सरगुजा

छत्तीसगढ़ सरकार झूठे वादे कर सरकार में आई और अब भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही-पिंकी शिवराज शाह
27-Nov-2021 8:00 PM
छत्तीसगढ़ सरकार झूठे वादे कर सरकार में आई और अब भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही-पिंकी शिवराज शाह

भाजपा किसान मोर्चा की संभागीय बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,27 नवम्बर।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा सरगुजा की संभागीय बैठक भाजपा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री पिंकी शिवराज साह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य लता उसेंडी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और भाजपा के प्रदेश के विशेष आमंत्रित सदस्य अनिल सिंह मेजर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री द्वारिकेश पांडे, भारतीय जनता पार्टी सरगुजा के जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की विशेष उपस्थिति में भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में संपन्न हुई।

पिंकी शिवराज शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार झूठे वादे कर सरकार में आई और सरकार बनते ही रेत खदान, दारू दुकान, गोबर खरीदी योजना में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। किसानों के रकबा कटौती 2500 धान खरीदी 1 नवम्बर से धान खरीदी में लेट लतीफी किसानों की आर्थिक क्षति है। भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ में 15 साल के रमन राज में पुल, स्कूल, शिक्षा, रोड के निर्माण हुए और किसानों के हित में कार्य हुए। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी किसानों को सशक्त बनाने के लिए किसान सम्मान निधि फसल बीमा जैसे कई योजना चला रहे हैं, जिससे किसान समृद्ध हो सके।

लता उसेंडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पूरी तरह से फेल है। किसानों को समय पर यूरिया तक उपलब्ध नहीं हो रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए प्रतिदिन किसान समितियों के बाहर चक्कर लगा रहे हैं, पर उनका काम नहीं हो पा रहा है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने युवाओं को बेरोजगारी भत्ता 2500, बुजुर्गों व विधवा महिलाओं को 1500 पेंशन, सभी परिवारों को एक रुपए किलो चावल प्रदान कराने में विफल रही है।

श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुगलों ने देश को लूटा, अंग्रेजों ने भारतीयों को मजदूर बनाया। भारतीय अर्थव्यवस्था में खेती की 53 प्रतिशत भागीदारी रही है, किसान बिल को रद्द किया गया, क्योंकि कई प्रकार की गलत नीतियों का प्रयोग कर आंदोलन किया गया। हमारा देश विश्व गुरु और सोने की चिडिय़ा कहलाता था, हम किसान मोर्चा इसे करके दिखाएंगे, कार्यकर्ता लगन से काम करें।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि सब का केंद्र बिंदु किसान है, लोगों के बीच हमारी पकड़ होना जरूरी है। सभी समाज के लोगों का मिश्रण किसान है सभी लोग अपने अपने दायित्वों का भली-भांति निर्वहन करें।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि किसान मोर्चा किसानों के हित में अच्छा काम कर रहा है। हिंदुस्तान में किसान और छत्तीसगढ़ में धान मुद्दा बना हुआ है। मोदी जी स्वतंत्र भारत में किसानों के हित के लिए कार्य कर रहे हैं। यूरिया की कालाबाजारी को रोका गया पिछली बार किसानों का 11 लाख हेक्टेयर रकबा काटा गया और इस साल 2 लाख हेक्टेयर रकबा बढ़ाया गया है अभी भी 9 लाख हेक्टेयर रकबा बाकी है।

बैठक में विशेष रूप से भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री गोमती द्विवेदी, प्रदेश मंत्री कुलकित चंद्रा ,किसान मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी आकाश गुप्ता ,सूरजपुर प्रभारी लाल संतोष सिंह, भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केसरी ,मंजूषा भगत , फुलेस्वरी, अरुणा सिंह, विद्यानंद मिश्रा , सैलु सिंह , अनिल तिवारी, सुभाष केसरी मनोज राजवाड़े, आदित्य सिंह जूदेव , राजू पांडे के साथ-साथ किसान मोर्चा के संभाग के कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news