रायगढ़

रायगढ़ में रोकी गई साउथ बिहार, यात्रियों का हंगामा
22-Sep-2022 4:44 PM
रायगढ़ में रोकी गई साउथ बिहार, यात्रियों का हंगामा

उत्कल डायवर्ट, घेरा स्टेशन मास्टर को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़,  22 सितंबर।
साउथ बिहार एक्सप्रेस को रायगढ़ में अचानक रद्द कर दिए जाने के बाद यात्रियों ने स्टेशन मास्टर को घेर लिया है। यात्री वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं। हंगामे को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की टीम भी मानने में लगी है। लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं है।

पश्चिम बंगाल में हो रहे रेल रोको आंदोलन का असर है की रायगढ़ में साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया गया है। यहां से यात्रियों को वापस किया जा रहा है। यात्रियों को अभी तक आंदोलन के बारे में पता तक नहीं था। जैसे ही उन्हें रायगढ़ में साउथ बिहार को रद्द करने की जानकारी दी गई। यात्री भडक़ उठे। अब हंगामा इस कदर बरपा की रेलवे इसे संभाल नहीं पा रही है।

पूर्वी भारत के कई हिस्सों में कुर्मी समुदाय के लोगों ने मंगलवार को एसटी का दर्जा देने और कुरमाली भाषा को संविधान की आठवीं सूची में शामिल करने की अपनी मांग को लेकर पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में रेलवे पटरियों पर आवागमन बाधित किया और सडक़ें जाम कर दी हैं। आंदोलनकारी कई स्थानों पर पटरियों पर बैठ गये, जिससे कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। बुधवार को भी आंदोलन जारी है।

इधर एसईसीआर में साउथ बिहार एक्सप्रेस को रायगढ़ में रोका गया। उत्कल एक्सप्रेस को झारसुगुड़ा के रास्ते डायवर्ट किया गया है। साउथ बिहार में सफर कर रहे यात्रियों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है की वे आगे का सफर कैसे करेंगे। इस कारण स्टेशन में गहमा गहमी की स्थिति बनी हुई है। लोग लगातार आगे की यात्रा के लिए सुविधा की मांग कर रहे हैं।

ओडिशा बंगाल में स्थिति बिगड़ी
खडग़पुर डिवीजन के नीमडीह रेलवे स्टेशन और आद्रा डिवीजन के कौस्तुर रेलवे स्टेशन पर लोगों ने रोड जाम कर दिया। पश्चिम बंगाल के खेमाशोली स्टेशन के पास कुड़मी समाज के हजारों लोगों ने रेल चक्का जाम कर दिया। दक्षिण-पूर्व रेलवे (एसइआर) के आद्रा मंडल के कुस्तौर और निमडीह स्टेशनों, खडग़पुर मंडल के खेमासुली और भांजपुर तथा चक्रधरपुर मंडल के औनलाजोरी स्टेशन पर आंदोलन के कारण दो दिनों से  ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
 


अन्य पोस्ट