गरियाबंद

आजादी के बाद पहली बार जनजातीय समाज से राष्ट्रपति उम्मीदवार बनना देश के लिए गर्व की बात-डमरूधर
14-Jul-2022 3:38 PM
आजादी के बाद पहली बार जनजातीय समाज से राष्ट्रपति उम्मीदवार बनना देश के लिए गर्व की बात-डमरूधर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 14 जुलाई।
आजादी के अमृत महोत्सव में जनजातीय समाज को सर्वोच्च सम्मान मिलने जा रहा है। देश के सर्वोच्च पद, राष्ट्रपति पद के लिए जनजातीय वर्ग से द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया गया है। देश के आज़ादी के 75 वर्ष बस ऐसा स्वर्णिम अवसर आया है जब जनजातीय समाज से प्रतिनिधित्व के लिए आगे लाया गया है। उक्त बातें भाजपा के पूर्व सांसद विक्रम उसेंडी एवं बिंद्रानवागढ़ विधायक डमरूधर पुजारी ने बुधवार को न्यू सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही।

उन्होंने कहा की द्रौपदी मुर्मू जनजातीय समाज की अस्मिता की आवाज है। उनके राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने से सर्वसमाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है कि समाज के अंतिम व्यक्ति के सेवाभाव की प्रतीक मुर्मू राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर चुनावी समर में है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दूरगामी फैसले का जनजाति गौरव समाज की ओर से स्वागत करते है।

छत्तीसगढ़ राज्य में 32 प्रतिशत जनजाति समुदाय की आबादी है, इसलिए भी हमारे लिए यह पल सदैव स्मरणीय होगा कि देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के प्रमुख के रूप में वह समाज से प्रतिनिधि करने वाली पहली जनजाति महिला होंगी। देश की आजादी के बाद यह पहली बार इस तरह का फैसला लिया गया है कि जनजाति समुदाय की प्रतिनिधित्व करने वाली  द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी बनाई गई है।

उन्होंने कहा की द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल भी रही हैं। उनका कार्यकाल अनुकरणीय व प्रेरणादायी रहा है। वे संथाल जनजाति का प्रतिनिधित्व करती है। इसके साथ ही उड़ीसा प्रदेश सरकार में मंत्री व संगठन के कई दायित्वों में कार्य करते हुए वे समग्र समाज के हित के लिए सदैव कार्य करती रही हैं। आजादी के इतने वर्षों के बाद भी जनजाति समाज उपेक्षित रहा है जिन्हें समाज के मुख्यधारा में जोडऩे के लिए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग से जनजातीय मंत्रालय बनाकर समाज के विकास को नवगति दी है। उसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के मजबूती के लिए कार्य कर रहे हैं।

देश के 12 करोड़ से ज्यादा जनजाति समाज की आबादी है। इस ऐतिहासिक फैसले से समाज का हर वर्ग बेहद प्रसन्न है और श्रीमती मुर्मू के राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित होने के बाद से ही समाज के हर तरफ उत्साह का वातावरण है। वे सदैव संघर्ष की राह पर चलकर सामाजिक, राजनीतिक सुचिता के लिए कार्य करती रही हैं। हम सबको विश्वास है कि वह देश की भावनाओं के अनुरूप हमेशा कार्य करती रहेंगी।

उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के सांसद, विधायकों को  मुर्मू के पक्ष में मतदान कर मजबूत राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्ती भूमिका निभाना चाहिए। हम अन्य दलों के विधायक, सांसदों से भी मुर्मू को समर्थन देने की अपील करते हैं।
इस अवसर पर छुरा जनपद अध्यक्ष टोकेश्वरी मांझी, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश साहू,  वरिष्ठ नेता बलदेव सिंह हुंदल, मुरलीधर सिन्हा, मंडल महामंत्री धनजय नेताम भी मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news