दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा,14 मई। कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में विकासखंड दंतेवाड़ा के समस्त संकुल में ग्रीष्मकालीन समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें विभिन्न संस्थाओं के हजारों छात्र-छात्राएं सम्मिलित होकर अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। समर कैंप में विभिन्न गतिविधियां जैसे-पिट्टूल, गिल्ली-डंडा, पेंटिंग, वादन और नृत्य आदि विधाओं का शिक्षकों के द्वारा बच्चों को मनोरंजनात्मक वातावरण तैयार कर अभ्यास कराया जा रहा है।
समर कैंप में बच्चे बहुत ही उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। संकुल केंद्र दंतेवाड़ा आंवराभाटा, कुम्हाररास, भांसी, बचेली, बालूद, चितालूर, पोंदुम, मेटापाल, गदापाल, बालपेट, टेकनार एवं विकास खंड के सभी संकुलों में समर कैंप का सफल आयोजन किया जा रहा है।
समर कैंप के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कर्मा, डीएमसी श्यामलाल सोरी और विकास खंड शिक्षा अधिकारी और खंड स्रोत समन्वयकों द्वारा नियमित विभिन्न संकुल पर जाकर विशेष मार्गदर्शन एवं सफल संचालन का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
केजीबीवी दंतेवाड़ा के बच्चे बना रहे महुआ के पकवान
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय दंतेवाड़ा की छात्राएं समर कैंप में अपनी प्रतिभा को तराश कर निकाल रहे हैं। संस्था की अधीक्षिका सुमित्रा शोरी के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राएं हुनर सीख रही हैं।
आदिवासियों की आजीविका का मुख्य स्त्रोत महुआ फूल के विभिन्न व्यंजन बनाए जा रहे हैं। इनमें महुआ लड्डू और महुआ निर्मित केक प्रमुख रूप से शामिल है। उल्लेखनीय है कि महुआ को शक्तिवर्धक और स्वादिष्ट खाद्य पदार्थ के रूप में जाना जाता है।