से जानवरों को हटाने के लिए लगातार सुनवाई कर रहा है, सरकार को कटघरे में खड़ा कर रखा है, लेकिन सरकार है कि वह आवारा मवेशियों के लिए कोई कटघरे नहीं बनवा पा रही है। दिखावे के लिए कभी पुलिस तो कभी आरटीओ अधिकारी सडक़ के जानवरों के गलों में रात में चमकने वाले टेप को पट्टे की तरह बांध देते हैं, लेकिन इन जानवरों के जो इंसानी मालिक हैं, उनकी गिरफ्तारी शायद पूरे प्रदेश में दो-तीन मामलों में ही हो पाई है। अगर देश के कानून के मुताबिक, हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक, और जनता की हिफाजत का ख्याल रखकर राज्य सरकार कार्रवाई करती, तो हर शहर-कस्बे से दो-चार लोग गिरफ्तार हुए रहते, और गिरफ्तारी की दहशत में ही लोग अपने जानवरों को अपने घर के भीतर कर लेते। लेकिन गौवंशी जानवरों को लेकर जनता की भावनाओं को दुहने से अधिक और कुछ होते नहीं दिखता है, न उनके लिए बाड़े बन पाए, न उनकी जिंदगी बचाने का कोई भी इंतजाम है। सडक़ों पर थोक में जानवर मारे जाते हैं, और इस बार तो उस कवर्धा में ये मौतें हुई हैं जो कि प्रदेश के डिप्टी सीएम, और गृहमंत्री, और हिन्दुत्व के झंडाबरदार विजय शर्मा का इलाका है। प्रदेश के सडक़ हादसों में न तो बोरियों और बकरियों की तरह ढोए जाते इंसानों की मौतें थम रही हैं, और न ही सडक़ पर छोड़ दी गई गायों की।
किसी प्रदेश में सिर्फ सडक़-पुल, रेल और प्लेन की आवाजाही का ढांचा मायने नहीं रखता, कानून व्यवस्था कैसी है, सडक़ सुरक्षा कैसी है, यह भी मायने रखता है। दूसरे प्रदेशों से जो पर्यटक यहां आते हैं, या पूंजीनिवेशक अगर यहां आते हैं तो उन पर भी सडक़ों के हाल का असर सबसे पहले होता है। सबसे पहले वे स्थानीय अखबारों को देखते हैं कि इस प्रदेश में कानून व्यवस्था का हाल कैसा है, हादसे किस किस्म के होते हैं, जुर्म कैसे-कैसे हो रहे हैं। इसके बाद ही वे यहां अधिक घूमना-फिरना, या कोई कारोबार शुरू करना सोचते हैं। सरकार एक तरफ तो देश-विदेश से पूंजी जुटाने की कोशिश करती है, दूसरी तरफ म्युनिसिपल और जिला प्रशासन, जिला पंचायत और पुलिस के हवाले जो जिम्मा है, उसमें कमी रहने पर वह सिर्फ स्थानीय लोगों को नहीं खटकती बल्कि बाहर से आए हुए लोगों को भी खटकती है। किसी प्रदेश के सुरक्षित होने का मतलब सिर्फ लुटेरों से सुरक्षित होना नहीं रहता, वह सडक़ का सफर सुरक्षित रहना भी रहता है। छत्तीसगढ़ में सडक़ हादसों में कोई कमी आ नहीं रही है, और मौतें बहुत बड़ी संख्या में हो रही हैं।
दुनिया में कई बड़ी घटनाओं के पीछे साजिश होने की सोच भी बहुत से लोगों की रहती है। कोरोना का वायरस कहां से निकला, कैसे फैला, इसे लेकर भी लोगों की तरह-तरह की साजिश की कल्पनाएं थी। इसके बाद अमरीका के आज के स्वास्थ्य मंत्री ने भी कोरोना के उस दौर में वैक्सीन का विरोध किया था कि उससे कई दूसरी बीमारियां फैल रही हैं। इस बार रॉबर्ट कैनेडी (जूनियर) को स्वास्थ्य मंत्री बनते हुए संसदीय कमेटी की सुनवाई में मुश्किल सवालों का सामना करना पड़ा था। खैर, वह तो पुरानी बात हो गई, पूरी दुनिया में लोग तरह-तरह की साजिशों की कल्पना के साथ जीते हैं क्योंकि वह बहुत सनसनीखेज रहती हैं। दूसरी तरफ कई साजिशें सच भी साबित होती हैं। अब पिछले दो दिनों में नेपाल में जो हुआ है, वह दुनिया के इतिहास में एक बिल्कुल ही अलग किस्म की घटना है, और कुल दो-चार दिनों के आंदोलन में जिस तरह पूरी सरकार को उखाड़ फेंका है, देश के बड़े-बड़े नेताओं, कई मंत्रियों, और भूतपूर्व प्रधानमंत्रियों के घरों को जला डाला गया, एक भूतपूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी को घर में ही जिंदा जला दिया गया, संसद को आग लगा दी गई, वह सब कुछ हैराने करने वाला था। कल ही हमने इसी जगह पर कल दोपहर तक की घटनाओं को लेकर लिखा था, और अपने यूट्यूब चैनल इंडिया-आजकल पर उसके कुछ घंटे बाद कहा भी था। अब आज सुबह एक बिल्कुल ही नई साजिश की थ्योरी सामने आई है, जो कि अधिक लोगों के दिमाग में नहीं रही होगी। अभी हमारे बहुत ढूंढने पर भी इस लेख का कोई स्रोत हमें नहीं मिला है, इसलिए हम बिना किसी नाम के इस साजिश की कल्पना को यहां सामने रख रहे हैं।
