दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 1 जुलाई। पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा सिद्धार्थ तिवारी नें मीडिया को बताया कि दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण थाना अंतर्गत नड़ेनार के सघन जंगलों के मध्य गुरुवार दोपहर कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य महंगू मडक़म उर्फ देवा डेंंगा को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था। उक्त नक्सली लीडर बस्तर जिला अंतर्गत पखनार थाना क्षेत्र के मुंडेनार गांव का निवासी था। मृतक नक्सली पर पुलिस थाना कटेकल्याण में विभिन्न मामलों में 18 अपराध दर्ज किए गए थे। इसके चलते राज्य शासन द्वारा उक्त लीडर की गिरफ्तारी पर 5 लाख का पुरस्कार घोषित किया गया था, वहीं पुलिस अधीक्षक, दंतेवाड़ा द्वारा 10 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया गया था। इस सफलता में जिला आरक्षी बल और कटेकल्याण थाना बल का सराहनीय योगदान था।
पिस्टल सहित अन्य सामग्रियां बरामद
मुठभेड़ स्थल की तलाशी लिए जाने पर पुलिस द्वारा एक शव, पिस्टल, एक वॉकी टॉकी सेट और एक टिफिन बम सहित दैनिक रोजमर्रा की सामग्रियां बरामद की गई।