रायपुर

शहर अध्यक्ष हमेशा बदसलूकी करते हैं, दुखड़ा सुना फूट-फूटकर रो पड़ी महिला नेत्री
24-Nov-2021 6:17 PM
शहर अध्यक्ष हमेशा बदसलूकी करते हैं, दुखड़ा सुना फूट-फूटकर रो पड़ी महिला नेत्री

कांग्रेस की बैठक में विवाद, गिरीश दुबे पर गंभीर आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 नवंबर।  महंगाई के विरोध में पदयात्रा के लिए बुधवार को शहर जिला कांग्रेस की बैठक में उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब एक महिला पदाधिकारी ने जिलाध्यक्ष पर बदसलूकी का आरोप लगाकर फूट-फूटकर रो पड़ी। इसके बाद बाकी पदाधिकारियों ने किसी तरह महिला पदाधिकारी को शांत कराया, और जिलाध्यक्ष को बाहर भेज दिया।

महंगाई के विरोध में कांग्रेस सभी वार्डों में पदयात्रा निकाल रही है। पार्टी के प्रमुख नेताओं को वार्डों का प्रभारी बनाया गया है। बैठक पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, और प्रदेश महामंत्री अमरजीत चावला की मौजूदगी में हुई। इसमें शहर जिलाध्यक्ष गिरीश दुबे भी मौजूद थे।

चर्चा के दौरान वार्ड प्रभारी प्रगति वाजपेयी, गिरीश दुबे की टोका-टाकी से इतनी दुखी हो गई कि वो बैठक में ही फूट-फूटकर रो पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरीश दुबे हमेशा उनके साथ बदसलूकी करते हैं। उनके साथ धक्का-मुक्की कर देते हैं। सीएम हाउस के कार्यक्रमों में जाने पर गिरीश दुबे आपत्ति करते हैं।

उन्होंने यहां तक कहा कि गिरीश जैसे लोगों के कारण ही अच्छे लोग कांग्रेस से जुडऩे में परहेज करते हैं। बैठक के दौरान वो लगातार रोते रहीं। गिरीश दुबे सफाई देने की कोशिश करते रहे। गिरीश के खिलाफ बाकी पदाधिकारियों में काफी नाराजगी रही। इसके बाद कुछ नेताओं ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहकर मामले को शांत करने की कोशिश की।

पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर ने प्रगति को समझाया और लिखित में शिकायत देने के लिए कहा ताकि गिरीश पर कार्रवाई हो सके । प्रगति ने इस मामले की शिकायत  सीएम भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम से करने की बात कही है। इस पूरे मामले में ‘छत्तीसगढ़’ ने गिरीश दुबे से चर्चा की कोशिश की, किन्तु उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news