सोशल मीडिया के पीछे उनकी कंपनियों के जो एल्गोरिदम काम करते हैं, उसके जानकार एक व्यक्ति ने लिखा है कि पिछले तीन सालों में भारत के तीन पड़ोसी देशों, श्रीलंका (2022), बांग्लादेश (2024), और अब नेपाल (सितंबर 2025) में यह बात सामने आई है कि सोशल मीडिया किस तेजी से गुस्से को सडक़ की ताकत में बदल सकता है, और किसी देश की सुरक्षा व्यवस्था न उसे काबू कर सकती, न उसे जवाब दे सकती। इस लेख में आगे लिखा गया है कि नेपाल में नेताओं के परिवारों की ऐशोआराम की जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर जो पोस्ट चल रही थी, उन्होंने नौजवानों में, खासकर बेरोजगार नौजवानों में बड़ा गुस्सा भरा था, और सोशल मीडिया के एल्गोरिदम में ऐसी पोस्ट को, और कुल मिलाकर उससे उपजे गुस्से को अंधाधुंध बढ़ाया। लेख में यह सवाल उठाया गया है कि क्या इन तीन देशों के सोशल मीडिया से उपजे असंतोष को किसी प्रयोगशाला की तरह इस्तेमाल किया गया है? लेख में बड़ी बारीकी से बयान किया गया है कि जब किसी आंदोलन को भडक़ाने का फैसला सोशल मीडिया के कम्प्यूटरों के एल्गोरिदम करते हैं, तो लाखों उंगलियां हजारों लाठियों से ज्यादा ताकतवर साबित होती हैं। बांग्लादेश में जुलाई 2024 में शेख हसीना के खिलाफ जो बगावत हुई, उसमें भी सोशल मीडिया ने ही आंदोलन को हवा दी, छात्रों के पेज, और दूसरे देशों में बसे हुए बांग्लादेशियों के यूट्यूब चैनलों को खूब बढ़ाया गया, और आंदोलन में सत्ता पलट कर दी। इसके पहले 2022 में श्रीलंका में भी सोशल मीडिया ने यही किया था, और सत्ता पलट के जरा पहले सरकार ने इसे भांपकर सोशल मीडिया पर बैन लगाया था, लेकिन वहां से भी राष्ट्रपति को देश छोडक़र भागना पड़ा था। इस लेख में इन तीनों देशों, और खासकर नेपाल का बारीकी से विश्लेषण हुआ है कि घंटे-घंटे में वहां क्या-क्या हुआ, किस तरह 36 घंटे में पूरी सरकार गिर गई। इस लेख में बाकी देशों को नसीहत दी गई है कि लाठी तो सरकार की है, लेकिन सोशल मीडिया पर रफ्तार किसी और की है।
अभी हम इसकी सच्चाई पर नहीं जाते, लेकिन हम इसे एक अटकल या एक कल्पना मानते हुए यह जरूर देखते हैं कि जो सोशल मीडिया अमरीकी राष्ट्रपतियों के चुनाव के वक्त रूस के असर में काम करने की तोहमत झेलता है, जो फेसबुक भारत के चुनावों में किसी एक पार्टी या नेता, या विचारधारा के इश्तहार सोची-समझी रणनीति से अधिक दिखाता है, वह सोशल मीडिया क्या अब कुछ ताकतों के हाथों में हथियार बनकर किसी कमजोर लोकतंत्र में सत्तापलट करवाने जितना मजबूत हो चुका है? वैसे भी आज आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को लोकतंत्र को प्रभावित करने, लोगों के चुनावी रूझान को पलट देने की ताकत वाला बताया जाता है। यह बात भी बार-बार आती है कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस अपने मालिकों के हाथ में एक हथियार अधिक रहेगा, और औजार कम। नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन को लेकर जिस तरह वहां नौजवान पीढ़ी में बेचैनी भडक़ी, उसकी दुनिया में कोई दूसरी मिसाल नहीं है। इसलिए आज ऐसी किसी आशंका को, ऐसे खतरे को बारीकी से देखने-समझने की जरूरत है कि दुनिया के किसी कोने में बैठे हुए कुछ लोग सोशल मीडिया कारोबारियों के साथ मिलकर, एआई का इस्तेमाल करके किसी देश में नफरत, हिंसा, बेचैनी को क्या इस हद तक बढ़ा सकते हंैं कि वहां गृहयुद्ध छिड़ जाए, या वहां सत्ता पलट जाए?
कल सोमवार का दिन नेपाल में एक अलग किस्म की क्रांति का रहा, जेन-जी कही जाने वाली नौजवान पीढ़ी के 25 बरस तक उम्र के लोग सरकार के खिलाफ न सिर्फ सडक़ों पर थे, बल्कि उन्होंने संसद-परिसर में भी भीतर जाकर प्रदर्शन किया, और सरकार में भ्रष्टाचार का विरोध किया, सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ नेपाल के इतिहास का सबसे बड़ा आनन-फानन हुआ जनप्रदर्शन दर्ज किया। नौजवान पीढ़ी वहां बेरोजगारी से त्रस्त है, वह रात-दिन यह देखती-सुनती है कि सत्तारूढ़ तबका किस तरह और किस हद तक भ्रष्ट है, और उसके आल-औलाद अपनी रईसी के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते रहते हैं। ‘टैक्स हमारा, रईसी तुम्हारी’ के नारे के साथ नौजवानों ने वहां ऐसा भयानक प्रदर्शन किया कि उसे रोकने की कोशिश में सरकारी कार्रवाई ने 19 लोगों की मौत हो चुकी है, और नौजवानों का भयानक आक्रोश देखते हुए तीन मंत्रियों के इस्तीफे हो चुकी है। और आज की नौबत सरकार की गिरने सरीखी है। वहां के दो भूतपूर्व प्रधानमंत्रियों सहित इस्तीफा देने वाले मंत्रियों के घरों में तोडफ़ोड़ और आगजनी की गई है। इस्तीफा देने वाले एक मंत्री ने यह कहा है कि सवाल पूछने वालों का दमन करना गलत है। दो शब्दों में कहें तो नौजवान पीढ़ी का यह आंदोलन पिछले ही हफ्ते हर किस्म के सोशल मीडिया पर सरकार की लगाई गई रोक से विस्फोट की तरह शुरू हुआ, वरना उसके पहले भी वह लंबे समय से सोशल मीडिया पर भ्रष्ट सत्ता और सत्ता की भ्रष्ट औलादों की रईसी की आलोचना करते हुए जारी था।
