गरियाबंद

सैनी ने बनाया रिकार्ड, चंदखुरी से पुरी तक 600 किमी पदयात्रा
16-Jul-2022 6:20 PM
सैनी ने बनाया रिकार्ड, चंदखुरी से पुरी तक 600 किमी पदयात्रा

नगर में भव्य स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 16 जुलाई। नेशनल रिकॉर्डधारी कृष्ण कुमार सैनी का 600 किमी की पदयात्रा कर लौटेने पर नगर में भव्य स्वागत हुआ। शहर के गणमान्य नागरिकों द्वारा कलाम कोठी में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर सैनी को सम्मानित किया। कार्यक्रम में सभी वर्ग के नागरिक उपस्थित रहे। इस मौके पर सैनी ने कहा कि उनकी पदयात्रा का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनना उनके लिए उतना महत्वपूर्ण नही है जितना महत्वपूर्ण अपने क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि वे अपने प्रदर्शन से बेहद खुश है। पदयात्रा शुरू होने से पहले उन्होंने अपने क्षेत्र के लोगो को 10 दिन में पदयात्रा पूर्ण करने का जो भरोसा दिलाया था उस पर वे खरे उतरे। वापिस लौटने पर नगरवासियों ने उन्हें जो सम्मान दिया उससे वे अविभूत है।

सैनी ने अपनी पदयात्रा के संबंध में बताया कि भगवान जगन्नाथ के दरबार में हाजरी लगाकर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और ओडिसा के बीच जारी जल विवाद के समाधान को लेकर उन्होंने चंदखुरी के माता कौशल्या मंदिर से जगन्नाथ मंदिर पुरी तक की पदयात्रा की है। उन्होंने अपनी 600 किमी की पदयात्रा 10 दिन में पूरी की। इस बीच कई उतार-चढ़ाव आये लेकिन वे अपने संकल्प पर अडिग रहे और पदयात्रा पूरी कर क्षेत्रवासियों की उम्मीदों पर खरे उतरे। अब उन्होंने अपनी पदयात्रा को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू ने कहा कि पदयात्रा का देश मे पुराना इतिहास रहा है। देश के कई बड़े नेताओं, समाजसेवकों, समाजसुधारकों और धर्मगुरूओं द्वारा समय-समय पर पदयात्रा की गयी है। सैनी द्वारा की गयी पदयात्रा का भी अपना महत्व है। उन्होंने एक धार्मिक स्थल से दूसरे धार्मिक तक की पदयात्रा की है। माता कौशल्या और भगवान जगन्नाथ उनकी प्रार्थना जरूर सुनेंगे। नगरपालिका अध्यक्ष धनराज मध्यानी ने कहा कि भले ही पदयात्रा अकेले सैनी ने की हो, दुख तकलीफे भी अकेले सैनी ने ही सही हो लेकिन उन्होंने जो कार्य किया है उससे पूरा शहर गौरवान्वित हुआ है। सैनी की इस उपलब्धि पर शहरवासियों को गर्व है। उन्होंने समस्त शहरवासियों की तरफ से बधाई देते हुए उनके उज्जल भविष्य की कामना की है।

नगर के वरिष्ठ नागरिक डॉ. राजेन्द्र गदिया ने कहा कि सैनी की इस पदयात्रा ने लोगो को स्वस्थ्य रहने का एक बड़ा संदेश दिया है। पैदल चलना स्वस्थ्य शरीर के लिए बहुत जरूरी है। यदि लोग पैदल चलने को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर ले तो कई बीमारियों से छुटकारा पा सकते है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रतिराम साहू, वरिष्ठ पार्षद प्रसन्न शर्मा ने भी सैनी की प्रसंशा करते हुए उन्हें नगर का गौरव बताया। इस मौके पर सभापति संध्या राव भांडुलकर, एल्डरमैन स्वर्णजीत कौर, नपा के पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंह, बॉबी चावला, उमेश यादव, राजू साहू, विमल डागा, संजय साहू, अरविंद देशमुख, किशोर देवांगन, गोवर्धन शास्त्री, पं. ब्रम्हदत्त शास्त्री, टिंकू सोनी, मोहमद मुस्ताक सुलड़ा, कोमल साहू, प्रेम साधवानी सहित नगरवासी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news