राजनांदगांव
रक्षाबंधन पर्व पर बाजार दमका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अगस्त। भाई-बहन के अटूट रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन के लिए बाजार दमक उठा है। रंग-बिरंगी राखियों के साथ परंपरागत डोर से निर्मित राखियों की भी मांग बाजार में बरकरार है। भाई-बहन के बीच रिश्ते को प्रगाढ़ के लिहाज से इस पर्व की परंपरागत खासियत है। बहनों को भाईयों की कलाई सजाते देखकर परिजनों को भी इस पर्व का बेसब्री से इंतजार होता है। सालाना पर्व होने के कारण भाई भी बहनों के हाथों से अपनी कलाई में राखियां सजाने के लिए उत्सुक रहते हैं। रक्षाबंधन पर्व से पहले बाजार में आज दिनभर चहल-पहल रही। राखियों की खरीददारी के लिए युवतियों और महिलाओं की संख्या अधिक रही। राखी का कारोबार भी आज बेहतर रहा। इधर मिठाई दुकानों में भी लोगों की भीड़ नजर आ रही है।
रक्षाबंधन पर्व पर कल गुरुवार को बहनें राखी बांधकर भाईयों को दुलारती नजर आएंगी। साल के इस खास मौके पर बहनों में भाईयों के प्रति प्रेम जाहिर करती हैं। वहीं अपनी मनपसंद तोहफे और उपहार के लिए भी भाईयों से लड़ती है। रक्षाबंधन को पारंपरिक रूप से मनाने के लिए घरों में तैयारी भी चल रही है। बाजार में अत्याधुनिक राखियों की बड़ी मांग है। वहीं रस्म के लिए धागे से निर्मित राखियों की अब भी मांग है। बताया जाता है कि इस साल कीमतों में खास वृद्धि नहीं हुई है। हालांकि दूर-दराज में रहने वाली बहनों की राखियां कुरियर और डाक के जरिये घर पहुंच रही है। इधर भाईयों की कलाई सजाने के लिए बहनें मनपसंद राखी खरीदने बाजार में डटी हुई है। लिहाजा राखी दुकानों में महिलाओं और युवतियों की तादाद बढ़ी है। भाईयों में भी बहनों को राखी के अवसर पर गिफ्ट और उनकी मनपसंद तोहफे देने की तैयारी की है। खासतौर पर विवाह पश्चात पहली बार घर आई महिलाओं को भाईयों की ओर से खास उपहार दिए जाने की तैयारी है। शहर के मानव मंदिर चौक, गुडाखू लाइन, कामठी लाइन समेत अन्य क्षेत्रों की दुकानों में भीड़ दिखाई दे रही है। शहर के अलावा आसपास के कस्बाई इलाकों में भी राखी की दुकानें सजी हुई है। फैंसी राखियों के अलावा पारंपरिक राखियां भी बाजार में दिख रही है। पर्व की वजह से मिठाई बाजार में भी हलचल बढ़ी है। बताया जाता है कि मुहूर्त के लिहाज से बहनें अपने भाईयों को राखी बांधेंगी।