कोरिया

मांगों को ले अधिकारी-कर्मियों ने निकाली रैली
29-Jul-2022 8:37 PM
मांगों को ले अधिकारी-कर्मियों ने निकाली रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 29 जुलाई।
केंद्रीय कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता(डीए) और मकान किराया भत्ता की मांग करते हुए अधिकारी-कर्मचारी संघ ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। रैली में जिले भर से अधिकारी और कर्मचारियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। लगभग 1 किमी लंबी एतिहासिक रैली निकालकर लोगों का ध्यान भी आकृष्ट कराया।

शुक्रवार को दोपहर 2 बजे प्रेमाबाग से अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले रैली शुरू हुई, इससे पूर्व ही रैली में आने के लिए ड्रेस कोड निर्धारित कर दिया गया था, महिलाएं पीले वस्त्र और पुरूष सफेद शर्ट में आने के लिए कहा गया था, ऐसा रैली में भी देखने को मिला। वहीं कुछ कर्मचारियों ने तिरंगा भी हाथ में ले रखा था और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

 रैली के पूर्व अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की हड़ताल प्रेमाबाग परिसर में जारी थी, रैली में निकलने से पहले संघ के पदाधिकारियों ने सरकार को जमकर कोसा, कहा सरकार दिनोंदिन कर्मचारी विरोधी होते जा रही है। आज तक पहले कभी महंगाई भत्ता व गृह भत्ता के लिए इस तरह आंदोलन में नहीं जाना पड़ा था। लेकिन वर्तमान सरकार कर्मचारियों के हितों का ध्यान नहीं रख रही हैं। वर्षा के बावजूद सैकड़ों शिक्षक डटे रहे।

उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दो सालों से महंगाई भत्ता नहीं दिया गया है। जिसके कारण हमें हानि हो रही हैं। हम आज हड़ताल पर है, इसके जिम्मेदार हमारे मुखिया हैं। हमने इसके पूर्व विगत माह भी एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर सरकार को जगाने की कोशिश कर चुके, जिसमें सफलता नहीं मिलने पर पुन: आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि बीते 4 दिन से हड़ताल की वजह से सभी सरकारी कार्यालयों में काम बंद रहा। जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही स्कूलों में पढ़ाई बंद रही। 27 जुलाई को शिक्षक संघों ने रैली निकाल कर ज्ञापन सौंपा था, वहीं शिक्षक संघ अनिश्चितकालिन हड़ताल पर अब भी बैठे हुए हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news