राजनांदगांव

सहारा के 13 सौ निवेशकों को लौटाए 93 लाख
30-Sep-2022 1:09 PM
सहारा के 13 सौ निवेशकों को लौटाए 93 लाख

प्रशासन ने चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई करते निवेशकों को दी आर्थिक राहत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 सितंबर।
सहारा इंडिया कंपनी के निवेशकों को प्रशासन की दखल के बाद डूबी रकम वापस मिलने लगी है। प्रशासन ने चिटफंड कंपनियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए निवेश करने वाले लोगों को आर्थिक राहत देने के इरादे से रकम वापसी का सिलसिला शुरू किया है। इसी कड़ी में सहारा इंडिया के 1366 निवेशकों को अब तक 93 लाख 50 हजार रुपए लौटाए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार शासन की मंशा के अनुरूप चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई करते निवेशकों को उनकी राशि वापस लौटाई जा रही है। कलेक्टर डोमन सिंह के दिशा-निर्देशन में लगातार सहारा इंडिया कंपनी के निवेशकों को उनकी निवेश की राशि वापस की जा रही है। सहारा इंडिया कंपनी से निवेश की राशि मिलने से नागरिकों में जिला प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। सहारा इंडिया कंपनी के कुल 6 हजार 381 निवेशकों में से एक हजार 772 निवेशकों का सत्यापन सहारा इंडिया कंपनी से कराया गया। इसके बाद निवेशकों को भुगतान के लिए तहसीलदारों को कुल 2 करोड़ 30 लाख रुपए उपलब्ध कराया गया है। जिसमें से अब तक कुल एक हजार 366 निवेशकों को 93 लाख 50 हजार का भुगतान किया जा चुका है। शेष 440 निवेशकों के भुगतान की कार्रवाई जारी है।

जिला कार्यालय को तहसीलदारों द्वारा सत्यापन हेतु शेष 4 हजार 609 निवेशकों में तहसील मोहला व अंबागढ़ चौकी, छुरिया एवं डोंगरगांव से एक हजार 887 निवेशकों की सूची प्रस्तुत की गई है, जिसे सहारा इंडिया कंपनी से सत्यापन कराए जाने के लिए कंपनी को प्रेषित किया जा रहा है। सहारा इंडिया कंपनी से सूची सत्यापन होने के बाद तत्काल संबंधित निवेशकों को उनके द्वारा निवेश की गई रााशि का 25 प्रतिशत भुगतान की कार्रवाई की जाएगी। तहसील राजनांदगांव, डोंगरगढ़, खैरागढ़ एवं छुईखदान में दस्तावेजों का मिलान व सत्यापन का कार्य जारी है।

कलेक्टर डोमन सिंह ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को सत्यापन संबंधी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराये जाने के सख्त निर्देश दिए हैं। निवेशकों की सूची सहारा इंडिया कंपनी को प्रेषित कर सत्यापन की कार्रवाई कराई जा सके। कलेक्टर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को खैरागढ़ एवं छुईखदान के निवेशकों की सूची संबंधित तहसीलदारों से सत्यापन की कार्रवाई कराकर जिला कार्यालय राजनांदगांव को उपलब्ध कराने पत्र प्रेषित किया गया है।

सहारा इंडिया कंपनी के निवेशकों को भुगतान की प्रगति
जिला प्रशासन द्वारा सहारा इंडिया के एक हजार 772 निवेशकों को 2 करोड़ 30 लाख 83 हजार 659 रुपए के भुगतान का लक्ष्य है। अब तक सहारा इंडिया के एक हजार 366 निवेशकों को 93 लाख 50 हजार 215 रुपए का भुगतान किया जा चुका है। अब तक राजनांदगांव तहसील अंतर्गत 774 निवेशकों को 65 लाख 5 हजार 141 रुपए, छुरिया तहसील के 270 निवेशकों को 15 लाख 3 हजार 175 रुपए, डोंगरगढ़ के 293 निवेशकों को 11 लाख 82 हजार 32 रुपए तथा छुईखदान तहसील के 29 निवेशकों को एक लाख 59 हजार 867 रुपए का भुगतान किया गया है। वहीं राजनांदगांव तहसील के एक हजार 42 निवेशकों को एक करोड़ 85 लाख 74 हजार 868 रुपए, छुरिया तहसील के 312 निवेशकों को 17 लाख 63 हजार 144 रुपए, डोंगरगढ़ तहसील के 383 निवेशकों को 25 लाख 67 हजार 134 रुपए तथा छुईखदान तहसील के 35 निवेशकों को एक लाख 78 हजार 513 रुपए के भुगतान का लक्ष्य है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news