एक दिलचस्प बात यह है कि नेपाल बीते कुछ बरसों से वहां 2008 में खत्म हुई राजशाही की बहाली का आंदोलन भी देख रहा है। वह एक अलग आंदोलन है, और कल के जेन-जी पीढ़ी के इस ताजा आंदोलन से उसका कुछ लेना-देना नहीं है, लेकिन दोनों ही आंदोलन सरकार के खिलाफ जनता की भारी बेचैनी के हैं। एक विश्लेषण में इन दोनों आंदोलनों को अलग-अलग पटरियों पर साथ-साथ एक ही दिशा में दौड़ती हुई दो रेलगाडिय़ों की तरह माना गया है जो कि एक ही तरफ जा रही है। राजतंत्र समर्थक आंदोलन इस बरस मार्च के महीने में फिर जोर पकड़ चुका है, और उसमें राजा की बहाली, और नेपाल को फिर से हिन्दू राष्ट्र बनाने की मांग हो रही है। राजतंत्र खत्म होने के दो दशकों के भीतर नेपाल ने माओवादी कम्युनिस्ट पार्टी का शासन भी देख लिया है, और उससे जनता अब थक चुकी है, उसके खिलाफ उठ खड़ी हुई है। एक तरफ राजतंत्र का दमन का बहुत पुराना और बड़ा लंबा इतिहास रहा है, और दूसरी तरफ माओवादी सरकार के प्रधानमंत्री भी लगातार तानाशाह होते चले जा रहे थे, और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ तरह-तरह की कार्रवाई कर रहे थे। 4 सितंबर को उनकी सरकार ने 26 अलग-अलग सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया था, और नौजवान पीढ़ी को लगा कि अब उसके पास अपनी आवाज उठाने का कोई जरिया नहीं रह गया है। नेपाल की एक अदालत ने सोशल मीडिया पर नियंत्रण के लिए नियम-कानून बनाने का सुझाव दिया था, लेकिन उसका गलत मतलब निकालकर सरकार ने उस पर पूरी रोक ही लगा दी, और कल के आंदोलन के बाद वह रोक हटा भी दी गई है। कल की पुलिस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार गृहमंत्री को इस्तीफा देना पड़ा है, और कल की मौतों और घटनाओं की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है।
नेपाल की घटनाओं का और अधिक विश्लेषण हमसे अधिक जानकार विशेषज्ञ करते रहेंगे, और उन्हें हम इसी संपादकीय पेज पर देते भी रहेंगे। लेकिन यहां दो चीजें देखने-समझने लायक हैं। लंबे राजतंत्र को उखाड़ फेंकने वाले नेपाल ने वामपंथी और मध्यमार्गीय, मिलेजुले शासन को देखने के बाद अब एक बार फिर राजतंत्र और हिन्दू राष्ट्र की बहाली का आंदोलन देखा है। यह एक जटिल नौबत है जिसे सिर्फ राजनीतिक विचारधारा, और व्यवस्था खारिज करने की भाषा में हम देखना नहीं चाहते। ऐसे अतिसरलीकरण से बचते हुए हम अभी सिर्फ यही कहेंगे कि माओवादियों की खुद की, और गठबंधन सरकार शासन व्यवस्था में इतनी असफल रही है कि आबादी के एक हिस्से को ताजा-ताजा खोए हुए राजतंत्र की हसरत फिर से हो रही है। फिर नेपाल में अगर हिन्दू राष्ट्र का दर्जा फिर से कायम करने की मांग हो रही है, तो इसे दुनिया के कुछ बिल्कुल ही अलग हिस्सों में, बिल्कुल ही अलग वजहों से देखे जा रहे दक्षिणपंथी और कट्टरपंथी धार्मिक उभार से जोडक़र देखने की जरूरत है। चाहे भ्रष्टाचार और कमजोर शासन की वजह से हो, या किसी और वजह से, नेपाल आज राजा और धर्म की तरफ वापिस जाना चाहता है, और जिस नौजवान पीढ़ी ने न राष्ट्रीय धर्म देखा, न राजतंत्र देखा, वह बिल्कुल ही अलग मुद्दों को लेकर इस सरकार को उखाड़ फेंकना चाहती है। दो अलग-अलग, लेकिन मजबूत, आंदोलनों से गुजरते हुए नेपाल से भारत के हित गहराई से जुड़े हुए हैं क्योंकि भारत और चीन दोनों ही नेपाल को अपने पाले में बनाए रखना चाहते हैं, और हाल के बरसों में नेपाल के भारत से रिश्ते खराब ही हुए हैं। रिश्ते खराब होने के बावजूद नेपाल में लाखों भारतीय बसे हैं, और हजारों भारतीय कारोबारी वहां की अर्थव्यवस्था से जुड़े हुए हैं। दूसरी तरफ नेपाल के लोग बिना किसी नागरिकता के भी भारत में रहने, और कामकाज करने, नौकरी करने का हक रखते हैं, इस तरह दोनों देशों में एक-दूसरे के नागरिकों की बड़ी मौजूदगी, और अर्थव्यवस्था में उनकी हिस्सेदारी की वजह से मामला बड़ा जटिल है। नेपाल में तो भारत की करेंसी भी चलती है, और जब भारत में नोटबंदी हुई थी तो नेपाल में लोग खासी मुश्किल में भी आ गए थे। इसलिए नेपाल की आज की स्थिति को देखना, और अपने हित में काम करना भारत के लिए भी जरूरी है क्योंकि वह हाल के बरसों में पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, और म्यांमार से रिश्ते बिगाड़ चुका है। यह महज संयोग की बात नहीं है कि चीन ने इन तमाम देशों से तरह-तरह के गहरे रिश्ते बनाए हैं, और भारत के इर्द-गिर्द यह चीनी मोतियों की एक माला सरीखी बन गई है।
मध्यप्रदेश में अभी अनूपपुर के पास एक गांव में 60 साल के एक आदमी की लाश कुएं में मिली, तो पुलिस ने जल्द ही मामले को सुलझा लिया, और हत्यारों को गिरफ्तार किया। इस आदमी की तीसरी बीवी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति को मारा था, और इस कुएं में डाल दिया था। पति की कहानी भी बड़ी दिलचस्प थी। जब पहली बीवी घर छोडक़र चली गई, तो उसने पत्नी की छोटी बहन से शादी कर ली। फिर जब उससे कोई संतान नहीं हुई, तो उसने इन दोनों बहनों की एक और तीसरी बहन से शादी कर ली। घर पर एक जमीन दलाल का आना-जाना था, उससे इस तीसरी पत्नी के रिश्ते बन गए। आखिर में उसने प्रेमी और उसके एक साथ के साथ मिलकर पति की हत्या की, और कुएं में फेंक दिया। इन दिनों एक भी सुबह ऐसी नहीं रहती जब अखबार में इस तरह की कोई एक खबर, कम से कम एक, न रहे। आमतौर पर तो एक से ज्यादा खबरें ऐसी रहती हैं कि पति-पत्नी, और प्रेमी-प्रेमिका में से किन्हीं तीन, या चार के बीच हिंसा में एक या अधिक लोगों की जान चली जाती है, और जो जिंदा रह भी जाते हैं, उन्हें लंबी कैद भी मिलना तय सरीखा रहता है।
