महासमुन्द

महासमुंद में बारिश के बीच शान से लहराया तिरंगा
16-Aug-2022 3:59 PM
महासमुंद में बारिश के बीच शान से लहराया तिरंगा

शहीदों के परिजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी पुरस्कृत

संसदीय सचिव विनोद ने किया ध्वजारोहण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 अगस्त।
जिला मुख्यालय में  स्वतंत्रता दिवस समारोह बारिश के बीच आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव एवं महासमुंद विधायक विनोद  सेवनलाल चंद्राकर ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित किया गया। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक भोजराज पटेल, सीईओ जिला पंचायत एस आलोक, वनमण्डलाधिकारी पंकज राजपूत ने मुख्य अतिथि का  स्वागत किया।

मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। पुलिस, नगर सैनिक, एनसीसी,एनएसएस, स्काउट गाइड की टुकडिय़ों ने सलामी दी। मुख्य अतिथि श्री चंद्राकर ने मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया और शांति के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े। कार्यक्रम में  संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने शहीद के परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल पूछा और उन्हें शॉल एवं श्रीफल से सम्मानित किया। इसके अलावा महासमुंद सहित बागबाहरा, बसना, पिथौरा और सरायपाली तहसील के पुलिस सहित विभिन्न विभागों के लगभग 180 अधिकारी-कर्मचारी को  प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री चंद्राकर ने परेड में उत्कृष्ट मार्च पास्ट करने वाले टुकडिय़ों को भी सम्मानित किया। इनमें प्रथम स्थान  पर जिला पुलिस बल,दूसरा प्लाटून, द्वितीय स्थान पर जिला पुलिस बल का पहला प्लाटून, तृतीय स्थान पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल रहा। इसी तरह परेड गैर सशस्त्र बल समूह में प्रथम स्थान पर सीनियर डिवीजन एनसीसी, द्वितीय जूनियर डिवीजन एनसीसी एवं तृतीय स्थान पर एनएसएस महाविद्यालय को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, जनपद अध्यक्ष यतेन्द्र साहू, जिला स्काउट गाइड  के अध्यक्ष दाऊलाल चंद्राकर के अलावा जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक समेत अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। इस जिला स्तरीय समारोह में जिला जनसम्पर्क कार्यालय में कार्यरत वाहन चालक तुलाराम गायकवाड़ को उनके उत्कृष्ट कार्य सम्पादित करने पर संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद चंद्राकर ने मंच से पुरस्कृत किया। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर डा. नेहा कपूर, जनसम्पर्क अधिकारी शशिरत्न पाराशर, हेमनाथ सिदार,अधिकारी-कर्मचारी सहित मीडियाकर्मी भी उपस्थित थे। श्री गायकवाड़ को जनसम्पर्क संचालनालय के अधिकारियों द्वारा बधाई दी गई।

नगरपालिका में अध्यक्ष राशि महिलांग, जनपद में यतेन्द्र साहू, कलेक्टोरेट में कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर, कांग्रेस भवन में डॉ.रश्मि चंद्राकर, पुलिस मुख्यालय में एस पी भोजराम पटेल, प्रेस क्लब में उत्तरा विदानी ने ध्वजारोहण किया। प्रेस क्लब में ध्वजारोहण के दौरान उपाध्यक्ष संजय यादव,महासचिव बिपिन दुबे, कोषाध्यक्ष विजय चौहान, सहसचिव अमित हृषिकर, प्रचार मंत्री प्रभात महंती, सांस्कृतिक सचिव रवि विदानी, कार्यकारिणी कुंजू रात्रे, संजय महंती, पूर्व अध्यक्ष आनंद साहू पत्रकारश्री, रत्नेस सोनी, देवी चंद राठी, सोहेल अकरम, आगंतुक सुरेश हठीले प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

इसी तरह कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने स्वतंत्रता दिवस पर जिला कार्यालय कलेक्टोरेट परिसर में झंडा फहराया। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को 75 वीं स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने अपने सरकारी निवास पर में भी झंडा फहराया।

इससे पहले जिला प्रशासन व खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में 14 अगस्त को आयोजित स्वतंत्रता दौड़ को संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाद इसके संसदीय सचिव श्री चंद्राकर सहित कलेक्टर-एसपी सहित नागरिकों ने दौड़ लगाई। बीते 14 अगस्त को ही महासमुंद जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में राज्य सरकार के आह्वान पर हमर तिरंगा अभियान में हर आम और खास पूरे जोशो खरोश से जुडक़र गांव-गांव, शहर-शहर, घर-घर संस्थाओं और प्रतिष्ठानों में भी लोग तिरंगा फहराया। बीते 13 अगस्त को कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर और पुलिस अधीक्षक भोजराज पटेल ने परेड की फूलड्रेस रिहर्सल सलामी ली।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news