रायपुर

राज्योत्सव 1-3 नवम्बर तक साइंस कॉलेज मैदान में
29-Sep-2022 2:27 PM
राज्योत्सव 1-3 नवम्बर तक साइंस कॉलेज मैदान में

आदिवासी नृत्य महोत्सव भी साथ-साथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 सितंबर।
मुख्य सचिव  अमिताभ जैन ने  महानदी भवन से 22वें राज्योत्सव और राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली।  छत्तीसगढ़ राज्योत्सव एक नवम्बर से तीन नवम्बर तक साइंस कॉलेज मैदान रायपुर में आयोजित होगा। बैठक में डीजीपी अशोक जुनेजा भी मौजूद थे।

मुख्य सचिव ने  एक नवम्बर को राज्य अलंकरण समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान किए जाने वाले सम्मान एवं पुरस्कारों के संबंध में सभी आवश्यक जानकारी 15 अक्टूबर तक सामान्य प्रशासन विभाग को प्रस्तुत करने के निर्देश दिये है।
मुख्य सचिव ने राज्योत्सव स्थल साईंस कॉलेज मैदान में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं एवं तैयारियां करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। समारोह आयोजन समन्वय समिति का शीघ्र गठन करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने भारत के सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा। आमंत्रण हेतु राज्य के जनप्रतिनिधि विभिन्न राज्यों में जायेंगे।

राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के प्रतिभागी कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था के संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए है। महोत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, अग्निशमन दल, शौचालय इत्यादि व्यवस्था करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। बैठक में राज्य स्तरीय मानस मंडली 2023 के आयोजन के संबंध में भी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये गये। राज्य स्तरीय मानस मंडली फरवरी 2023 में होगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक में संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी. सहित  सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news