राजनांदगांव
राजनांदगांव, 24 सितंबर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के युवा नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमरजीत सिंह चावला की उस चुनौती को स्वीकार कर लिया है। जिसमें उन्होंने भाजपा के किसी भी नेता को 52 किलोमीटर की पदयात्रा एक दिन में करने का चैलेंज किया था। एक बयान में भाजयुमो के प्रदेश आमंत्रित सदस्य समीर श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने एक दिन में 52 किलोमीटर की यात्रा की थी, जिसे चावला ने भाजपा के लिए एक चुनौती बताया था और टीवी चैनल में यह कहा था कि भाजपा का कोई भी नेता या माई का लाल पदयात्रा करके दिखाए। भाजयुमो कार्यकर्ता समीर श्रीवास्तव ने बताया कि वे अपने युवा साथियों के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मतिथि 25 सितंबर को राजनांदगांव से सुबह 7 बजे प्रस्थान करेंगे। समीर के साथ जिला भाजयुमो के सहकोषाध्यक्ष रोहित मानकानी व जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी खोमन मेश्राम भी पदयात्रा में शामिल होंगे। इस पदयात्रा को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव एवं भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह द्वारा झंडी दिखाया जाएगा।