कोरिया

कलश यात्रा के साथ भागवत कथा शुरू
07-Nov-2022 3:36 PM
कलश यात्रा के साथ भागवत कथा शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 7 नवंबर। 
कोरिया जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर में भक्ति की बयार चल पड़ी है, शहर में दो-दो स्थानों पर भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कुछ ही दूरी के अंतराल में दो धार्मिक कार्यक्रम चलेंगे,  एक जगह श्रीमद भागवत कथा तो दूसरी जगह पर संगीतमय श्री राम कथा का आयोजन हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के प्राचीन ऐतिहासिक प्रेमाबाग मंदिर परिसर में श्रीमद भागवत कथा की शुरूआत 6 नवंबर को विशाल कलश यात्रा के साथ शुरू हुई जिसके बाद प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 7 बजे तक कथा व्यास श्याम नारायणाचार्य वृंदावन वाले के द्वारा श्रीमद भागवत कथा सुनाई जायेगी जो आगामी 13 नवंबर तक चलेगा।

श्रीमद भागवत कथा प्रारंभ होने के दूसरे दिन 7 नवंबर से गढेलपारा स्थित मंगलम कम्पाउण्ड में नौ दिवसीय संगीतमय श्री राम कथा का आयोजन की शुरूआत हो गई है। पहले दिन पूर्वान्ह में कार्यक्रम स्थल से विशाल कलश यात्रा निकाली गयी जो गढेलपारा से होते हुए शहर के विभिन्न मार्ग का भ्रमण का कार्यक्रम स्थल पर आकर समाप्त हुई।  इसके बाद  8 नवंबर से प्रतिदिन श्री राम की कथा व महिला चलेगी जो 16 नवंबर तक प्रतिदिन संचालित होगी।

जानकारी के अनुसार 7 नवंबर को कलश यात्रा के साथ ही दूसरे दिन 8 नवंबर को श्री राम नाम महिमा, 9 नवंबर को शिव पार्वती विवाह, 10 नवंबर को श्री राम जन्म, 11 नवंबर को बाललीला 12 नवंबर को श्री सीता रामा विवाह महोत्सव 13 नवंबर को केवट प्रेम, 14 नवंबर को श्री राम मंगल यात्रा, 15 नवंबर को भरत चरित्र एवं शबरी प्रेम 16 को सुन्दर कांड एवं राम राज्याभिषेक किया जायेगा इसके दूसरे दिन 17 नवंबर को हवन पूज के बाद स्थल पर भण्डारा कार्यक्रम के साथ समापन होगा।

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कलश यात्रा निकाली। यह आयोजन जन कल्याण समिति बैकुण्ठपुर द्वारा आयोजित की जा रही है। यहां प्रतिदिन दोपहर 2.30 से साम 6 बजे तक कथा संचालित होगी। दीपू महाराज के द्वारा श्रद्धालुओं को श्री राम कथा सुनाई जाएगी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news