बस्तर

धान और मक्का की खरीदी शुरु
01-Dec-2021 9:45 PM
धान और मक्का की खरीदी शुरु

 

व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी कर रहे निगरानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 दिसम्बर।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के अनुसार बस्तर जिले में आज एक दिसम्बर से खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए समर्थन मूल्य पर धान और मक्का की खरीदी शुरू हो गई।

जिले में इस वर्ष लगभग 1 लाख 62 हजार 744 टन धान खरीदी होने का अनुमान है। इस खरीफ वर्ष में लगभग 50 हजार 138 पंजीकृत किसानों का धान खरीदा जाएगा, जिनमें 16 हजार 816 नए किसान शामिल हैं। किसानों की सुविधा के लिए 6 नए धान खरीदी केन्द्र भी प्रारंभ किए गए हैं, जिससे जिले में धान खरीदी केन्द्रों की संख्या 70 हो गई है। इसी तरह जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए 11 हजार 363 किसानों ने अपना पंजीयन करवाया है। इनमें 3894 नए किसान शामिल हैं।

कलेक्टर रजत बंसल के निर्देश पर जिले में सुव्यवस्थित धान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारी लगातार इसकी निगरानी कर रहे हैं। धान खरीदी की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज बड़े मारेंगा स्थित धान खरीदी केन्द्र पहुंचीं। अपर कलेक्टर अरविंद एक्का ने मुली धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा अपने अनुभाग क्षेत्र के धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के तहत समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की नकद एवं लिंकिंग के माध्यम सें खरीदी एक दिसम्बर 2021 से 31 जनवरी 2022 तक तथा मक्का की खरीदी एक दिसम्बर 2021 से 28 फरवरी 2022 तक की जाएगी। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए औसत अच्छी किस्म के धान के लिए समर्थन मूल्य की दर,  धान कॉमन 1940 रूपए प्रति क्विंटल, धान ग्रेड ए 1960 रूपए प्रति क्विंटल तथा औसत अच्छी किस्म के मक्का का समर्थन मूल्य 1870 रूपए प्रति क्विंटल का दर निर्धारित है।

धान खरीदी व्यवस्था के सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। इन नोडल अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन धान खरीदी तथा अन्य व्यवस्था व समस्याओं से संबंधित स्थितियों की मॉनिटरिंग की जाएगी। धान खरीदी की संपूर्ण व्यवस्था के लिए संयुक्त कलेक्टर गोकुल रावटे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही जोनल अधिकारी तथा सभी उपार्जन केन्द्रों के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। धान खरीदी संबंधी समस्या और शिकायतों के निवारण के लिए स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 1800-233-3663 अथवा 1967 में शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था भी की गई है।

धान बेचने आए किसान व्यवस्थाओं को देखकर हुए खुश
धान खरीदी के पहले दिन अपना धान बेचने आए किसान धान खरीदी के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखकर खुश नजर आए। बोरपदर के किसान मोहम्मद अहमद खान कचनार स्थित धान खरीदी केन्द्र में अपना 405 बोरी धान के साथ पहुंचे। यहां धान के उपार्जन के लिए अब नए स्थान पर गोदाम और चबूतरों का निर्माण किया गया है और स्थान भी अधिक है, जिसकी उन्होंने सराहना की। इसी तरह करपावंड धान खरीदी केंद्र में चिउरगांव से पहुंचे भारत कश्यप ने धान खरीदी के लिए की गई व्यवस्थाओं के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news