राजनांदगांव

चिटफंड कंपनी में डूबे ढाई करोड़ निवेशकों को मिला वापस
23-Nov-2021 2:31 PM
चिटफंड कंपनी में डूबे ढाई करोड़ निवेशकों को मिला वापस

 

   सीएम ने कलेक्टर-एसपी की मौजूदगी में खाते में लौटाई राशि   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर।
रकम दोगुना के लालच में चिटफंड कंपनियों के जाल में फंसे निवेशकों के लिए मंगलवार का दिन खुशियां लेकर आया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर में राजनांदगांव कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा और एसपी डी. श्रवण की मौजूदगी में करीब ढ़ाई करोड़ रुपए निवेशकों के खाते में जमा कराया। मुख्यमंत्री बघेल ने हाल ही में चिटफंड कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। वहीं निवेशकों के डूबे रकम को वापस दिलाने के लिए भी अभियान छेडऩे का निर्देश दिया था। इसी कड़ी में राजनंादगांव जिले के निवेशकों को 2 करोड़ 46 लाख रुपए की राशि लौटाई गई है। यह राशि चिटफंड कंपनियों के संपत्तियों को कुर्क कर नीलामी से वसूल की गई है।

राजनंादगांव जिले में अब तक 9 करोड़ 78 लाख रुपए की राशि निवेशकों को वापस किया गया है। जिले में 16 हजार 796 निवेशकों को इसका फायदा हुआ है। इस बीच जालसाजों को लेकर प्रशासन ने एक अलग अभियान छेड़ रखा है। माना जा रहा है कि जिले में 3 लाख से अधिक लोगों ने तकरीबन पौने 5 सौ कंपनियों में अपनी पूंजी निवेश की थी। जिसमें अधिकांश कंपनियां लोगों को चूना लगाकर रफूचक्कर हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार ने 2 अगस्त से निवेशकों के आवेदन रकम वापसी के लिए जमा कराए थे। राजनांदगांव में तकरीबन 46 हजार, छुरिया में 50 हजार, डोंगरगढ़ में 35 हजार और खैरागढ़-डोंगरगांव में 30-30 हजार निवेशकों ने रकम वापसी के लिए आवेदन दिया था। प्रशासन लगातार चिटफंड कंपनियों के डायरेक्टरों की सरगर्मी से पुलिस के जरिये तलाश कर रहा है। पुलिस भी डायरेक्टरों को उनके छुपे हुए ठिकानों से बाहर निकालने के लिए अभियान चला रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news