सरगुजा

समय के साथ बढ़ती जा रही है मीडिया की भूमिका-सिंहदेव
29-Nov-2021 8:17 PM
समय के साथ बढ़ती जा रही है मीडिया की भूमिका-सिंहदेव

सरगुजा प्रेस क्लब में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री व स्कूली शिक्षा मंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 29 नवंबर।
सरगुजा प्रेस क्लब में आज पहली बार स्वास्थ्य मंत्री टी. एस. सिंहदेव व स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह का आगमन हुआ। पत्रकारों से भेंट के लिए पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव ने इस अवसर पर कहा कि समय के साथ-साथ मीडिया की भी भूमिका बढ़ती जा रही है। पहले के समय में केवल प्रिंट मीडिया हुआ करती थी, अब इलेक्ट्रॉनिक मीडिया व वेब मीडिया भी है, जिससे कि खबरों का प्रसार और तेजी से होता है, वहीं इसके साथ ही मीडिया की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।

डाटा सेंटर में स्थित सरगुजा प्रेस क्लब के भवन में आज पत्रकारों से सौजन्य भेंट के लिए पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री टी. एस. सिंहदेव व स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह का औपचारिक स्वागत करने के बाद सरगुजा प्रेस क्लब के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर कुशवाहा ने कहा कि प्रेस क्लब में पहले अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री आए हैं, जिन्हें पत्रकारों ने बुलाया था। संगठन की यह इच्छा थी कि अम्बिकापुर विधायक व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को आमंत्रित कर उनसे गैर राजनीतिक चर्चा की जाए, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री को आमंत्रित किया गया और उन्होंने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए अपना समय यहां दिया, जिसके लिए हम सब उनके आभारी हैं।

तत्पश्चात स्वास्थ्य मंत्री ने भी पत्रकारों को संबोधित किया और अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद सरगुजा में अपने आगमन के बारे में बताया। उस दौर को याद करते हुए उन्होंने कई यादें पत्रकारों से साझा की। तब के और आज के समय के मीडिया में आए परिवर्तन पर श्री सिंहदेव ने कहा कि समय के साथ-साथ काफी परिवर्तन मीडिया में भी आया है पहले केवल प्रिंट मीडिया का जमाना था परन्तु फिर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया आया और अब वेब मीडिया भी है ऐसे में मीडिया का दायरा बढऩे के साथ ही जिम्मेदारी भी बढ़ी है। जिसका सभी मीडियाकर्मियों को ध्यान रखना चाहिए।

श्री सिंहदेव ने कहा कि जब वे युवा थे उस समय उन्हें राजनीति में दिलचस्पी नहीं थी और राजनीति पसंद भी नहीं थी और आज के दौर में भी जिसे राजनीति कहा जाता है वह उसे पसंद नहीं करते हैं। राजनीति को वे एक सेवा कार्य समझते हैं और ऐसी ही राजनीति को पसंद भी करते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हम किसी भी क्षेत्र में रहें, कई बार हमें अपने कार्यक्षेत्र में हो रहे कई बातों के बारे में मीडिया से ही जानकारी मिलती है। इसी को देखते हुए उन्होंने भी स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी नकारात्मक खबरों के बारे में जानकारी लेने व उन तक खबरों को पहुंचाने का काम कुछ लोगों को सौंपा है, जिनसे मिलने वाली जानकारी के आधार पर वे निरंतर सुधार कार्य करवाते रहते हैं ताकि आम लोगों को परेशानी ना हो।

इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से सामान्य विषयों पर चर्चा की और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जाना। कार्यक्रम के अंत में सरगुजा प्रेस क्लब के महासचिव अमर विजय सिंह तोमर से आभार व्यक्त करते हुए पत्रकारों की कुछ समस्याओं की ओर स्वास्थ्य मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया जिसपर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल उसके निराकरण हेतु निर्देश दिये।

सामान्य चर्चा के दौरान वरिष्ठ पत्रकार अजय नारायण पांडेय, अरूण सिंह, राजेश सराठे, नौशाद अली, असीम सेन गुप्ता, रोमी सिद्दीकी, संतोष कश्यप, देश दीपक गुप्ता, गिरिजा ठाकुर, लव कुशवाहा, दीपक सराठे, भूपेन्द्र सिंह,अशोक विश्वकर्मा,नदीम अंसारी, विकास बारी, अभिनव साहू, शेखर गुप्ता, बादशाह, वसीम सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे।

खुद भी निकाला था अखबार, जानते हैं परेशानियां
स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव स्वयं भी पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं। एक समय अम्बिकापुर शहर से उनके द्वारा भी अखबार का प्रकाशन कराया जाता था, परन्तु अखबार प्रकाशन में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं के कारण श्री सिंहदेव ने अपना अखबार बंद कर दिया था। आज चर्चा के दौरान उन्होंने अपने उस अनुभव को भी पत्रकारों से साझा किया और पत्रकारिता को एक चुनौती पूर्ण कार्य भी बताया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news