बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 11 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी पूर्व विधायक संतोष बाफना एवं नगरनार मंडल अध्यक्ष सुब्रतो विश्वास की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्राम पंचायत आड़ावाल से हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और लगभग 1500 तिरंगे झंडे कार्यकर्ताओं को सौंपे गए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री बाफना ने कार्यकर्ताओं को संबोधित कर कहा कि, हर घर तिरंगा अभियान हर भारतवासी का अभियान है। इस अभियान से हर व्यक्ति को जुडऩा चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान से लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना बढ़ेगी और राष्ट्रप्रेम बढ़ेगा। हम एक साथ आएं और अपने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को याद करें कि, किस तरह हमारे पूर्वजों ने इस देश की आजादी के अपने प्राणों की आहुतियां दी।
हर घर तिरंगा अभियान आजादी के 75 वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में देशभर में मनाया जा रहा है। बाफना ने उपस्थित कार्यकर्ताओं व आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में 15 अगस्त तक सभी अपने घरों पर तिरंगा झंडा लगायें और इसके लिए दूसरे लोगों को भी प्रेरित करें।
मंडल अध्यक्ष सुब्रतो विश्वास के द्वारा कहा गया कि, पूरे देश के अंदर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान कि शुरुआत की है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रधानमंत्री ने पूरे राष्ट्र में देश भक्ति की एक नई चेतना जगाने का काम किया है। देश के नागरिक होने के नाते हम सभी का कर्तव्य बनता है कि पूरे जोश के साथ इस अभियान से अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ा जाए। प्रत्येक मकान और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाए। एवं हमें इस अभियान के माध्यम से जन-जन को भारत की आजादी और उसके महत्त्व से अवगत कराने का कार्य भी करना है। कार्यक्रम में अर्जुन सेठिया, राधेश्याम पेन्द्रे, रमेश मिश्रा, रूपेश समरथ, गणेश नागवंशी, महेंद्र सेठिया, विकास सिकदर, जयंत जोशी, लाला राम पटेल, गुप्तेश्वर नायडू, पीलूराम भारती, मुरलीधर मानिकपुरी, धनराज नायडू व बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।