बस्तर

बस्तर दशहरा के सफल आयोजन के लिए समिति की बैठक, अर्जुन कर्मा उपाध्यक्ष बनाए गए
09-Sep-2021 9:43 PM
बस्तर दशहरा के सफल आयोजन के लिए समिति की बैठक, अर्जुन कर्मा उपाध्यक्ष बनाए गए

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 9 सितम्बर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के सफल आयोजन हेतु बस्तर दशहरा समिति की बैठक सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष श्री दीपक बैज की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टोरेट जगदलपुर के प्रेरणा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में 75 दिनों तक चलने वाली विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के सभी रस्मों को परंपरा अनुसार पूरा करते हुए कार्यक्रम के सफलता पूर्वक आयोजन के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान बैठक में उपस्थित मांझियों के बहुमत के आधार पर  अर्जुन कर्मा को बस्तर दशहरा समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया। बैठक में उपस्थित कुल 36 मांझियों में से 30 माझियों श्री अर्जुन कर्मा को उपाध्यक्ष बनाने की सहमति दी। इस अवसर पर हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष  चंदन कश्यप, महापौर श्रीमती सफीरा साहू, माटी पूजारी कमलचंद भंजदेव, नगर निगम की सभापति श्रीमती कविता साहू, कलेक्टर रजत बंसल एवं अपर कलेक्टर अरविंद एक्का विशेष रूप से उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि माता दंतेश्वरी की कृपा से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व प्रसिद्ध का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा। उन्होंने आशा व्यक्त किया की दशहरा उत्सव समिति, जिला प्रशासन एवं समाज के सभी वर्गों के सहयोग से बस्तर दशहरा उत्सव 2021 निर्विघ्न एवं निर्बाध रूप से संपन्न होगा। श्री बैज ने कहा कि पिछले वर्ष कोरोना काल की विषम परिस्थितियों में माता दन्तेश्वरी एवं समाज के सभी वर्गों के सहयोग से विश्व प्रसिद्ध दशहरा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो कि अपने आप में एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कोरोना वायरस के रोकथाम हेतु निर्धारित किए गए प्रोटोकॉल का पालन करते हुए दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। बस्तर के माटी पुजारी कमलचंद भंजदेव ने कहा कि बस्तर दशहरा के सफल आयोजन में मांझी, चालकियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन के व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु अपना सुझाव भी दिए। बैठक में दशहरा उत्सव समिति के उपाध्यक्ष अर्जुन कर्मा एवं पूर्व उपाध्यक्ष बलराम मांझी तथा जनप्रतिनिधियों ने भी अपना सुझाव दिए। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु मांझी, चालकी, मेम्बर-मेम्बरीन एवं उपस्थित लोगों ने भी अपना सुझाव दिए।

बैठक में आयोजन से जुड़े बस्तर संभाग के सभी जिलों के प्रतिनिधियों के अलावा जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news