कोण्डागांव

प्रसव बाद मौत, बच्चा स्वस्थ
23-Oct-2021 9:57 PM
 प्रसव बाद मौत, बच्चा स्वस्थ

साल भर से पे्रम प्रसंग, 2 दिन पहले की थी शादी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 23 अक्टूबर। केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाली कैम्प (डिपोपारा) निवासी 20 वर्षीय महिला को प्रसव के बाद सीने में दर्द उठने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के पति व ननद ने शुक्रवार की देर रात 2 बजे केशकाल थाना आकर पुलिस को घटना की सूचना दी। तत्पश्चात पुलिस ने तत्काल मामले में मर्ग पंचनामा तैयार कर जांच कार्रवाई में लिया गया। साथ ही शनिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।

  बताया जा रहा है कि मृतका श्यामा गावड़े और उसके पति अमरु कावड़े के बीच विगत 1 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था तथा वो दोनों साथ में ही रहते थे। श्यामा  लगभग 8 महीने की गर्भवती हो गयी थी, लेकिन उन्होंने अब तक शादी नहीं की थी। विगत 20 अक्टूबर दिन गुरुवार को उन्होंने शादी की, इसके पश्चात 22 अक्टूबर की रात उसको प्रसव पीड़ा हुई।

श्यामा के मामा मोहन नेताम का कहना है कि हमें न तो इनकी शादी के बारे में कोई जानकारी दी गयी थी, न ही प्रसव की जानकारी दी गयी। आज सुबह हमें पता चला कि हमारी भांजी की मौत हो गयी है, तब हम सभी घर वाले केशकाल अस्पताल पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि नवजात शिशु को डॉक्टरों ने अपनी निगरानी में रखा है, वह पूर्णत: स्वस्थ है। जैसे ही डॉक्टर उसे अस्पताल से डिस्चार्ज करेंगे, उसे हम लेकर जाएंगे। तब तक उसका ख्याल रखने की पूरी जिम्मेदारी उसके पिता की है।

इस संबंध में केशकाल थाना प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि बीती रात लगभग 2 बजे बंगाली कैम्प निवासी महिला चांदनी कावड़े ने अपने भाई अमरु के साथ केशकाल थाना आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी भाभी श्यामा कावड़े का उसके भाई अमरु के साथ विगत 1 वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था, हाल ही में इन दोनों की शादी भी हुई थी। श्यामा पिछले 8 महीने से गर्भवती भी थी, जिसे शुक्रवार की रात प्रसव पीड़ा हुई, उसने एक बच्ची को जन्म दिया।

कुछ देर के बाद श्यामा कावड़े के सीने में दर्द उठा तो उसके पति और ननद उसे केशकाल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। फिलहाल मामले में मर्ग पंचनामा तैयार कर जांच कार्यवाही में लेते हुए शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।     

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news