दुर्ग

भाजपा की गुटबाजी और विवाद सतह पर आने लगी
15-May-2022 4:42 PM
भाजपा की गुटबाजी और विवाद सतह पर आने लगी

बैठक में सांसद के उद्घोषणा के बाद पदाधिकारी ने दी प्रतिक्रिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 मई।
भारतीय जनता पार्टी में गुटबाजी और विवाद अब सतह पर आने लगा है। 16 मई को प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन के सिलसिले में आज आयोजित जिला स्तरीय बैठक में प्रदेश महामंत्री पवन साय की उपस्थिति में सांसद विजय बघेल के उद्बोधन को मुद्दा बनाते हुए भाजपा के एक गुट ने आपत्ति की है और उस पर बकायदा अपना वक्तत्व जारी किया है।

बताया जाता है कि विवाद की शुरूआत श्री बघेल के उद्बोधन को लेकर हुई। जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी केएस चौहान ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि सांसद विजय बघेल ने संगठन के कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह उठाया है। उन्होंने कहा कि संगठन अपनी पूरी क्षमता से कार्य नहीं कर रहा है। इस संबंध में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश पाण्डेय ने कहा कि बार बार संगठन के कार्य एवं कार्यकर्ताओं पर प्रश्नचिन्ह लगाना कार्यकर्ता एवं   संगठन का अपमान है, हमें इससे बचना चाहिए। संगठन सर्वोपरि है संगठन से ऊपर कुछ भी नहीं है। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, सांसद विजय बघेल, जिला प्रभारी पुरंदर मिश्रा, प्रदेश मंत्री श्रीमती ऊषा टावरी, विधायक विद्यारतन  भसीन, राकेश पांडेय, प्रेमप्रकाश पांडेय, नीलू शर्मा, रमशीला साहू, चंद्रिका चन्द्राकर, वीरेन्द्र साहू, जय सिंह राजपूत, नटवर ताम्रकार, ललित चन्द्राकर, लाभचंद बाफना, सांवला राम डहरे उपस्थित थे।

इस संबंध में सांसद विजय बघेल ने कहा कि बैठक में मैंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा है। उन्होंने कहा कि संगठन जो टार्गेट दे, उसे पूरा करना चाहिए और पूरे दमखम के साथ इस लड़ाई को लड़ें। सौ-डेढ़ सौ की भीड़ से अब काम नहीं चलने वाला है। मोर्चा प्रकोष्ठ मिलाकर 3000 से ज्यादा पदाधिकारी होते हैं। यदि वे अपने साथ एक-एक कार्यकर्ता भी लाएं, तो 6000 की भीड़ इक_ी होगी। जनता पूछती है कहां है भाजपा। उन्होंने कहा कि दुर्ग वीआईपी जिला है, यहां की गतिविधियों का संदेश पूरे प्रदेश में जाना है। इसलिए पार्टी के मूड के हिसाब से कार्य करना होगा।

श्री बघेल ने कहा कि उन्होंने प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक की बात की है। साथ ही इस वक्तव्य के लिए किसी को पीड़ा होने पर खेद भी व्यक्त किया। सांसद के उद्बोधन को लेकर भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की प्रतिक्रिया से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा संगठन में गुटबाजी पूरी तरह से हावी है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news