अभी इंदौर और मेघालय के बीच खबरों में बना हुआ राजा रघुवंशी हत्याकांड सुनवाई के लिए मेघालय की अदालत में पहुंचा है जहां करीब 8 सौ पेज के आरोप पत्र में मेघालय पुलिस ने बताया है कि किस तरह केरल के राजा रघुवंशी का कत्ल उसकी नवविवाहिता सोनम ने बड़ी बारीक साजिश रचकर हनीमून के दौरान ही मेघालय के शिलांग में अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर कर दिया था। पुराने प्रेमी से वफा, मौजूदा पति से बेवफाई, और फिर कत्ल, ऐसा कई मामलों में हो रहा है। आज भी पतियों के हाथ मारी जाने वाली पत्नियों की संख्या मरने वाले पतियों के मुकाबले बहुत अधिक जरूर होगी, लेकिन पति किसी प्रेमिका के लिए पत्नी का कत्ल कर दे, ऐसा कम सुनाई पड़ता है। अब यह भी सोचने की जरूरत है कि जब कुल मिलाकर पत्नियों का कत्ल करने वाले पतियों का अनुपात बहुत अधिक है, तो फिर प्रेमिका के लिए पति को मार डालने वाले पति अधिक क्यों नहीं है? इसकी एक वजह तो यह भी हो सकती है कि पति को ऐसे प्रेमसंबंध छुपाने की उतनी अधिक जरूरत नहीं रहती, और भारतीय समाज में मर्द एक से अधिक औरतों से रिश्ते रखकर भी चल सकता है। दूसरी तरफ इसी समाज में महिला के अगर एक से अधिक मर्दों से संबंध हैं, तो उसे सामाजिक मुजरिम मान लिया जाता है, और आगे-पीछे उसे हिंसा का शिकार होना पड़ता है, कभी पति के हाथों, तो कभी प्रेमी के हाथों। जब कोई शादीशुदा महिला पति को छोडक़र प्रेमी के साथ शादी करना चाहती है, तो ऐसी जिम्मेदारी से बचने वाले प्रेमी भी शादीशुदा प्रेमिका का कत्ल कर देते हैं।
ऐसा लगता है कि भारत में मरने-मारने तक नौबत इसलिए अधिक पहुंचती है क्योंकि यहां तलाक का चलन कम है। गिनाने के लोग गिना सकते हैं कि भारत में इतने फीसदी लोगों का तलाक होता है। लेकिन शादीशुदा जोड़ों की संख्या के अनुपात यह बहुत कम है, और अधिकतर लोग खींचतान कर, समानांतर दूसरे रिश्ते रखते हुए भी जिंदगी गुजार लेते हैं। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे और दूसरी सरकारी रिपोर्ट बताती है कि भारत में तलाक की दर एक से दो फीसदी के बीच है। अमरीका में यह 40 फीसदी, और योरप में 30 से 50 फीसदी के बीच है। लेकिन उन पश्चिमी देशों में पति-पत्नी के बीच जान लेने या देने के आंकड़े भारत के मुकाबले बहुत कम हैं। इसकी वजह बड़ी साफ-साफ है कि जब कानूनी रूप से जीवनसाथी से छुटकारा पाना मुमकिन है, तो फिर उसे मार डालने की जरूरत कम रहती है। लेकिन अगर उससे छुटकारा पाने की कोई आसान तरकीब न हो, अदालत और समाज तलाक को बुरा मानते हों, तो फिर उसे निपटा देना ही एक जरिया बचता है। अभी हम आंकड़े देख रहे थे, तो भारत में एक लाख शादीशुदा जोड़ों में एक से लेकर डेढ़ तक आपसी कत्ल हैं। अमरीका में यही आंकड़े आधे फीसदी के हैं, और योरप में 0.2 से 0.5 तक हैं।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा के बलरामपुर में गणेश विसर्जन के दौरान तेज शोरगुल वाले संगीत में नाचते-नाचते एक नाबालिग लडक़े की तबियत बिगड़ी, और अस्पताल ले जाने पर वह मरा हुआ वहां पहुंचा। यह अभी साफ नहीं है कि इस लडक़े की मौत शोरगुल की वजह से हुई, या अधिक नाचते हुए उसका हार्ट फेल हुआ। जो भी हो यह तो साफ है कि 15 साल का एक लडक़ा विसर्जन के शोरगुल के बीच इस तरह मारा गया कि उसमें शोरगुल का हाथ भी हो सकता है। छत्तीसगढ़ में हाईकोर्ट बीते बरसों से डीजे कहे जाने वाले, संगीत के नाम पर इस भारी शोरगुल पर रोक लगाने की नाकामयाब कोशिश कर रहा है। इसके पहले भी इस राज्य में लाउडस्पीकरों पर बैंड और संगीत के हल्ले में मौतें हो चुकी हैं, और ऐसे ही झगड़ों में कत्ल भी हो चुके हैं। जिस राजधानी रायपुर को पुलिस के हिसाब से एक आदर्श व्यवस्था की जगह होना चाहिए, कल वहां सडक़ों पर अंधाधुंध बदअमनी चलती रही, हाईवे पर गणेश के कार्यक्रमों के बड़े-बड़े ढांचे बनाए गए, और खुद प्रशासन ने शोरगुल की जो सीमा तय की है, उससे दुगुनी ऊंची आवाज तो रिकॉर्ड की गई है, लेकिन पूरे शहर में जगह-जगह गाडिय़ों पर लादे गए स्पीकरों से जो भयानक नजारा पेश किया गया, वह पूरी तरह बेकाबू नौबत है। प्रदेश में इक्का-दुक्का जगहों पर कुछ स्पीकरों को जब्त कर लिया गया है, लेकिन सडक़ों पर अराजकता हाईकोर्ट का मुंह चिढ़ाते हुए प्रदेश में जगह-जगह जारी है। इस मुद्दे पर लगातार लिखने, और अपने यूट्यूब चैनल, इंडिया-आजकल, पर लगातार बोलने की वजह से हमारे पास ही लोगों के भेजे हुए दर्जनों वीडियो इकट्ठे हो गए हैं कि हाईकोर्ट के आदेशों को कुचलते हुए कैसे प्रदेश की सडक़ों पर भयानक शोरगुल किया जा रहा है। जिन रास्तों से प्रतिमाओं और विसर्जन के जुलूस निकलते हैं वहां के लोगों का जिंदा रहना मुश्किल हो रहा है, और उस सडक़, और आसपास के लोग ऐसे दिनों पर किसी रिश्तेदार या परिचित के यहां दूर जाकर रहते हैं। हमारे पास ऐसे लोगों की भी जानकारी आई है जो इन दिनों अपने घर में नहीं रह पाते, जिनका ब्लडप्रेशर बढ़ जाता है, और हर बरस जिन्हें दूसरों के घरों में शरण लेनी पड़ती है।
