राजनांदगांव

संभागीय समिति तय करेगी भाजपा प्रत्याशियों के नाम
27-Nov-2021 6:49 PM
संभागीय समिति तय करेगी भाजपा प्रत्याशियों के नाम

30 को दुर्ग में बैठक के बाद खैरागढ़ और नांदगांव के वार्ड 17 के प्रत्याशियों के नाम पर लगेगी मुहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 नवंबर।
खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव और राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड क्र. 17 के उपचुनाव के प्रत्याशियों के नाम का ऐलान 30 नवंबर को दुर्ग में भाजपा की संभागीय समिति की बैठक के बाद किया जाएगा। इस समिति में राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, सांसद संतोष पांडेय, जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव और महामंत्री के अलावा अन्य सदस्य हैं। 30 नवंबर को आयोजित बैठक के बाद प्रत्याशियों के नाम की घोषणा होगी। खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा सांगठनिक स्तर पर बैठकें कर रही है। भाजपा इस चुनाव को दो साल बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व सेमीफायनल मान रही है। भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव के कार्यकाल का यह एक बड़ा चुनाव भी है। यानी उन पर पार्टी प्रत्याशियों को विजयी दिलाने का भी दबाव रहेगा।

 

मिली जानकारी के मुताबिक संभागीय समिति की बैठक में मुहर लगने के बाद प्रत्याशियों की विधिवत घोषणा की जाएगी। खैरागढ़ नगर पालिका के अलावा राजनंादगांव नगर निगम के वाड क्र. 17 में भी उपचुनाव है। इस उपचुनाव को भाजपा ने जीत हासिल करने के लिहाज से प्रतिष्ठापूर्ण बना लिया है। राजनांदगांव नगर निगम में कांग्रेस का कब्जा होने की वजह से भाजपा  के पास मुद्दों की कमी नहीं है। कांग्रेस को मात देने के लिए भाजपा हर स्तर पर प्रयास कर रही है।

रमन की मौजूदगी में चुनावी रणनीति पर चर्चा
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की गहरी दिलचस्पी इस बात से जाहिर हो रही है कि बैठक में  आला नेता भी शामिल हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को स्थानीय भाजपा कार्यालय में खैरागढ़ और वार्ड नं. 17 के उपचुनाव में बाजी मारने  के लिए कार्यकर्ताओं के साथ लंबी बैठक की। कार्यकर्ताओं से उन्होंने राज्य सरकार की खामियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने निकाय चुनाव को एक तरह से भाजपा के लिए सुनहरा अवसर करार दिया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस की गलत नीतियों को उजागर कर जनता से जुडऩे का अच्छा मौका है। शहरी जनता राज्य सरकार से नाखुश है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता  यदि एकजुट हो जाए तो भाजपा की निकाय चुनाव में जीत सुनिश्चित है। बैठक में भाजपा नेता खूबचंद पारख, अशोक चौधरी समेत बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news