कांकेर

सुरक्षा बलों के कैम्प खुलने से विकास कार्यों में तेजी आ रही है- सुंदरराज
08-Sep-2022 6:48 PM
सुरक्षा बलों के कैम्प खुलने से विकास कार्यों में तेजी आ रही है-  सुंदरराज

आईजी, कलेक्टर, एसपी ने लगाई चौपाल, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

कांकेर, 8 सितंबर। जिले के दूरस्थ एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्र आमाबेड़ा के ग्राम अर्रा में इमली पेड़ की छांव में पुलिस अधिकारियों एवं कलेक्टर ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा उनके निराकरण के लिए भरोसा दिलाया।

बस्तर के आईजी सुन्दरराज पी., कलेक्टर कांकेर डॉ. प्रियंका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक कोंडागांव  दिव्यांग पटेल ने ग्रामीणों से उनके हालचाल पूछा। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा बलों के कैम्प खुलने से विकास कार्यों में तेजी आ रही है, सड़क, पुल-पुलियों का निर्माण हो रहा है। कैम्प के जवान ग्रामीणों की सुरक्षा में 24 घंटे तैनात हैं। ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी निभायें।

कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने महिलाओं से चर्चा करते हुए महिला स्व-सहायता समूह के गतिविधियों की जानकारी ली तथा आमदनी बढ़ाने के लिए आयमूलक कार्य करने के लिए समझाईंश दिया। स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की बैठक के लिए गांव के सामुदायिक भवन को उपलब्ध कराने के लिए ग्राम पंचायत के सरपंच  रमेश मंडावी को निर्देशित किया। ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि गांव के कक्षा 08वीं उत्तीर्ण एवं 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं को विभिन्न ट्रेड में नि:शुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण देकर शत-प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

इस संबंध में इच्छुक युवाओं के कांउसलिंग के लिए एसडीएम अंतागढ़ को आवश्यक निर्देश दिए गए। ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या बताई गई, जिसे दूर करने के लिए पी.एच.ई. के अधिकारियों की टीम ग्राम अर्रा भेजा जाएगा।  किसानों को सिंचाई के लिए सौर सुजला योजना अंतर्गत लाभान्वित किया जायेगा। युवाओं की मांग पर उन्हें फुटबॉल, वॉलीबाल एवं क्रिकेट के खेल सामग्री का वितरण भी किया गया। पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को अपने बीच पाकर ग्रामीण बेहद गदगद हुए। उन्होंने परंपरागत रूप से चावल का टीका लगाकर एवं पुष्प भेंट कर अधिकारियों का स्वागत किया।

स्कूल एवं स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण

पुलिस महानिरीक्षक  सुन्दरराज पी., कलेक्टर कांकेर डॉ. प्रियंका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा और पुलिस अधीक्षक कोंडागांव दिव्यांग पटेल ने आज ग्राम अर्रा के प्राथमिक विद्यालय एवं हाईस्कूल तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने कक्षा 5वीं एवं 9वीं के बच्चों को पढ़ाया तथा उन्हें अच्छा पढ़ाई करने के लिए समझाईंश दी। प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को गिनती, कविता एवं अंग्रेजी के वर्णमाला को पढ़ कर सुनाने कहा।

हाई स्कूल के बच्चों को समझाईश देते हुए पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा कि हमेशा सोच-समझ कर निर्णय लें तथा भविष्य संवारने के लिए कड़ी मेहनत के साथ अच्छा पढ़ाई करें। प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल के विद्यार्थियों को कॉपी, पेन एवं खेल सामग्री क्रिकेट बैट, वॉलीबाल, फुटबॉल, नेट इत्यादि का भी वितरण किया गया। अधिकारियों ने उप स्वास्थ्य केन्द्र अर्रा का भी निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य केंद्र में दवाईयों की उपलब्धता एवं ग्रामीणों के उपचार की जानकारी लिया तथा जचकी कक्ष और शौचालय को ठीक कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केंद्र के प्रवेश द्वार तक सीढ़ी बनाने के लिए ग्राम पंचायत के सरपंच को निर्देशित किया गया। उप स्वास्थ्य केन्द्र के सी.एच.ओ.संगीता नाग द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सुमीत अग्रवाल तथा अंतागढ़ के अनुविभागीय अधिकारी के.एस.पैकरा भी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news