रायपुर

11 के बाद रायपुर आएंगे साव, साय की कार्यकारिणी से ही काम करेंगे
09-Aug-2022 6:15 PM
11 के बाद रायपुर आएंगे साव, साय की कार्यकारिणी से ही काम करेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 अगस्त। प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष अरूण साव को विष्णुदेव साय की कार्यरकारिणी से ही काम करना होगा। वे अगले वर्ष संभावित संगठन चुनावों के बाद ही अपनी कार्यसमिति बना सकेंगे।

उनकी नियुक्ति को अप्रत्यशित तो नहीं कहा जा सकता क्योंकि पिछले 6 माह से प्रदेशाध्यक्ष बदलने की कवायद चल रही थी। अब, एक ही जिले या संसदीय क्षेत्र से आने के कारण नेता प्रतिपक्ष को बदलने के भी संकेत मिल रहे हैं। धरमलाल कौशिक की जगह संवर्ग वर्ग से नया नेता प्रतिपक्ष बनाया जा सकता है या फिर ओबीसी वर्ग से होने पर किसी दूसरे विधायक को अवसर मिल सकता है।

संगठन के एक मजबूत लेकिन विरोधी कहे जाने खेमे ने नारायण चंदेल को प्रदेश अध्यक्ष, शिवरतन शर्मा को नेता प्रतिपक्ष बनवाने पिछले 20 दिनों से रायपुर दिल्ली एक कर रखा था। 5 अगस्त को चंदेल को जेपी नड्डा से बुलावा आने पर यह खेमा गदगद था कि अब नियुक्ति तय है लेकिन नड्डा ने अरूण साव का नाम तय बताकर चंदेल को वापस भेजा। अरूण साव की नियुक्ति की आभास संगठन के राष्ट्रीय महामंत्रियों को भी नहीं थी। वहीं क्षेत्रीय महामंत्री अरूण जामवाल ने यह कहकर आपत्ति नहीं कि मैं अभी नया-नया हूं। उन्होंने किसी तरह से हस्तक्षेप नहीं किया। यह नियुक्ति आदेश सोमवार को ही हो जाना था किन्तु नड्डा, वेकैया नायडू के विदाई कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण नहीं कर सके।

बहरहाल, अरूण साव ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि अटलजी के सपने को पूरा करने पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। उन्हें इस पर डॉ. रमन सिंह का भी साथ मिला है। डॉ. सिंह ने भी मीडिया से चर्चा में कहा कि अरूण साव को बधाई। उनके नेतृत्व में अगले विस चुनाव में भाजपा जीत हासिल करेगी। हम सब साथ मेहनत करेंगे। हम, विष्णुदेव साय के अनुभवों का भी लाख लेंगे। नेता प्रतिपक्ष के बदलाव की संभावनाओं पर डॉ. सिंह ने कहा कि बदलाव पर फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करता है। आगे क्या होगा, यह कहना अभी संभव नहीं है?

नए अध्यक्ष अरूण साव ने पदभार पर कहा कि वे आज रात तय करेंगे क्योंकि अभी दिल्ली में कुछ बैठकों में शामिल होना है। 11 को नए उपराष्ट्रपति का 144 है, संभवत: उनके बाद ही रायपुर आना होगा। पदभार ग्रहण के बाद भी साव अपनी नई कार्यकारिणी नहीं बना पाएंगे। वैसे उनकी पसंद पर महामंत्री अवश्य बदले जा सकते हैं। साय, को अगले संगठन चुनाव जून-23 तक के लिए नियुक्ति किया गया है। उसके बाद नए चुनाव में साव को पूर्णकार्यकाल मिलने पर नई कार्यकारिणी गठित कर पाएंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news