धमतरी

घर में अकेली बुजुर्ग महिला की हत्या कर चोरी
10-Aug-2022 3:05 PM
घर में अकेली बुजुर्ग महिला की हत्या कर चोरी

24 घंटे बाद भी हत्यारे पकड़ से दूर, सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 अगस्त।
घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। साथ में उसकी नातिन को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। घर में रखे 89 हजार के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी खंगाला जा रहा हैं।

अर्जुनी पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार की सुबह 9 बजे से लेकर सायं 4 बजे के बीच की है। पुलिस ने बताया कि 8 अगस्त को अलसुबह प्रार्थी दुर्योधन सिन्हा के पिता रोज की तरह मजदूरी करने के लिए श्यामतराई कृषि उपज मंडी चला गया। कुछ देर बाद वह गांव के पवन कुंभकार के साथ रूद्रेश्वर मंदिर पूजा-अर्चना के लिए चला गया। दुर्योधन की पत्नी खिलेश्वरी बाई गांव में स्थित मिक्चर फैक्ट्री में काम पर चली गई। घर में उसकी मां जयंती बाई सिन्हा (51) अपनी पोती संध्या (2) थी। इस बीच अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर महिला जयंती बाई पर पत्थर से प्राणघातक हमला कर हत्या कर दी। दादी की चीख-पुकार सुनकर दो साल की बच्ची संध्या जोर-जोर से रोने लगी, तभी हत्यारे ने उसे भी जान से मारने की नीयत से गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा वह घर में रखा करीब 80 हजार रुपए का सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपए नगदी भी ले गया। पुलिस ने बताया कि मृतका का पुत्र दुर्योधन अपने एक परिचित से मिलने के लिए ग्राम देवी नवागांव चला गया था। शाम 4 बजे जब दुर्योधन का पुत्र वोमेश कुमार स्कूल से लौटा, तब कमरे में दादी जयंती बाई और बहन संध्या को लहुलुहान हालत में देखकर चीख-पुकार मचाना शुरू कर दिया।

हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश
डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची संध्या के चेहरे और गाल पर चोट का निशान है। वह खतरे से बाहर है। उधर, घटना की खबर पाकर अर्जुनी पुलिस भी मौके पर पहुंच कर अपनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी। हालांकि 24 घंटे बाद भी हत्यारे पकड़ से दूर है। मृतका के घर के पास सीसीटीवी कैमरा तो नहीं है, लेकिन गांव तथा मार्ग में कुछ जगह का वीडियो फुटेज को खंगाला जा रहा हैं। पुलिस ने घटना में लिप्त अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302, 307, 380 और 450 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news