राजनांदगांव

खैरागढ़ को मिला नया राजा, आर्यव्रत का हुआ राजतिलक
18-Nov-2021 6:00 PM
खैरागढ़ को मिला नया राजा, आर्यव्रत का हुआ राजतिलक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 18 नवंबर।
खैरागढ़ रियासत को नया राजा मिला। राजा देवव्रत सिंह जी के निधन के पश्चात रिक्त राजगद्दी पर उनके पुत्र आर्यव्रत सिंह का राजतिलक शुभ मुहूर्त में सायंकाल सपन्न हुआ। तेरहवीं के बाद स्व. देवव्रत सिंह के पुत्र आर्यव्रत सिंह को देर शाम बुआ उज्जवला देवी सिंह द्वारा पगड़ी रस्म की अदायगी कर राजतिलक किया गया।

राजपुरोहित डॉ. मंगलानंद झा तथा अन्य ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रों व पुष्प वर्षा के बीच माँ पदमादेवी सिंह, बहन शताक्षी सिंह, चाचा भवानी बहादुर सिंह, उज्जवलादेवी सिंह, स्मृति देवी सिंह, आकांक्षा देवी सिंह, दामाद रजत भार्गव, नरेन्द्र सोनी, विभा सिंह (स्व. सिंह की पत्नी) तथा राज परिवार के अन्य सदस्य विष्णु बहादुर सिंह, गुप्तनारायण सिंह, रूद्रभूषण सिंह इत्यादि ने तिलक लगाकर राजा का स्वागत किया। नए राजा के स्वागत एवं उसके दर्शन के लिए पूरे नगर सहित ग्रामीण इलाकों का हुजुम उमड़ पड़ा था। सभी ने उपने पूर्व राजा देवव्रत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर नए राजा आर्यव्रत सिंह का सम्मान किया। राजतिलक में प्रदेश के दिग्गज नेता सत्यनारायण शर्मा, रेणु जोगी व अमित जोगी ने भी नए राजा का तिलक कर सम्मान किया।

राजजिलक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए राजा आयव्रत ने कहा कि यह मेरे लिए संकट और परीक्षा की घड़ी है । मैं अपने पिता के बताए हुए रास्ते पर जलूंगा और जनता के हर दुख-सुख में साथ दूंगा चाहे मेरी परिस्थिति कैसी भी हो। खैरागढ़ रियासत के लोगों को कभी ऐसा महसूस नहीं होने दूंगा कि उनका ख्याल रखने वाला कोई नहीं है।


अन्य पोस्ट