बोलचाल में जिसे डीजे कहा जाता है, उस बारे में यह साफ कर देना जरूरी है कि इसका मतलब डिस्क-जॉकी होता है, ये ऐसे लोग होते हैं जो तरह-तरह के रिकॉर्ड (डिस्क) या दूसरे माध्यमों पर रखा गया संगीत मिलाकर पेश करते हैं, और पार्टियों में एक बड़े संगीत-टेबिल के पीछे हेडफोन लगाकर तरह-तरह के संगीत की मिक्सिंग करते अमूमन कोई नौजवान दिखता है। अभी छत्तीसगढ़ की सडक़ों पर बैंड, नगाड़ा पार्टी, और पहले से रिकॉर्ड किया गया संगीत जिस तरह से जीना हराम करता है, वह डीजे से अलग है, लेकिन प्रचलन में हर किस्म के संगीत के शोरगुल को डीजे कहा जाने लगा है, और हाईकोर्ट भी यही भाषा इस्तेमाल कर रहा है। खैर, भाषा की बारीकियों पर गए बिना हम यह कहना चाहते हैं कि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी तरह के शोरगुल, अराजकता, रौशनी को फेंकने के तरह-तरह के नए लैम्प, इनमें से किसी को भी काबू नहीं किया जा सकता, क्योंकि हजारों धर्मान्ध-उन्मादियों की भीड़ को काबू में करने के लिए उनसे अधिक संख्या में पुलिस लगेगी, जो कि मुमकिन ही नहीं है। इसलिए सरकार और हाईकोर्ट इन दोनों को हर त्यौहार पर सडक़ों पर होने वाली इस टकराहट, नागरिकों की नर्क सरीखी जिंदगी, और हाईकोर्ट की परले दर्जे की बेइज्जती को रोकने के लिए कोई दूसरा रास्ता ही निकालना चाहिए।
हमने पिछले महीनों में कुछ बार यह भी सुझाया है कि जब धर्म बना था, तब तो न बिजली थी, न लाउडस्पीकर थे। इसलिए लाउडस्पीकर किसी भी धार्मिक प्रथा का अनिवार्य हिस्सा नहीं है। हर उपासना स्थल से बेदर्दी से लाउडस्पीकरों को स्थाई रूप से हटा देना चाहिए। और इसके साथ-साथ छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को चाहिए कि वह दस फीट से अधिक दूर तक आवाज फेंकने वाले हर तरह के स्पीकर पर रोक लगा दे। पत्तों का इलाज करने से तब तक कोई समस्या हल नहीं होगी, जब तक बीमारी को जड़ से खत्म नहीं किया जाएगा। और जड़ है लाउडस्पीकर, या बड़े-बड़े स्पीकर। हम हाईकोर्ट को भी यह सुझाना चाहते हैं कि आज जिंदगी का जनहित का ऐसा एक भी काम नहीं है जो कि बड़े स्पीकरों के बिना पूरा न हो सके। ये बड़े स्पीकर शोर फैलाने वालों के अलावा और किसके काम के हैं? इन स्पीकरों की खरीद-बिक्री, और इनके इस्तेमाल पर पूरी रोक के बिना छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट अगले सौ बरस तक सरकार को नोटिस जारी कर सकता है, उसके बाद भी उसका कोई असर नहीं होगा। धर्मान्ध भीड़ के सामने पुलिस अपनी शारीरिक क्षमता से अधिक का काम नहीं कर सकती। गब्बर सिंह के गिरोह को पकडऩे के लिए लाठी लिए हुए दो पुलिस जवानों को भेजने से भला कभी डकैती रूकेगी? इसलिए हाईकोर्ट को सबसे पहले तो दस फीट से दूर तक आवाज फेंकने वाले हर किस्म के स्पीकर, और लाउडस्पीकर पर तुरंत रोक लगा देनी चाहिए। सरकारें चलाने वाले राजनीतिक दल हर कुछ बरस में किसी न किसी चुनाव में वोट के लिए जनता के पास जाते हैं। और जनता का धर्मान्ध हिस्सा उन्हें डराता है। इसलिए राजनेता चाहे वे सत्ता में हों, चाहे विपक्ष में, वे अराजकता को खुलकर बढ़ावा देते हैं, और अदालती आदेशों की हेठी करना उन्हें एक किस्म से जनता की वाहवाही भी दिलाता है। इसलिए अदालत सत्ता पर बैठे लोगों से कोई उम्मीद नहीं कर सकती। और यह बात तो पूरी तरह फिजूल की है कि बड़े स्पीकरों के रहते हुए उन्हें चलाने वाले लोगों से उम्मीद की जाए कि वे शोरगुल एक ऐसी सीमा से ऊपर न जाने दें जिसे नापने के उपकरण खुद सरकार के पास नहीं हैं, नीयत तो है ही नहीं।
महाराष्ट्र से एक परेशान करने वाला वीडियो सामने आया है जिसमें एक जिले में तैनात आईपीएस महिला अधिकारी जब अवैध मुरम खुदाई रोकती है, तो स्थानीय लोग सीधे उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को फोन लगाते हैं, और फोन इस अफसर को बात करने के लिए देते हैं। सामने से जब कहा जाता है कि वे उपमुख्यमंत्री अजीत पवार बोल रहे हैं, तो इस पर अंजना कृष्णा नाम की यह अफसर कहती है कि वे उनके मोबाइल पर फोन करें। इस पर अपने को अजीत पवार बताने वाला व्यक्ति खूब भडक़ता है, और इस अफसर को खूब डांटता है कि इतनी हिम्मत कैसे हो गई कि वह उनका चेहरा नहीं पहचानतीं। इसी मौके के कुछ वीडियो में अवैध खुदाई करने वाले अधिकारियों को धक्का देते भी दिख रहे हैं।
