राजनांदगांव

कलाई सजाती बहनों को मिला भाईयों से स्नेह के साथ तोहफे
11-Aug-2022 4:09 PM
कलाई सजाती बहनों को मिला भाईयों से स्नेह के साथ तोहफे

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अगस्त।
भाई-बहनों के लिए रक्षाबंधन का पर्व परंपरागत रूप से आपसी रिश्तों को मजबूती देने का एक बड़ा पर्व है। गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व के मौके पर कलाई सजाती बहनों को भाईयों से भरपूर स्नेह और तोहफे मिले। उपहार स्वरूप बहनों को उनकी पसंदीदा वस्तुएं भाईयों ने भेंट की। वहीं बहनों ने भाईयों से ताउम्र साथ निभाने का वादा लिया।

भाई-बहन के अटूट रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन पर्व पर घरों में परपंरागत रूप से भाईयों की जहां कलाईयां सजी। वहीं बहनों को उनके ख्वाहिश के मुताबिक तोहफे और उपहार मिले। सालभर के इस त्यौहार के लिए बहनों को इंतजार रहता है। वहीं भाई भी बहनों के बीच समय व्यतीत करने के लिए इस पर्व का इंतजार करते हैं। भाई-बहन के प्यार को देखकर जहां घरों के बड़े-बुजुर्गों की आंखे भर आई। वहीं बचपन में बिताए वक्त को भी भाईयों ने बहनों के साथ याद किया। समूचे जिले में आज रक्षाबंधन के मौके पर घरों में खुशियां ही खुशियां नजर आई। भाईयों की कलाई सजाकर जहां बड़ी बहनों ने दुलार किया। वहीं बड़े भाईयों ने अपनी छोटी बहनों को आशीर्वाद स्वरूप साथ देने का वचन दिया।

गुरुवार को शहर में रक्षाबंधन त्यौहार पारंपरिक रूप से मनाया गया। भाईयों की कलाई सजाते बहनों की जहां आंखे भर आई। वहीं उनका उत्साह दोगुना रहा। भाई-बहनों के बीच प्रगाढ़ संबंधों को देखकर मां-बाप एवं परिजनों की आंखे भी भर आई। राखी बांधने के बाद भाईयों ने मनचाहा उपहार देकर खुशियों की झड़ी लगा दी। बहनों को रक्षाबंधन पर साड़ी, जेवर के साथ अन्य तोहफे दिए गए। बहनों की मौजूदगी से घरों में दिनभर चहल-पहल रही। बहनों ने भाईयों को राखी बांधकर मुंह मीठा कराया।

कहीं-कहीं दिखी मायूसी
सावन मास के आखिरी दिनों में जिलेभर में मूसलाधार बारिश होने से अधिकांश नदी-नाले उफान पर बने हुए हैं। वहीं ट्रेनों के रद्द होने के चलते रक्षाबंधन के लिए कई घरों में बहनों की गैरमौजूदगी से भाईयों की कलाईयां सूनी रही। बसें और ट्रेनों के रोक के चलते लोग इस त्यौहार पर घरों में नहीं पहुंच पाए। बहनों के लिए भाईयों के हाथ में राखी बांधने की ख्वाहिश ट्रेनों के रद्द होने और बारिश के चलते रास्ते बंद होने के चलते सिमटकर रह गई। भाईयों को भी अपनी बहनों की कमी खली। रक्षाबंधन पर्व एकमात्र ऐसा त्यौहार है, जब भाई-बहन एक-दूसरे के प्रति अपने अटूट प्रेम का भाव प्रदर्शित करते हैं।

भाजपा महिला मंडल मोर्चा ने जवानों को बांधी राखी
रक्षाबंधन पर्व पर पुलिस महकमे के जवानों को भाजपा महिला नेत्रियों ने राखी बांधकर इस पर्व की महत्ता को जाहिर किया। भाजपा महिला मंडल मोर्चा की रेखा मेश्राम, पूर्णिमा साहू समेत अन्य महिलाओं ने  पुलिस लाईन पहुंचकर जवानों को राखी बांधी। इस दौरान जवानों ने महिला मोर्चा की महिलाओं को उपहार  भी भेंट की।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news