रायगढ़

इस्तीफे की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 6 दिसंबर। महिला कांग्रेस के शहर अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही कांग्रेस पार्टी में बवाल हो गया है। रविवार को शहर महिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी कांग्रेस भवन पहुंच गए और उन्होंने नारेबाजी करते हुए इस्तीफा सौंपने की बात की लेकिन उनका इस्तीफा लेने कोई भी सामने नहीं आया, इसके बाद महिलाएं विधायक के पास चली गई।
इन महिलाओं का नेतृत्व ब्लॉक महिला कांग्रेस की अरुणा चौहान, संजना शर्मा पार्षद नगर निगम कर रही थी। उनके साथ 50 कार्यकर्ता भी थे। उनका कहना था कि वर्तमान अध्यक्ष चार साल पहले पार्टी में आई है और उन्हें अध्यक्ष बना दिया गया और कई सीनियर पार्टी नेताओं को जगह नहीं मिली।
बताया जा रहा है कि कांगे्रस दफ्तर में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुखर विरोध और प्रश्नों की बौछार के चलते शहर अध्यक्ष शाखा यादव को उल्टे पैर कांगे्रस भवन से वापस लौटना पड़ा।
विदित रहे कि एक दिन पहले शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनी बरखा सिंह के खिलाफ महिला कांग्रेस के लोगों ने ही मोर्चा खोल दिया। यहां तक कि महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक धड़े ने इस्तीफा तक देने का एलान कर दिया। ऐसे में अब नवनियुक्त शहर कांग्रेस अध्यक्ष का बयान भी सामने आया है। जिसमें बरखा सिंह ने पहले तो किसी भी तरह के विरोध से अनभिज्ञता जाहिर की लेकिन यह भी कहा कि यदि किसी को कोई असहमति है तो उससे बात किया जाएगा और उसे मना लिया जाएगा। मेरे पद की घोषणा कल ही हुई है और मैं किसी से अब तक मिल नहीं पाई हूँ। उन लोगों से मिलकर सारी गलत फहमी दूर कर ली जाएगी।