राजनांदगांव

सरकार की योजनाओं को पहुंचाएं जरूरतमंदों तक
29-Sep-2022 3:16 PM
सरकार की योजनाओं को पहुंचाएं जरूरतमंदों तक

एक नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

राजनांदगांव, 28 सितंबर। जिला किसान कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद पहली बैठक गत् दिनों ग्राम पंचायत किरगी में संपन्न हुई। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार राज्य में कई महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम कर रही है। आप सभी को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इसलिए ही मिली है कि आप सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाएं और उनकी मदद करें।

जिला अध्यक्ष मदन साहू ने बताया कि उक्त बैठक में गौठान समिति के गठन, धान खरीदी केंद्रों में समिति गठन सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। गौरतलब है कि इस बार भूपेश सरकार ने एक नवंबर से धान खरीदी शुरु किए जाने की घोषणा की है। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने इस फैसले पर हर्ष व्यक्त किया।

मदन साहू ने कहा कि धान खरीदी के लिए केंद्रों में तैयारियां शुरु हो गई है। इसे लेकर पदाधिकारियों ने बैठक में सुझाव भी दिए हैं। शासन-प्रशासन को इससे अवगत कराया जाएगा। बैठक में अन्य विषयों पर चर्चा करते रणनीति तैयार की गई। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव, जिला किसान कांग्रेस के संरक्षक गुलाब वर्मा, मदन मोहन साहू, कोषाध्यक्ष टीकम साहू, छुरिया जनपद सदस्य भुनेश्वरी साहू, डोंगरगांव जनपद सदस्य दीपिका साहू, महामंत्री राजेंद्र साहू, सुमन साहू, हेमंत साहू, मीडिया प्रभारी पुरुषोत्तम साहू, बेला साहू, ओमप्रकाश साहू, जयचंद साहू, ब्लॉक अध्यक्ष व समस्त पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जिला किसान कांग्रेस के मीडिया प्रभारी गौतम वर्मा ने दी।


अन्य पोस्ट