महासमुन्द

धान खरीदी की समय सीमा बढऩे से जिले के 25 हजार किसानों को बड़ी राहत
24-Jan-2022 5:37 PM
धान खरीदी की समय सीमा बढऩे से जिले के 25 हजार किसानों को बड़ी राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,24 जनवरी।
धान खरीदी की समय सीमा बढऩे से जिले के 24 हजार 333 किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब फसल बेचने को लेकर उन्हें परेशान होने की जरुरत नहीं है। मालूम हो कि बेमौसम बारिश से धान की खरीदी प्रभावित हो गई थी। निर्धारित समय सीमा तक धान की खरीदी को लेकर किसान व समिति प्रबंधक परेशान थे। लगातार धान खरीदी के समय को बढ़ाने की मांग की जा रही थी। शासन ने मांग पर मुहर लगाते हुए खरीदी का समय बढ़ा दिया है।

जिला विपणन अधिकारी जयदेव सोनी का कहना है कि अब 7 फरवरी तक किसानों के धान की खरीदी की जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय सीमा तक पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। प्रतिदिन करीब ढाई लाख क्विंटल की खरीदी होगी। उन्होंने बताया कि बारिश की वजह से दो बार खरीदी प्रभावित हुई है। इसके कारण शासन ने किसानों की तकलीफ को देखते हुए समय.सीमा बढ़ाया है।

ऑनलाइन रिकार्ड की मानें तो करीब 152 समिति के माध्यम से 126012 किसानों से धान की खरीदी कर ली गई है। इन किसानों से 58 लाख 97 हजार क्विंटल की खरीदी हो गई है। शासन ने 85 लाख क्विंटल का लक्ष्य रखा है। इसके एवज में अब 24 हजार किसानों से 22 हजार क्विंटल की और खरीदी करनी है। समय सीमा बढऩे के बाद अब किसानों को धान बेचने के लिए परेशान होने की जरुरत नहीं है। सभी किसानों का धान निर्धारित समय-सीमा तक खरीद लिया जाएगा।

समिति प्रबंधकों ने खरीदे गए धान बारिश में न भीगे, इसलिए उसे तिरपाल से ढंका हुआ है। इस साल मात्र अरवा चावल की मांग है। सेंट्रल व राज्य में अरवा चावल ही ली जा रही है। नागरिक आपूर्ति निगम में भी अरवा चावल जमा हो रहा है। इसके अलावा भारतीय खाद्य निगम में भी इस साल अरवा चावल जमा ले रहे हैं। उसना चावल की मिलिंग इस साल नहीं हो रही है।

भारतीय खाद्य निगम से मिलर्स को अलाट मिलना शुरू हो गया है। इस तरह खाद्य निगम से चावल का परिवहन शुरू हो गया है। मलिंग के लिए उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव तेज कर दिया गया है। बीते 28 दिसंबर तक 94 हजार किसानों से 37 लाख क्विंटल धान की खरीदी कर ली गई थी। दो दिन लगातार हुई बारिश से खरीदी प्रभावित हो गई थी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news