कुल मिलाकर मुद्दा यह है कि गलत काम करते पकड़ाई भीड़ के नेता ने अपने नेता, डिप्टी सीएम को फोन लगाया, और उन्होंने नेतागिरी की आदत के तहत कार्रवाई रोक देने के लिए कहा। इस पर डिप्टी सीएम की शिनाख्त के लिए जब इस अफसर ने अपने फोन पर कॉल करने कहा, तो अजीत पवार भडक़ गए। यहां पर कई सवाल खड़े होते हैं। राजधानी में बैठा डिप्टी सीएम गलत काम रोकते अफसर को अपने कार्यकर्ताओं के फोन पर रोककर सरकार का हौसला पस्त करता है, और मुजरिमों का हौसला बढ़ाता है। एक महिला पुलिस अफसर के साथ किसी मंत्री को बेहतर तरीके से पेश आना चाहिए था, लेकिन हर पार्टी, हर गठबंधन की सरकार में डिप्टी सीएम रहते-रहते अजीत पवार यह बुनियादी तमीज खो चुके हैं। एक आईपीएस अधिकारी से भी कुछ बेहतर तरीके से पेश आने की उम्मीद की जाती है क्योंकि वे अखिल भारतीय मुकाबले में चुनकर बेहतर साबित हुए लोगों में से रहते हैं, और कई अफसर राज्य के बाहर से भी आते हैं। ऐसे में उन्हें स्थानीय कार्यकर्ताओं के सामने बेइज्जत करना, डांटना-फटकारना सरकारी अमले की हिम्मत तोडऩा है। लेकिन इतना तो हम फिर भी कहेंगे कि अजीत पवार ने वही किया जो उनके दर्जे या पेशे के अधिकतर सत्तारूढ़ नेता करते हैं। कुछ ही दिन पहले हमने इसी जगह ऐसे विधायक के बारे में लिखा था जो एमपी में अपने जिले के कलेक्टर को मारने पर उतारू हो गए थे, बाद में सरकार और संगठन ने मिलकर उस मामले को ठंडा किया। दो दूसरे मामले बिहार के थे जहां पर मंत्री को लोगों ने पत्थर मार-मारकर भगाया, और वे किसी तरह लंबी दौड़ लगाकर अपने शरीर को बचा पाए। महाराष्ट्र को कुछ अधिक पढ़ा-लिखा, विकसित और सभ्य प्रदेश माना जाता है, लेकिन डिप्टी सीएम अजीत पवार की बदतमीजी देखने लायक है। अगर यह पूरा वीडियो और ऑडियो नहीं होता, तो वे सार्वजनिक आलोचना से बच भी गए रहते, और पूरे मामले को झूठा करार दे देते। लेकिन वीडियो टेक्नॉलॉजी की वजह से अब बहुत सारी घटनाओं को पूरी तरह से नकार देना संभव नहीं है। यह बात नहीं भूलना चाहिए कि आज मोबाइल फोन पर ही तरह-तरह के झांसे देने की घटनाएं हर मिनट कहीं न कहीं होती हैं, ऐसे में अगर एक अफसर ने डिप्टी सीएम से अपने खुद के फोन से कॉल करने को कहा है, तो क्या गलत किया है।
एक महिला आईपीएस अधिकारी होने की वजह से हम उनके साथ हुई बदसलूकी की अधिक आलोचना कर रहे हैं, ऐसा भी नहीं है। हम एक ट्रैफिक सिपाही पर भी सत्ता की बददिमागी उतरते देखकर उसके खिलाफ लिखते हैं। मध्यप्रदेश में जब कलेक्टर बंगले पहुंचकर विधायक ने उन पर हाथ उठाया, तो प्रदेश के आईएएस अफसरों की एसोसिएशन ने मुख्य सचिव से मिलकर विरोध दर्ज किया, लेकिन नेता पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, सत्तारूढ़ भाजपा ने भी अपने विधायक को गोलमाल शब्दों से बचाया। छोटे कर्मचारियों के साथ सत्ता की हिंसा होने तक उनके संघ अधिक मजबूती से उठ खड़े होते हैं, और छत्तीसगढ़ में अभी पिछले महीनों में एक कलेक्टर को मातहत लोगों से बदसलूकी करने पर माफी मांगनी पड़ी थी। अजीत पवार जैसा दुव्र्यवहार जो भी नेता करते हैं, उनके खिलाफ प्रदेश की अदालतों को खुद होकर नोटिस लेना चाहिए, और सत्ता को कटघरे में खड़ा करना चाहिए। सरकार में काम कर रहे लोग कई बार उन पर हो रहे जुल्मों का खुलकर विरोध नहीं कर पाते, ऐसे में सत्ता से बाहर के लोगों को पहल करनी चाहिए, जिसमें एक बड़ी जिम्मेदारी राज्य की न्यायपालिका की बनती है। वैसे तो मानवाधिकार आयोग, और महिला आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाएं भी ऐसी नौबतों के लिए बनाई गई है, लेकिन उन पर सत्ता के मनोनीत लोग बैठते हैं, और वे सत्ता के हर जुर्म को ढांकने में लगे रहते हैं। वह एक अलग लंबी बहस का मुद्दा है, लेकिन हम इतना जिक्र करना चाहेंगे कि संवैधानिक पदों पर सत्ता की पसंद को बिठाने के हम इसलिए भी खिलाफ हैं कि अपने अन्नदाता के लिए ऐसे लोग कोई असुविधा पैदा करना नहीं चाहते।
