रायपुर

तिरंगा अभियान, झंडा-बांस की किल्लत, लेकिन उत्साह भी, अब लक्ष्य 25 लाख घरों का
11-Aug-2022 5:38 PM
 तिरंगा अभियान, झंडा-बांस की किल्लत, लेकिन उत्साह भी, अब लक्ष्य 25 लाख घरों का

अब 25 लाख घरों में लगाने टारगेट, रैलियां भी निकलेंगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भाजपा का हर घर तिरंगा अभियान तेजी से चल रहा है। इस अभियान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल यह है कि झंडे कम पड़ गए हैं, और गुजरात से झंडा मंगाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। यही नहीं, पार्टी ने जितने घरों पर झंडा लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, उससे कहीं ज्यादा झंडे वितरित भी हो चुके हैं।

हर घर तिरंगा अभियान के लिए पार्टी ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को प्रदेश का संयोजक बनाया है। इस कड़ी में 13 अगस्त से 15 अगस्त 10 लाख घरों पर झंडा लगाने का लक्ष्य दिया गया है। झंडा लगाने की मुहिम तेजी से चल रही है। शहरों में लोगों को जागरूक करने के लिए यात्राएं भी निकाली गई है। इस अभियान को अभूतपूर्व सफलता मिलती दिख रही है।

झंडा लेने के लिए लोगों की भीड़ पार्टी दफ्तर, और अन्य निर्धारित स्थलों में पहुंच रही है। चूंकि पूरे देश में अभियान चल रहा है। इसलिए  झंडों की भारी कमी देखने को मिल रही है। पूर्व मंत्री श्री अग्रवाल ने अपने संपर्कों से अहमदाबाद, सूरत के मिलों से 10 लाख से अधिक झंडा मंगवाने में सफल रहे, लेकिन डिमांड बढ़ती जा रही है। अब 25 लाख घरों पर झंडा लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यही नहीं, बांस की भी कमी पड़ गई थी। जिसे दूर करने के लिए वन विभाग, और अन्य विक्रेताओं से संपर्क किया गया है। अकेले रायपुर जिले में ही दो लाख बांस बुलाए गए हैं।

पूर्व मंत्री की पहल पर स्कूलों को मुफ्त झंडा उपलब्ध कराया जा रहा है। सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, और पार्टी पदाधिकारी झंडा बांटने में लग गए हैं। सभी जिलों, और मंडलों में जिले के पदाधिकारी लगातार बैठक ले रहे हैं, और झंडा वितरण अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।  आदिवासी, और दूर-दराज के इलाकों में बारिश के बावजूद झंडा पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है। खुद बृजमोहन अग्रवाल लगातार पार्टी नेताओं से चर्चा कर रहे हैं, और कमियों को दूर करने के लिए व्यक्तिगत तौर पर पहल भी कर रहे हैं।

पार्टी ने 13 तारीख को हर गली-मोहल्लों में रैली निकालने का फैसला किया है। इसके लिए भी दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। जानकारों का दावा है कि इस बार आजादी का अमृत महोत्सव को भव्य तरीके से मनाया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news