जान्जगीर-चाम्पा

मां चंद्रहासिनी के दर्शन करने पैदल रवाना हुए भक्त
10-Oct-2021 4:41 PM
मां चंद्रहासिनी के दर्शन करने पैदल रवाना हुए भक्त

महामंगल आरती से भक्तिमय हुआ माहौल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सक्ती, 10 अक्टूबर।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों के आह्वान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु  मां चंद्रहासिनी के दर्शन करने के लिए महामाया मंदिर सक्ती के समक्ष उपस्थित होकर मां की जयकारा लगाते हुए पैदल यात्रा मां चंद्रहासिनी दर्शन के लिए रवाना हुए।

 चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति द्वारा आयोजित मां चंद्रहासिनी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा में सर्वप्रथम आकर्षक रूप से सजे रथ में विराजी मां चंद्रहासिनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पदयात्रा का शुभारंभ मां महामाया मंदिर सक्ती से प्रारंभ होकर नवधा चौक से अग्रसेन चौक होते हुए झूल कदम ग्राम पंचायत सोंठी टेमर मार्ग से चंद्रपुर पहुंचेगी।

 चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति द्वारा चंद्रसेनी देवी दर्शन के लिए विशाल पदयात्रा सक्ती नगर के माँ महामाया मंदिर से निकाली गई। इस संबंध में भागवत कथा आचार्य राजेंद्र शर्मा ने कहा कि पदयात्रा में  क्षेत्र के लोग उत्साह के साथ पैदल चलते हुए जय माता दी के जयकारा करते हुए जाते हैं। यह यात्रा कोई सामान्य यात्रा जैसा नहीं है बल्कि इस यात्रा से सनातन धर्म के प्रति जागरूकता का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। शारदीय नवरात्र पर्व के इस अवसर पर निकाली गई इस विशाल पदयात्रा में जहां सैकड़ों की संख्या में स्त्री-पुरुष सहित अनेक श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ चंद्रसेनी देवी का दर्शन करने के लिए पग-पग चलकर जाते हैं वहीं अगर हम धार्मिक आस्था और वेद पुराणों के ज्ञान की बात करें तो जहां देवी-देवताओं के दर्शन और सत्संग कार्य में जाने से एक-एक पद पर एक-एक यज्ञ करने का पुण्य प्राप्त होता है। 

यह यात्रा पूरे जनमानस को सनातन धर्म की रक्षा करने का संदेश देता है जहां लोग हाथ में लाल ध्वज लेकर बिना जूते-चप्पल के खाली पैर ही यात्रा पर निकल पड़ते हैं। यही सनातन धर्म की विशेषता है जो पूरे विश्व के लिए कल्याण की कामना करता है। केवल अपने लिए नहीं बल्कि विश्व में आरोग्यता और शांति का संदेश भी देता है।

चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति के द्वारा जहां आकर्षक रूप से मां चंद्रहासिनी के रथ को सजाया गया था। वहीं यहां भव्य रूप से महामंगल आरती के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता रामअवतार अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश राठौर, भागवत कथाचार्य राजेंद्र शर्मा, मांगेराम अग्रवाल, चंद्रपुर पदयात्रा सेवा समिति के संयोजक श्याम सुंदर अग्रवाल, विजय बहादुर सिंह, श्री कोडके, चितरंजय पटेल, अनीता सिंह, पप्पी गुप्ता, अमित तंबोली,  हेमंत देवांगन,  सोनू देवांगन,  राकेश टंडन, महिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजया जायसवाल, राजीव अग्रवाल, प्रकाश अग्रवाल सभी के द्वारा मां चंद्रहासिनी की भव्य आरती की गई।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news