शिक्षक दिवस पर भारत में आज के दिन परंपरागत रूप से शिक्षकों के संस्मरण और उनके गुणगान छपते हैं। कुछ महानतम वैज्ञानिकों की कही या लिखी गई, या महज उनके नाम से प्रचलित और प्रचारित बातें भी सोशल मीडिया पर देखने मिल रही है कि अच्छे शिक्षक वे नहीं होते जो बच्चों को सिखाते हैं, बल्कि वे होते हैं जो बच्चों को सोचने के लिए प्रेरित करते हैं। किसी एक लेखक-शिक्षक ने आज फेसबुक पर यह भी लिखा है कि शिक्षक की परंपरागत भूमिका एआई के आने के बाद अब एकदम से बदल गई है क्योंकि एआई के बाद लोगों को उस तरह सीखने की जरूरत भी नहीं रह गई है जैसी कि पहले थी। अब जरा सोचें, कि पहले पहाड़े की किताब आती थी, और लोग न सिर्फ दो-चार-आठ-दस का पहाड़ा पढ़ते थे, याद करते थे, बल्कि वे सवैया और डेढ़ैया जैसे कुछ पहाड़े भी पढ़ते थे जो सवा या उससे ज्यादा गुना का हिसाब रहता था। अब केलकुलेटर आए, तो पहाड़ा याद करना निरर्थक हो गया। पहाड़े की जो किताब बालभारती के साथ जबर्दस्ती बेची जाती थी, वह अप्रासंगिक हो गई। अब हिसाब-किताब के लिए इम्तिहानों में भी केलकुलेटर की छूट मिलने लगी है, मतलब यह कि अब पहाड़ा याद रखने की जरूरत नहीं है। इसी तरह इंटरनेट, गूगल, और विकिपीडिया आने के बाद सामान्य ज्ञान की बहुत सारी बातें, ऐतिहासिक और दूसरे किस्म के तथ्य याद रखने की जरूरत नहीं है क्योंकि पलक झपकते पूरी जानकारी स्क्रीन पर रहती है। इसलिए याददाश्त का वह हिस्सा भी अब गुरूमंत्र नहीं रह गया। एआई के बाद तो तस्वीर और बहुत दूर तक बदलने वाली है, या कि बदल चुकी है।
हमने एआई से ही पूछा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आ जाने के बाद अब स्कूल-कॉलेज की पढ़ाई में क्या फर्क आएगा? उसने इस सवाल और इसके पूछे जाने के वक्त की तारीफ की, और कहा कि एआई हर छात्र-छात्रा के सीखने के तरीके, और उसके प्रदर्शन का अलग-अलग विश्लेषण कर सकता है, और हर छात्र-छात्रा के लिए अलग-अलग पाठ तैयार कर सकता है, उनकी क्षमता और जरूरत के मुताबिक उस रफ्तार से पढऩे की सामग्री बना सकता है। किसी एक छात्र-छात्रा को विषय के जिस हिस्से में दिक्कत हो, उसके लिए उस हिस्से का पाठ्यक्रम एआई बढ़ा सकता है, और जिस हिस्से में उन्हें बड़ी आसानी हो, उस हिस्से से उन्हें तेजी से आगे बढ़ा सकता है। किसी छात्र-छात्रा की गलतियों को एआई तुरंत पकडक़र उन्हें सुधारने के अलग-अलग तरीके तब तक बता सकता है, जब तक उन्हें वह बात ठीक से समझ न आ जाए। इससे स्कूल या क्लासरूम की पढ़ाई जिसमें कि हर किसी के लिए एक सरीखी ताकत लगाई जाती है, वह तस्वीर बदल जाएगी, और छात्र-छात्राओं के लिए एआई निजी ट्यूशन जैसे काम करने लगेगा, मानो वह उन्हीं को अकेले को पढ़ा रहा हो।
एआई ने ही यह भी सुझाया है कि आज शिक्षकों का बहुत सा समय छात्र-छात्राओं को अभ्यास देने में लगता है, और बाद में उन्हें जांचने-परखने में। एआई इस सारे काम को बड़ी आसानी से पल भर में कर सकता है ताकि शिक्षकों के लिए बहुत सा समय बच जाए। इस बचे हुए समय का इस्तेमाल शिक्षक सचमुच पढ़ाने में, प्रेरणा देने में, कल्पनाशीलता, और रचनात्मकता में इस्तेमाल कर सकते हैं। एआई स्कूलों की हाजिरी जैसे दूसरे बहुत सारे काम खुद कर सकता है ताकि तमाम छात्र-छात्राओं से जुड़ी हुई जानकारियों को दर्ज करने, और जवाब-तलब करने का बोझ शिक्षकों पर से हट जाए। इसके अलावा एआई खुद शिक्षकों के ज्ञान, और उनकी क्षमता को बढ़ाने का काम भी कर सकता है, वे पल भर में जानकारी पाकर उसे अपनी मर्जी और समझ से ढाल सकते हैं, और अपने खास अंदाज में क्लासरूम में रख सकते हैं।
एआई ने अपनी सहूलियतें गिनाते हुए आगे कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस ऐसे आभासी शिक्षक और चैटबोट सामने रख चुका है जिनसे छात्र-छात्राएं 24 घंटे में कभी भी कोई भी सवाल पूछ सकते हैं, जवाब पाकर उससे जुड़े और सवाल भी पूछ सकते हैं, जब तक, तब तक कि उनकी जरूरत पूरी न हो जाए। एआई किसी लिखी गई सामग्री को पढक़र भी सुना सकता है ताकि आंखों पर जोर कम पड़े, और सिर्फ कानों से काम चल जाए। जिन लोगों ने एआई का अधिक इस्तेमाल नहीं किया है, वे इस बात को समझ सकते हैं कि यह गूगल की तरह सिर्फ सर्च करके, या विकिपीडिया की तरह उसमें पहले से दर्ज जानकारी को सामने रखने का काम नहीं करता, बल्कि विश्लेषण भी करता है, लिखता भी है, पहले से लिखे हुए का रूपांतरण भी कर देता है, इस तरह यह सर्चइंजन की अगली पीढ़ी नहीं है, बल्कि यह एक अलग ही बुद्धि है, जो कि छलांगें लगाकर इंसान की बुद्धि को पार करने की रफ्तार से आगे बढ़ रही है। जहां तक स्कूल-कॉलेज की किताबों, और पढ़ाई से मिलने वाले ज्ञान की बात है, तो इन मामलों में एआई काफी हिस्से में शिक्षक-शिक्षिकाओं से बेहतर साबित होगा। फिर भी व्यक्तित्व का कुछ ऐसा मौलिक हिस्सा रहेगा जिसे कि एआई नहीं पा सकेगा। यही मौलिकता शिक्षकों को दूर तक ले जाएगी, या कि इस काम में बने रहने में मदद करेगी।
कुछ महीने पहले से ब्रिटेन से ऐसी खबरें आ रही हैं कि वहां एआई ने चिकित्सा वैज्ञानिकों को कैंसर मरीजों की ऐसी दवाइयां बनाने में मदद की है जो कि किसी एक खास मरीज के लिए ही बनी है। अब हर मरीज की जरूरत के लिए एआई अलग-अलग दवा बना सकता है जो कि उसके लिए अधिकतम फायदे की, और न्यूनतम नुकसान की होगी। यह महीनों से शुरू हो चुका है, और कैंसर के बहुत से मरीज अकेले उनके लिए बनी हुई दवा पा रहे हैं, और यह सिर्फ एआई से मुमकिन हो पाया है। अब स्कूल-कॉलेज में भी हर छात्र-छात्रा की क्षमता और दिलचस्पी के मुताबिक अगर एआई अलग कोर्स, किताब, व्याख्यान, सवाल-जवाब तैयार कर दे, तो यह एक किस्म की क्रांति रहेगी। अभी तक तो पूरी की पूरी क्लास के लिए ये चीजें एक जैसी रहती हैं, और गिने-चुने शिक्षक-शिक्षिका ही ऐसे रहते हैं जो कि अलग-अलग बच्चों की अलग-अलग जरूरतों को आंककर उनके लिए ये बारीकियां अलग करते हैं। अब एआई से अगर यह होने लगता है, तो यह शिक्षण में उत्कृष्टता की एक अभूतपूर्व स्थिति रहेगी, जिसकी कल्पना भी अभी नहीं की जा सकती।
