कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 21 सितंबर। राज्य सरकार के आदेशानुसार केशकाल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत केशकाल, फरसगांव व बेड़मा में एकलव्य आश्रम के शुभारंभ हेतु चयन किया गया है। जिसको लेकर तैयारियां चल रही है। इसी तारतम्य में सोमवार को एकलव्य आश्रम हेतु की गई अस्थाई व्यवस्था का निरीक्षण करने केशकाल विधायक संतराम नेताम प्री मैट्रिक बालक छात्रावास पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। साथ ही बच्चों को होने वाली समस्याओं से भी अवगत हुए। ततपश्चात उन्होंने बालक हायर सेकंडरी स्कूल में चल रहे मरम्मत कार्यों का भी जायजा लिया। इसके साथ ही राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के स्थाई रूप से संचालन हेतु भवन निर्माण के लिए भूमि का भी चयन किया गया।
इस दौरान विधायक संतराम नेताम ने कहा कि केशकाल में संचालित प्राथमिक, माध्यमिक व हायर सेकंडरी स्कूलों में केशकाल विकासखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से बच्चे पढऩे के लिए आते हैं। ऐसे में उनकी पढ़ाई व आवास हेतु बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना हमारा दायित्व बनता है। इसी उद्देश्य के साथ हमने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण किया है। हमारा प्रयास है कि स्कूली बच्चों को पढऩे व रहने के लिए हम किस प्रकार से सुविधा मुहैया करवा सकते हैं इसके लिए आज सभी स्कूलों, आश्रमो व छात्रावासों का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान तहसीलदार आशुतोष शर्मा, नरेंद्र जैन, निज सहायक अमरनाथ राणा शासकीय बालक उ.मा.वि. के प्राचार्य राकेश विश्वकर्मा के साथ सभी शिक्षकगण व समस्त आश्रमों व छात्रावासों के अधीक्षकगण मौजूद रहे।