केन्द्र सरकार ने जीएसटी के कई स्लैब घटाकर अब कुल दो स्लैब रखे हैं जिनमें 99 फीसदी सेवा और सामान आ जाएंगे। बहुत थोड़े से गिने-चुने दारू-तम्बाकू किस्म के सामानों के लिए बहुत अधिक जीएसटी वाला एक स्लैब पहले भी था, और अभी भी रखा गया है। लेकिन जिंदगी की तकरीबन तमाम चीजें अब 5 फीसदी, और 18 फीसदी जीएसटी के दायरों में आ जाएंगी। सरकार का दावा है कि पहले जो दूसरी स्लैब चली आ रही हैं, उन्हें इन दो स्लैब में मिला दिया गया है, और हर सामान या सेवा पर टैक्स पहले के मुकाबले कम होगा, या उतना ही बना रहेगा। कुछ अर्थशास्त्रियों का कहना है कि लोग त्यौहारों के इस मौसम में खर्च का अपना जो बजट रखते हैं, उसमें तो कोई कटौती करेंगे नहीं, और जो कुछ भी बचत होगी, उससे अतिरिक्त खरीददारी ही होगी, और बाजार में उतना ही पैसा आएगा। कुछ लोगों का यह भी अनुमान है कि इससे बाजार में अधिक रकम आएगी, और अर्थव्यवस्था का चक्का घूमेगा।
जीएसटी जब से लागू हुआ था तब से उसकी विसंगतियों ने लोगों को बड़ा परेशान किया था, लेकिन अब जब सारे कारोबारियों ने जीएसटी हिसाब-किताब का सिस्टम बना लिया है, तब स्लैब घटाकर कुल दो स्लैब कर देना उनके काम को आसान ही करेगा। ऐसा लगता है कि केन्द्र सरकार को बीते बरसों में जीएसटी से उम्मीद से भी अधिक, छप्पर फाडक़र जितनी कमाई हुई है, उसके चलते उसने अब कुछ रियायतें देने की सोची है। इसके पीछे बिहार, और बंगाल के चुनावों को प्रभावित करने की नीयत भी हो सकती है, अमरीकी टैरिफ की वजह से भारतीय अर्थव्यवस्था पर जो बोझ पड़ रहा है, उससे लोगों को उबारने के लिए भी जीएसटी रियायत दी गई है, ऐसा भी कुछ लोगों का मानना है। तीसरी बात यह कि सरकार की जिन-जिन बातों को लेकर आलोचना हो रही थी, उस तरफ से जनता का ध्यान हटाने के लिए भी ऐसा किया गया हो सकता है। जो भी वजह हो, यह तो सरकार के हाथ में ही रहता है कि वह कब कौन से फैसले लेकर जनता के बीच चल रही कोई सुगबुगाहट या नाराजगी दूर करने की कोशिश करे।
हम बहुत सी छोटी-छोटी चीजों पर घटे हुए जीएसटी की अधिक चर्चा करना नहीं चाहते क्योंकि वह तो खबरों में आ चुकी बात है, लेकिन जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा इन दोनों पर अब तक लग रहे 18 फीसदी जीएसटी को खत्म कर देना एक बड़ी बात है, जिससे बीमा प्रीमियम घट जाएगा, और लोग अपनी जिंदगी का, और इलाज के लिए बीमा करवाने की तरफ बढ़ेंगे। आज देश की आधी आबादी के पास भी जीवन और इलाज बीमा नहीं है। दूसरी तरफ बड़ी कारों, बहुत बड़े इंजन की मोटरसाइकिलों, और तम्बाकू पान-मसाला, कोल्डड्रिंक, इन सबको 40 फीसदी जीएसटी में रखा गया है, जो कि अच्छी बात है। इससे किसी उच्च-मध्यवर्गीय तबके का भी कोई लेना-देना अनिवार्य रूप से नहीं है, बाकी अपने नशे और शौक के लिए तो गरीब भी अगर तम्बाकू-गुटखा खाए, तो वह कैंसर के सरकारी इलाज का टैक्स भी देते चले। बुरी लत, और महंगे शौक के कुछ सीमित सामानों पर लगा यह टैक्स जायज ही दिखता है। 2017-18 के जीएसटी संग्रह से 2024-25 का जीएसटी संग्रह दोगुना से अधिक बढ़ गया है।
आम जनता को किसी समझदारी की बात सिखाना तालाब तक घोड़े को ले जाकर पानी पिलाने के मुकाबले अधिक मुश्किल काम है। इसलिए हमारे यह कहने का कोई खास मतलब रहेगा नहीं कि जिन लोगों ने अपना बीमा नहीं कराया है, वे जीएसटी से होने वाली बचत से अपनी जिंदगी और अपनी सेहत का बीमा करवा लें। मौत और बीमारी पहले से चिट्ठी लिखकर नहीं आते, और देश की शायद तीन चौथाई से अधिक आबादी इस खर्च के लिए तैयार नहीं रहती है। परिवार के किसी कमाऊ सदस्य की मौत के लिए तो शायद 90 फीसदी आबादी तैयार न हो। ऐसे में बीमा टैक्सफ्री कर दिया गया है, तो लोगों को जीएसटी की बचत का उसमें पूंजीनिवेश करना चाहिए। हम यह बात इसलिए भी सुझा रहे हैं कि हेल्थ बीमा करने वाली कंपनियों के लिए भारत में एक रेगुलेटरी एजेंसी बनाई गई है, लेकिन उसकी सारी कोशिशों के बावजूद आज भी देश में अधिक उम्र तक पहुंच गए लोगों के लिए नया बीमा पाना असंभव सा है। इसलिए सबके भले के लिए यह है कि कम या अधिक, अपनी जरूरत और क्षमता के मुताबिक इलाज-बीमा हर किसी को उम्र रहते, और बीमारियों से घेरने के पहले करवा लेना चाहिए, ताकि जिंदगी का आखिरी हिस्सा अभाव और तनाव में न गुजरे।


